Walmart layoffs 2025 : अमेरिकी रिटेल दिग्गज Walmart ने अपनी स्ट्रक्चर को सरल बनाने के लिए सैकड़ों स्टोर-सपोर्ट से जुड़े पदों में कटौती की है। ब्लूमबर्ग न्यूज की एक रिपोर्ट के मुताबिक कंपनी ने मार्केट कोऑर्डिनेटर पद को समाप्त कर दिया है, जो कुछ मैनेजर्स की सहायता करते थे। ये मार्केट कोऑर्डिनेटर कॉरपोरेट स्तर के पद होते हैं, जो कीरब दर्जन भर स्टोर मैनेजर्स की देखरेख करने वाले मार्केट मैनेजर्स की मदद करते हैं।
Walmart अकादमी के कोच और कोऑर्डिनेटर पद भी कटौती के दायरे में
रिपोर्ट के मुताबिक, Walmart एकेडमी में काम करने वाले कुछ कोच और कोऑर्डिनेटर पदों में भी कटौती की गई है। यह एकेडमी स्टोर कर्मचारियों और मैनेजर्स को ट्रेनिंग देती है। हालांकि, मार्केट कोऑर्डिनेटर और एकेडमी कोच को स्थानीय स्तर पर स्टोर-लेवल कोच के रूप में काम करने की गारंटी दी गई है।
संचालन को और अधिक सुव्यवस्थित करने का प्रयास
Walmart ने फिलहाल इस मामले में कोई टिप्पणी नहीं की है। यह कदम कंपनी के संचालन को और अधिक सुव्यवस्थित करने की निरंतर कोशिशों को दर्शाता है। मई में, Walmart ने करीब 1,500 नौकरियों में कटौती की घोषणा की थी, जो ग्लोबल टेक्नोलॉजी, ई-कॉमर्स फुलफिलमेंट और विज्ञापन बिजनेस Walmart Connect को प्रभावित करती है।
Walmart के बारे में कुछ महत्वपूर्ण तथ्य
Walmart अमेरिका का सबसे बड़ा निजी नियोक्ता है, जिसके करीब 16 लाख कर्मचारी हैं। वैश्विक स्तर पर इसके कुल कर्मचारियों की संख्या करीब 21 लाख है। फरवरी में कंपनी ने कुछ पदों को समाप्त कर उत्तरी कैरोलिना स्थित अपना कार्यालय बंद कर दिया था और कर्मचारियों को कैलिफोर्निया और अर्कांसस के मुख्य केंद्रों में स्थानांतरित किया था।
कीमतों में बढ़ोतरी का संकेत
मई में Walmart ने कहा था कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प द्वारा लगाए गए उच्च शुल्क (टैरिफ) के कारण कंपनी को कीमतें बढ़ानी पड़ सकती हैं।
