China Stock Markets : चीन के शेयर बाजारों में लगातार तीसरे दिन भी तेजी देखने को मिल रही है। निवेशकों की उम्मीदें बीजिंग से अधिक प्रोत्साहन पैकेज और अमेरिका के साथ संभावित व्यापार समझौते को लेकर मजबूत हो रही हैं। हांगकांग में लिस्टेड चीनी शेयरों के प्रमुख इंडेक्स में गुरुवार के शुरुआती कारोबार में 4.6 फीसदी तक की तेजी दर्ज की गई। वहीं, ऑनशोर बेंचमार्क CSI 300 इंडेक्स में 1.9 फीसदी की बढ़त देखने को मिली।
अमेरिका के साथ व्यापार तनाव में कमी की उम्मीद
यह तेजी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के चीन पर लागू टैरिफ को 125 फीसदी तक बढ़ाने और अन्य देशों पर 90 दिनों के लिए टैरिफ में अस्थायी राहत देने के बाद आई है। ट्रंप ने भविष्यवाणी की कि चीन जल्द ही बातचीत के लिए मेज पर आएगा, जिससे निवेशकों के बीच यह विश्वास जागा कि दोनों देशों के बीच व्यापार टकराव में कमी आएगी। इसके अलावा, चीन की तरफ से प्रोत्साहन उपायों और अमेरिका के साथ बातचीत की उम्मीदें निवेशकों के लिए सकारात्मक संकेत बनीं।
चीन का अमेरिका पर पलटवार
चीन ने पलटवार करते हुए अमेरिका से आयातित उत्पादों पर टैरिफ को बढ़ाकर 84 प्रतिशत करने की घोषणा कर दी है। यह आज से प्रभावी होगा। इसके साथ ही चीन ने अमेरिका के साथ बढ़ते व्यापार युद्ध में 'अंत तक लड़ने' की बात कही। पिछले सप्ताह चीन ने कहा था कि वह सभी अमेरिकी सामान पर 34 प्रतिशत टैरिफ लगाएगा। बुधवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के अमेरिका को होने वाले चीन के निर्यात पर 104 प्रतिशत शुल्क के लागू होने के बाद चीन ने यह कदम उठाया है। बीजिंग ने कहा कि वह विश्व व्यापार संगठन (WTO) में अमेरिका के खिलाफ एक और मुकदमा शुरू कर रहा है और चीनी कंपनियों के साथ अमेरिकी कंपनियों के व्यापार पर अधिक प्रतिबंध लगाए जाएंगे।
दूसरे एशियाई बाजारों में भी बढ़त
चीन के साथ-साथ दूसरे एशियाई बाजारों में भी तेजी देखने को मिली। जापान का निक्केई 2,639.14 अंक यानी 7.68 फीसदी बढ़कर 34,353.17 के स्तर पर पहुंच गया। सिंगापुर का स्ट्रेट टाइम्स 170.89 अंक यानी 5.04 फीसदी बढ़कर 3,563.36 पर कारोबार कर रहा है। ताइवान का बाजार भी 9.23 फीसदी की तेजी के साथ 18,995.94 के स्तर पर दिखा।
मार्केट सेंटीमेंट पॉजिटिव, लेकिन सतर्कता बरतने की सलाह
ऑलस्प्रिंग ग्लोबल इन्वेस्टमेंट्स के पोर्टफोलियो मैनेजर गैरी टैन ने कहा कि निवेशक फिस्कल प्रोत्साहन और सरकार के तकनीकी क्षेत्र के लिए सपोर्ट के संकेतों पर ध्यान देंगे। हालांकि, कई मार्केट एक्सपर्ट्स ने चेतावनी दी है कि चीनी शेयरों में तीन दिनों की तेजी के बावजूद सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। यूबीएस के जेम्स वांग ने 10 अप्रैल को कहा कि निकट भविष्य में गिरावट का जोखिम अभी भी बना हुआ है।
