बिजनेस

बैंक खाता नहीं है तो भी भेज सकेंगे 50 हजार रुपये, RBI ने बदले मनी ट्रांसफर के नियम, जानें कैसे मिलेगी सुविधा

RBI ने घरेलू मनी ट्रांसफर के नियम बदले हैं। अब बिना बैंक खाते के NEFT से 50 हजार रुपये भेज सकेंगे। जानें ATM, BC और कैश ट्रांसफर की लिमिट।

Image

बिना बैंक खाते के भेज सकेंगे 50 हजार रुपये

Photo : PTI

अब किसी के पास बैंक खाता नहीं है, तब भी वह दूसरे व्यक्ति के बैंक खाते में 50 हजार रुपये तक भेज सकेगा। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने घरेलू धन हस्तांतरण यानी डोमेस्टिक मनी ट्रांसफर (DMT) के नियमों में बदलाव किया है। नए दिशानिर्देशों के तहत बैंक शाखा में जाकर बिना खाता खुलवाए भी NEFT के जरिए पैसे भेजे जा सकेंगे। यह सुविधा खासतौर पर प्रवासी मजदूरों और उन लोगों के लिए फायदेमंद होगी, जिनकी बैंकिंग सेवाओं तक पहुंच सीमित है।

बिना बैंक खाते के कैसे भेज सकेंगे 50 हजार रुपये?

RBI के नए नियमों के मुताबिक, कोई भी व्यक्ति बैंक शाखा में जाकर NEFT के माध्यम से किसी दूसरे व्यक्ति के बैंक खाते में एक बार में 50,000 रुपये तक भेज सकता है। इसके लिए खुद का बैंक खाता होना जरूरी नहीं होगा। इस व्यवस्था का मकसद छोटे और घरेलू धन हस्तांतरण को आसान बनाना है, ताकि जिन लोगों के पास पहचान या पते से जुड़े दस्तावेज नहीं हैं, वे भी औपचारिक बैंकिंग व्यवस्था का इस्तेमाल कर सकें।

बैंकिंग प्रतिनिधि और ATM से भी भेज सकेंगे पैसे

PTI/भाषा के मुताबिक बैंक चाहें तो बिना बैंक खाता वाले लोगों को बैंकिंग प्रतिनिधियों (BC) और ATM के जरिए भी पैसे भेजने की सुविधा दे सकते हैं। हालांकि, इस माध्यम से एक बार में अधिकतम 5,000 रुपये भेजे जा सकेंगे। वहीं, एक व्यक्ति के लिए महीनेभर में पैसे भेजने की कुल सीमा 25,000 रुपये तय की गई है।

बिना खाते वाले व्यक्ति को मिल सकेगा कैश

RBI ने खाताधारकों के लिए भी एक खास सुविधा की अनुमति दी है। इसके तहत बैंक अपने ग्राहक के खाते से पैसे निकालकर किसी ऐसे व्यक्ति को नकद भुगतान कर सकते हैं, जिसका बैंक में खाता नहीं है। यह सुविधा ATM, बैंकिंग प्रतिनिधियों या अन्य अधिकृत माध्यमों से दी जा सकेगी। इसमें एक बार में अधिकतम 10,000 रुपये नकद दिए जा सकेंगे। एक लाभार्थी के लिए इसकी मासिक सीमा 25,000 रुपये होगी।

धोखाधड़ी रोकने के लिए बैंकों को निगरानी के निर्देश

RBI ने बैंकों और गैर-बैंकिंग संस्थाओं को इन लेनदेन पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए हैं। खातों में असामान्य रूप से ज्यादा रकम जमा होने या लेनदेन की संख्या अचानक बढ़ने पर जांच करनी होगी। संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी संबंधित अधिकारियों को भी देनी होगी। इस सुविधा के तहत पैसे का ट्रांसफर वास्तविक समय में या उसके करीब होगा। वहीं, एक कार्ड से दूसरे कार्ड में होने वाले ट्रांसफर इन नियमों के दायरे में नहीं आएंगे।

Pradeep Pandey
प्रदीप पाण्डेयauthor

प्रदीप पाण्डेय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट पर कंटेंट तैयार करते हैं। डिजिटल मीडिया में 10 वर्षों के अनुभव के साथ प्रदीप तकनीक की दुनिया को समझने और उसे आम पाठकों तक सरल व उपयोगी रूप में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। प्रदीप अब तक 11,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। वह गैजेट रिव्यू, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, टेक टिप्स और नवीनतम टेक इनोवेशन पर लगातार काम करते हैं। एआई टूल्स पर एक्सपेरिमेंट करना, नए ऐप्स टेस्ट करना और टेक से जुड़े प्रैक्टिकल सॉल्यूशंस खोजने में उनकी खास रुचि है।

और पढ़ें
End of Article