बिजनेस

USD Vs INR: रुपया धड़ाम! डॉलर के मुकाबले 139 पैसे की बड़ी गिरावट, जानें ताजा भाव?

डॉलर के सामने रुपये में आज रिकॉर्ड गिरावट आई है। रुपया खुलता ही धड़ाम हो गया है। ईरान संकट का हल नहीं निकलता देख रुपये में यह गिरावट आई है।

Image

रुपया लुढ़का

USD Vs INR: ईरान संकट गहराने का असर आज रुपये पर हुआ है। अमेरिकी डॉलर के सामने रुपये में बड़ी गिरावट आई है। बता दें कि रुपया सोमवार को शुरुआती कारोबार में 139 पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.90 पर पहुंच गया। अमेरिका के शांति प्रस्ताव पर ईरान की प्रतिक्रिया को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के खारिज करने के बाद कच्चे तेल की कीमतों में तेजी से घरेलू मुद्रा पर दबाव है। करेंसी एक्सपर्ट ने बताया कि अमेरिकी डॉलर के मजबूत रुख और विदेशी पूंजी की भारी निकासी ने रुपये पर और दबाव डाला। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.97 पर खुला। फिर मामूली बढ़त के साथ 94.90 प्रति डॉलर पर आ गया जो पिछले बंद भाव से 139 पैसे की भारी गिरावट है।

ईरान युद्ध फिर शुरू होने की आशंका

ईरान युद्ध फिर शुरू होने की आशंका और अमेरिका द्वारा ईरान के शांति प्रस्ताव को खारिज किए जाने के बाद वैश्विक बाजारों में हड़कंप मच गया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड की कीमतें 4.17% की भारी उछाल के साथ 105.5 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गईं। वहीं, भारतीय शेयर बाजार में भी बड़ी गिरावट है। विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (FPIs) ने शुक्रवार को बाजार से 4,110.60 करोड़ रुपये की भारी निकासी की।

डॉलर ही नहीं, 9 बड़ी मुद्राओं के सामने टूटा रुपया

भारतीय रुपया सिर्फ अमेरिकी डॉलर के मुकाबले ही नहीं, बल्कि दुनिया की लगभग सभी बड़ी मुद्राओं के मुकाबले कमजोर हुआ है। पिछले एक साल में रुपया ऑस्ट्रेलियाई डॉलर के मुकाबले 25% तक टूट चुका है, जबकि चीनी युआन और यूरो के मुकाबले भी इसमें बड़ी गिरावट आई है। इसकी सबसे बड़ी वजह मिडिल ईस्ट तनाव, ईरान-US संघर्ष और कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल है। भारत अपनी जरूरत का ज्यादातर तेल आयात करता है, इसलिए महंगा तेल सीधे रुपये पर दबाव डालता है। दूसरी तरफ विदेशी निवेशकों (FII) की भारी बिकवाली से डॉलर की मांग बढ़ गई, जिससे रुपया और कमजोर हुआ। एक्सपर्ट्स का मानना है कि RBI ने पहले कमजोर रुपये को पूरी तरह रोकने की कोशिश नहीं की, क्योंकि इससे भारतीय निर्यात को फायदा मिलता है। हालांकि अगर तेल की कीमतें और भू-राजनीतिक तनाव बढ़ते रहे तो रुपया 96-97 प्रति डॉलर तक जा सकता है।

शुक्रवार को मजबूत बंद हुआ था रुपया

रुपया शुक्रवार को 71 पैसे मजबूत होकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 93.51 पर बंद हुआ था। इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.20 प्रतिशत की बढ़त के साथ 98.20 पर रहा। घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्स शुरुआती कारोबार 810.35 अंक या 1.05 प्रतिशत टूटकर 76,517.84 अंक पर जबकि निफ्टी 225.40 अंक या 0.93 प्रतिशत फिसलकर 23,950.75 अंक पर आ गया।

अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 4.17 प्रतिशत की तेजी के साथ 105.5 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) शुक्रवार को बिकवाल रहे थे और उन्होंने 4,110.60 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

Alok Kumar
आलोक कुमार author

आलोक कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एसोसिएट एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव रखने वाले आलोक ने अपने पत्रकारिता करियर में कई प्रमुख कॉर्पोरेट इवेंट्स और चर्चित स्टोरीज कवर की हैं। वह बिजनेस, बैंकिंग, शेयर मार्केट और पर्सनल फाइनेंस पर गहरी समझ रखते हैं और जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और पाठक-केंद्रित तरीके से प्रस्तुत करने में माहिर हैं। अब तक आलोक ने लगभग 18,000 स्टोरीज लिखी हैं। उनकी लेखन शैली भरोसेमंद, विश्लेषणात्मक और व्यावहारिक जानकारी देने वाली होती है।

और पढ़ें
End of Article