वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम (WEF) के दावोस मंच से राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ताजा संकेतों के बाद ग्लोबल मार्केट्स में राहत का माहौल दिखा। ट्रेडिंग सेशन के दौरान अमेरिकी शेयर बाजारों में मजबूत रिकवरी देखने को मिली। Dow Jones 326.83 अंक यानी 0.67% उछलकर 48,815.42 पर पहुंच गया। इसके साथ ही S&P 500 53.99 अंक (0.79%) की तेजी के साथ 6,850.85 पर रहा, जबकि Nasdaq 145.60 अंक (0.63%) बढ़कर 23,099.92 पर ट्रेड करता दिखा। बाजार में यह तेजी ऐसे समय आई है जब एक दिन पहले टैरिफ और जियोपॉलिटिकल अनिश्चितता के चलते वॉल स्ट्रीट में दबाव देखा गया था। वहीं, दो दिन से जबरदस्त दबाव में चल रहे भारतीय बाजार पर भी पॉजिटिव असर दिख रहा है। Gift Nifty 73 अंक (0.29%) चढ़कर 25,248.50 पर ट्रेड कर रहा है।
ट्रंप ने ग्रीनलैंड पर क्या कहा?
ट्रंप ने ग्रीनलैंड को लेकर कहा कि यह अमेरिका की राष्ट्रीय और वैश्विक सुरक्षा के लिए बेहद अहम है। इसके साथ ही कहा कि अमेरिका को वहां अपनी रणनीतिक मौजूदगी मजबूत करनी चाहिए। ट्रंप ने संकेत दिया कि वह ग्रीनलैंड के मुद्दे पर बातचीत के लिए तैयार हैं, लेकिन उन्होंने यह भी साफ किया कि अमेरिका अपने सुरक्षा हितों से कोई समझौता नहीं करेगा और इस क्षेत्र में नियंत्रण व प्रभाव बढ़ाना उनकी प्राथमिकता रहेगी।
आर्थिक नीतियों का किया बचाव
दावोस में ट्रंप ने निवेशकों को यह संदेश देने की कोशिश की कि उनकी आर्थिक रणनीति से अमेरिका में “आर्थिक चमत्कार” आया है और उनके एजेंडे ने उन आलोचकों को गलत साबित किया है जो टैरिफ और सरकारी नौकरियों में कटौती को अर्थव्यवस्था के लिए नुकसानदायक मान रहे थे। ट्रंप ने दावा किया कि उनके टैरिफ सफल रहे हैं और ट्रेड डेफिसिट में बड़ी कटौती की दिशा में काम कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका की नीतियां बाजार को स्थिरता और ग्रोथ की तरफ ले जा रही हैं, जिससे निवेशकों का भरोसा मजबूत हो सकता है।
Gold में 2% उछाल
कमोडिटी मार्केट में सबसे बड़ा मूव Gold में दिखा, जो सेफ-हेवन डिमांड का संकेत देता है। Gold CFD 1.94% चढ़कर 4,856.02 डॉलर पर पहुंच गया। दिन के दौरान इसका हाई 4,885.48 और लो 4,758.03 रहा।
Crude में मामूली तेजी
तेल बाजार में तेजी सीमित रही, लेकिन ट्रेंड पॉजिटिव बना रहा। Brent Crude 0.07% बढ़कर 64.96 डॉलर पर रहा और Crude Oil 0.02% की हल्की बढ़त के साथ 60.37 डॉलर पर ट्रेड करता दिखा। यानी सप्लाई और डिमांड को लेकर बाजार फिलहाल संतुलित संकेत दे रहा है।
Dollar Index कमजोर
करेंसी फ्रंट पर Dollar Index 0.13% फिसलकर 98.51 पर आ गया, जो डॉलर में हल्की कमजोरी का संकेत है। हालांकि, भारतीय बाजारों के लिए अहम USD/INR 0.79% उछलकर 91.70 पर पहुंच गया, जिससे रुपये पर दबाव साफ दिखा। इसी बीच Gift Nifty 73 अंक (0.29%) चढ़कर 25,248.50 पर रहा, जो भारतीय बाजारों के लिए पॉजिटिव ओपनिंग संकेत माना जा रहा है।
आगे बाजार की नजर किन फैक्टर्स पर
कुल मिलाकर, ट्रंप के दावोस बयान के बाद इक्विटी मार्केट में राहत जरूर दिखी, लेकिन गोल्ड की तेजी यह भी बताती है कि निवेशक अभी पूरी तरह रिस्क लेने के मूड में नहीं हैं। आगे की दिशा अब ट्रंप के अगले संकेत, टैरिफ नीति, डॉलर की चाल और तेल-गैस के प्राइस ट्रेंड पर निर्भर करेगी।
भारत नाम क्यों नहीं लिया
टैरिफ के मामले में ट्रंप ने इस बार भारत का नाम नहीं लिया। इससे पहले ट्रंप भारत को रूसी तेल पर लगातार घेर रहे थे। लेकिन, अब भारत को लेकर शांत नजर आ रहे हैं। इसके पीछे कयास लगाए जा रहे हैं कि भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील जल्द होने वाली है। लिहाजा, अब ट्रंप इस मुद्दे को नहीं उछाल रहे हैं। ट्रंप खुद कह चुके हैं कि अमेरिकी विदेश नीति के लिए ट्रंप अब सबसे अहम टूल हैं। अब ट्रंप यरोपीय देशों पर टैरिफ के जरिये ग्रीनलैंड को लेकर दबाव बनाने का प्रयास कर रहे हैं। वहीं, भारत से ट्रेड डील के लिए उन्होंने रूसी क्रूड के नाम पर टैरिफ को हथियार बनाया था।
