बिजनेस

Sensex 905, Nifty 238 अंक उछलकर बंद, 5 ट्रिलियन डॉलर पार हुआ मार्केट कैप, 3 वजहों से आया बाजार में जोश

शेयर बाजार में गुरुवार 29 अक्टूबर को खरीदारी का मजबूत ट्रेंड देखने को मिला। बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स और निफ्टी सहित बाजार में चौतरफा खरीदारी हुई। इसकी वजह से एक दिन में निवेशकों की पूंजी 4 लाख करोड़ बढ़ गई है।

Image

शेयर बाजार में लौटी तेजी

Stock Market Sensex Nifty Closing Today : शेयर बाजार में आज खरीदारी का मजबूत ट्रेंड देखने को मिला है। बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स और निफ्टी डे हाई के करीब बंद हुए हैं।

Sensex दिन के आखिर में 905.01 अंक यानी 1.24% की तेजी के साथ 74,151.04 पर बंद हुआ। वहीं, Nifty में 237.90 अंक यानी 1.05% की बढ़त रही और यह 22,936.75 पर बंद हुआ। इससे पहले निफ्टी 22,656.75 और सेंसेक्स 73,181.90 के लो तक फिसल गए।

पिछले कई कारोबारी सत्र से बाजार में ओवरऑल बिकवाली हावी रही है। लेकिन, गुरुवार को बेंचमार्क इंडेक्स सहित मार्केट ब्रेड्थ में मजबूती बाजार के ट्रेंड में बदलाव के संकेत देती है।

बाजार को अमेरिकी फेडरल रिजर्व के ब्याज दरों पर फैसले, कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और चौतरफा खरीदारी से सहारा मिला। रियल्टी, FMCG और PSU बैंक शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी देखने को मिली।

बाजार में व्यापक खरीदारी की वजह से निवेशकों के पोर्टफोलियो की वैल्यू में करीब 4 लाख करोड़ का इजाफा हुआ है और भारतीय शेयर बाजार को टोटल मार्केट कैप फिर से 5 ट्रिलियन डॉलर से ऊपर चला गया है।

अमेरिकी फेड के फैसले से बाजार खुश

आज पूरी दुनिया के शेयर बाजार अमेरिकी फेडरल रिजर्व की तरफ से ब्याज दर में बढ़ोतरी नहीं करने के फैसले से खुश दिखे। जबकि, इससे पहले ज्यादातर बाजार फेड की तरफ से 25 आधार अंक की बढ़ोतरी की संभावना को प्राइस इन कर रहे थे। इसी वजह से दुनिया के साथ ही भारतीय शेयर बाजार के लिए यह सकारात्मक फैक्टर रहा।

फेड के फैसले से निवेशकों को तत्काल राहत मिली। अमेरिकी शेयर बाजार भी पिछले सत्र में बढ़त के साथ बंद हुए थे। इससे भारतीय बाजार को सकारात्मक संकेत मिले। हालांकि, अमेरिकी बॉन्ड यील्ड और महंगे कच्चे तेल जैसी चुनौतियां अभी खत्म नहीं हुई हैं।

कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से मिली राहत

बाजार में जोश की दूसरी बड़ी वजह कच्चे तेल की कीमतों में नरमी रही। अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड का भाव कारोबार के दौरान करीब 113.94 डॉलर प्रति बैरल पर था, जो पिछले बंद भाव 115.32 डॉलर से कम था।

रियल्टी, FMCG और PSU बैंक शेयरों में जमकर खरीदारी

तीसरी वजह टेक्निलकल लेवल पर बाजार में व्यापक खरीदारी रही। गुरुवार को तेजी सिर्फ बड़े शेयरों तक सीमित नहीं रही, बल्कि कई सेक्टरल इंडेक्स में भी मजबूती देखने को मिली। Nifty Realty में 2.75%, Nifty FMCG में 2.34%, Nifty PSU Bank में 2.20% और Nifty IT में 0.99% की तेजी रही। हालांकि, इस दौरान Nifty Auto में 0.24% और Nifty Cement में 0.08% की गिरावट रही।

निवेशकों में घबराहट घटी

बाजार में तेजी के साथ निवेशकों की घबराहट भी कम हुई। India VIX करीब 6.97% गिरकर 15.11 पर आ गया। VIX में गिरावट निकट अवधि में बाजार की अपेक्षित अस्थिरता कम होने का संकेत देती है। वहीं, मार्केट ब्रेड्थ की बात करें, तो NSE पर 3,693 स्टॉक्स में ट्रेडिंग हुई। इनमें से 2,196 में खरीदारी और 1,387 में बिकवाली रही। वहीं, BSE पर 2,664 शेयर बढ़त में रहे और 1,706 शेयर गिरावट में बंद हुए।

    Yateendra Lawaniya
    यतींद्र लवानियाauthor

    प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

    और पढ़ें
    End of Article