Wallmart Raises Stake In Flipkart: वॉलमार्ट (Walmart) ने ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म फ्लिपकार्ट (Flipkart) में 11520 करोड़ रु का निवेश किया है। वॉलमार्ट ने इस निवेश से फ्लिपकार्ट में हेड फंड टाइगर ग्लोबल (Tiger Global) की हिस्सेदारी खरीद ली है। वॉलमार्ट ने 2018 में लगभग 16 अरब डॉलर (आज के हिसाब से 1.31 लाख करोड़ रु) के निवेश से फ्लिपकार्ट की अधिकांश 77 फीसदी हिस्सेदारी खरीद ली थी। वॉलमार्ट ने उसी साल यह भी कहा था कि वह चार साल में फ्लिपकार्ट को पब्लिक कर सकती है।
कितनी है फ्लिपकार्ट की वैल्यू
वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के अनुसार टाइगर इंवेस्टमेंट ने अपने निवेशकों को फ्लिपकार्ट में हिस्सेदारी बेचने की जानकारी दे दी है। रिपोर्ट के अनुसार 2021 में जापान के सॉफ्टबैंक (Softbank), अमेरिकी रिटेलर वॉलमार्ट और अन्य निवेशकों को अपने शेयर बेचने के बाद नई ट्रांजेक्शन से ई-कॉमर्स फर्म फ्लिपकार्ट की वैल्यू लगभग 38 बिलियन डॉलर (3.12 लाख करोड़ रु) से 35 बिलियन डॉलर (2.88 लाख करोड़ रु) पर आ गई है।
कितनी थी टाइगर ग्लोबल के पास हिस्सेदारी
इस साल की शुरुआत में इकोनॉमिक्स टाइम्स की एक रिपोर्ट में जिक्र किया गया था कि प्राइवेट इक्विटी फर्म एक्सेल (Accel) और टाइगर ग्लोबल, फ्लिपकार्ट में अपनी बची हिस्सेदारी वॉलमार्ट को बेचने के लिए बातचीत कर रही थीं। एक्सेल और टाइगर ग्लोबल फ्लिपकार्ट के शुरुआती निवेशकों में शामिल हैं।
ईटी की रिपोर्ट के मुताबिक टाइगर ग्लोबल के पास फ्लिपकार्ट की लगभग 4% हिस्सेदारी थी।
टाइगर ग्लोबल ने कई कंपनियों में बेची हिस्सेदारी
पब्लिक और प्राइवेट मार्केट्स में टेक्नोलॉजी वैल्यूएशन में गिरावट के कारण उथल-पुथल दिखी है। इसी बीच टाइगर ग्लोब ने अपने पोर्टफोलियो की कई कंपनियों में अपने शेयरों का बड़ा हिस्सा बेचा है। भारत में, यह लिस्टेड लॉजिस्टिक्स कंपनी डेल्हीवेरी (Delhivery) और ऑनलाइन बीमा बाज़ार पीबी फिनटेक (Policy Bazaar) से बाहर निकल गई है।
टाइगर ग्लोबल ने Zomato में भी अपनी हिस्सेदारी घटाई है।
