सरकार ने हाल ही में जीएसटी दरों में कटौती की है ताकि रोजमर्रा की चीजें सस्ती हों और आम जनता को राहत मिले। 22 सितंबर से लागू नए जीएसटी रेट्स के बाद सरकार ने 54 आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर नजर रखी। इनमें से 30 वस्तुओं के दाम में उम्मीद से ज्यादा गिरावट आई है, लेकिन 24 वस्तुएं ऐसी हैं जिनकी कीमतों में खास फर्क नहीं पड़ा।
इन 24 चीजों के दामों में कोई फर्क नहीं
इन 24 वस्तुओं में नोटबुक, चॉकलेट, हेयर ऑयल, टूथपेस्ट, पेंसिल, थर्मामीटर और साइकिल जैसी चीजें शामिल हैं। सरकार के मुताबिक, इनकी कीमतों में अपेक्षित कमी नहीं आई है, जबकि इन पर जीएसटी दर घटाई जा चुकी है। हालांकि यह आकलन इस बात पर आधारित है कि इस अवधि में अन्य सभी लागतें और मुनाफा स्थिर रहे हैं।
सरकार की क्या है तैयारी
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बताया कि जिन वस्तुओं की कीमतों में अनुमान के मुताबिक गिरावट नहीं आई है, उनके लिए सरकार कंपनियों के साथ मिलकर काम कर रही है ताकि उपभोक्ताओं को कम दरों का लाभ मिल सके।
ये सामान हुए सस्ते
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, जिन वस्तुओं पर दाम में उम्मीद से ज्यादा गिरावट देखी गई है, उनमें एसी मशीन, टेलीविजन, टोमैटो केचप, पनीर और सीमेंट जैसी चीजें शामिल हैं। वहीं, खाद्य वस्तुओं में सूखे मेवे, पनीर, गाढ़ा दूध, जैम, सोया मिल्क और बोतलबंद पानी की कीमतों में भी उल्लेखनीय कमी आई है।
जीएसटी सुधारों के तहत अब 5% और 18% के दो मुख्य स्लैब लागू हैं, जबकि पहले 5%, 12%, 18% और 28% की चार दरें थीं। नई व्यवस्था में कई वस्तुओं को कम टैक्स स्लैब में लाया गया है, जिससे टूथपेस्ट, शैम्पू, कार, टीवी, मक्खन, और साबुन जैसी 375 वस्तुओं की कीमतें कम हुई हैं।
हालांकि, नोटबुक, पेंसिल, चॉकलेट, थर्मामीटर, हेयर ऑयल और साइकिल जैसी रोजमर्रा की वस्तुएं अभी भी उपभोक्ताओं को पुराने दामों पर मिल रही हैं। सरकार अब इन कंपनियों से मूल्य में वास्तविक कटौती सुनिश्चित करने के लिए बातचीत कर रही है।
