बिजनेस

AI पर Trump का यूटर्न! Anthropic के Fable और Mythos से प्रतिबंध हटा, ग्लोबल मार्केट में होंगे उपलब्ध

Trump प्रशासन ने एडवांस्ड AI मॉडल्स की ग्लोबल उपलब्धता पर यूटर्न लिया है। कुछ दिन पहले Anthropic के Fable और Mythos पर लगाए प्रतिबंधों को हटा लिया गया है। अब ये मॉडल्स ग्लोबल मार्केट में उपलब्ध होंगे।

Image

एंथ्रोपिक के मॉल्डल्स ग्लोबल मार्केट में होंगे उपलब्ध

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन ने AI टेक्नोलॉजी पर लगाए प्रतिबंधों पर यूटर्न लिया है।अमेरिकी वाणिज्य विभाग (US Commerce Department) ने Anthropic के सबसे एडवांस AI मॉडल Fable और Mythos पर लगाए गए निर्यात प्रतिबंध (Export Controls) वापस ले लिए हैं। इसके बाद कंपनी ने कहा है कि वह जल्द ही इन मॉडल्स की एक्सेस फिर से बहाल करेगी। करीब तीन सप्ताह पहले अमेरिका ने राष्ट्रीय सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए इन मॉडल्स के निर्यात और उपयोग पर रोक लगा दी थी।

राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर लगाया गया था प्रतिबंध

12 जून को अमेरिकी सरकार ने Anthropic को अपने एडवांस AI मॉडल Mythos 5 और Fable 5 की उपलब्धता रोकने का आदेश दिया था। सरकार को आशंका थी कि अत्याधुनिक AI मॉडल का इस्तेमाल चीन, रूस या अन्य संवेदनशील देशों की सैन्य और खुफिया एजेंसियां कर सकती हैं। इसके बाद कंपनी ने दोनों मॉडल्स की एक्सेस तत्काल बंद कर दी थी। ट्रंप प्रशासन ने यह प्रतिबंध तब हटाया है, जब चीनी कंपनी अलीबाबा पर एंथ्रोपिक ने उसके सबसे एडवांस्ड मॉडल्स का अवैध तरीके से एक्सेस करने का आरोप लगाया है।

अब लाइसेंस की जरूरत नहीं

समाचार एजेंसी Reuters की एक रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिकी वाणिज्य मंत्री Howard Lutnick ने Anthropic को भेजे पत्र में कहा कि अब Mythos और Fable मॉडल के निर्यात के लिए किसी विशेष लाइसेंस की आवश्यकता नहीं होगी। हालांकि इसके बदले Anthropic ने सरकार के साथ मिलकर सुरक्षा जोखिमों की पहचान करने, संभावित दुरुपयोग रोकने और भविष्य के AI मॉडल्स के लिए सुरक्षा प्रोटोकॉल तैयार करने पर सहमति जताई है।

सरकार के रवैये पर उठे सवाल

पिछले सप्ताह अमेरिकी सरकार ने आंशिक राहत देते हुए Mythos 5 मॉडल को कुछ "विश्वसनीय" अमेरिकी संगठनों के लिए उपलब्ध कराने की अनुमति दी थी। अब प्रतिबंध पूरी तरह हटने के बाद कंपनी ने कहा है कि वह मॉडल्स की एक्सेस फिर से शुरू करेगी। AI मॉडल्स तक पहुंच के लिए सरकार द्वारा कंपनियों का चयन करने की प्रक्रिया पर भी सवाल उठ रहे हैं। OpenAI के मुख्य कार्यकारी अधिकारी Sam Altman ने हाल ही में कहा था कि सुरक्षा परीक्षण जरूरी हैं, लेकिन सरकार यह तय करे कि कौन ग्राहक AI मॉडल इस्तेमाल कर सकता है, यह उचित नहीं है।

GPT-5.6 की लॉन्चिंग भी हुई थी प्रभावित

रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी सरकार के अनुरोध पर OpenAI ने भी अपने नए GPT-5.6 मॉडल की सार्वजनिक लॉन्चिंग टाल दी थी और शुरुआत में इसकी पहुंच केवल चुनिंदा सत्यापित (Vetted) साझेदारों तक सीमित रखी थी। अमेरिका लगातार एडवांस AI मॉडल्स पर निगरानी बढ़ा रहा है। सरकार का मानना है कि अत्यधिक सक्षम AI सिस्टम का उपयोग साइबर हमलों, सैन्य अनुसंधान, निगरानी और अन्य संवेदनशील गतिविधियों में किया जा सकता है। इसी वजह से भविष्य में भी बड़े AI मॉडल्स के लॉन्च और निर्यात पर सख्त सुरक्षा मानकों के लागू रहने की संभावना है।

    Yateendra Lawaniya
    यतींद्र लवानियाauthor

    प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

    और पढ़ें
    End of Article