Sensex-Nifty on All Time High : गुरुवार को भारतीय शेयर बाजारों ने शुरुआती कारोबार में नया रिकॉर्ड हाई जरूर छू लिया, लेकिन ज्यादा देर तक यह तेजी टिक नहीं सकी। रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचते ही निवेशकों ने ऊंचे दामों पर मुनाफा वसूली शुरू कर दी। इसके दबाव में सेंसेक्स अपने दिन के उच्चतम स्तर से करीब 400 अंक फिसल गया। वहीं निफ्टी भी कमजोरी दिखाते हुए 26,200 के नीचे लुढ़क गया। दोनों प्रमुख इंडेक्स गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुए।जहां सेंसेक्स 110 अंकों की तेजी के साथ 85,720.38 के लेवल पर बंद हुआ वहीं निफ़्टी भी मामूली तेजी के साथ 26215 के लेवल पर बंद हुआ।
ऊंचे स्तर पर मुनाफावसूली हावी
आज की तेजी के बाद कारोबारियों ने उच्च स्तरों पर मुनाफा निकालना शुरू कर दिया। अगले हफ्ते RBI की पॉलिसी मीटिंग है और इसके फैसलों को लेकर बाजार सतर्क है। इसके अलावा अमेरिका की टैरिफ डील को लेकर भी अनिश्चितता बनी हुई है। दूसरी ओर, निचले स्तरों पर लगातार मजबूत खरीदारी देखी जा रही है, इसलिए कई ट्रेडर गिरावट पर खरीद की रणनीति ही अपना रहे हैं। इसी मिक्स्ड सेंटीमेंट के चलते कई सेक्टर शुरुआती बढ़त गंवा बैठे। हालांकि बैंकिंग और फाइनेंशियल स्टॉक बाकी सेक्टर्स की तुलना में मजबूत बने रहे।
एक्सपायरी का दबाव
आज महीने की डेरिवेटिव्स एक्सपायरी होने के कारण बाजार में उतार-चढ़ाव तेज रहा। एक्सपायरी के दिन आमतौर पर ट्रेडिंग गतिविधि आखिरी घंटे में काफी बढ़ जाती है, जिसके कारण इंडेक्स में तेज मूवमेंट देखने को मिला। आज भी वही ट्रेंड देखने को मिला और सूचकांकों पर दबाव बना रहा।
कमजोर टेक्नीकल
टेक्निकल चार्ट्स भी बाजार में वोलैटिलिटी का संकेत दे रहे हैं। Mehta Equities के प्रशांत तापसे का कहना है कि बाजार की समग्र मजबूती बरकरार है, लेकिन शॉर्ट टर्म में अपसाइड सीमित रह सकती है। मार्केट एक्सपर्ट आशीष बहेती भी पहले 26,100 के स्टॉप-लॉस के साथ ही ट्रेडिंग की सलाह दे चुके हैं। यानी मौजूदा स्तरों पर चार्ट की स्थिति नए सौदों की जगह मुनाफावसूली की तरफ ज्यादा इशारा कर रही है।
मिडकैप–स्मॉलकैप में कमजोरी जारी
हालाँकि निफ्टी और सेंसेक्स ने रिकॉर्ड हाई छुआ, लेकिन छोटे स्टॉक्स में दबाव बना रहा। तापसे के मुताबिक कई मिडकैप और स्मॉलकैप अभी भी करेक्टिव या संवेदनशील ज़ोन में हैं। आगे की रैली बड़े पैमाने पर कंपनी के नतीजों, वैश्विक हालात और घरेलू निवेशक भावना पर निर्भर करेगी। यही कारण है कि बाजार में आज फोकस मजबूत और चयनित स्टॉक्स पर ज्यादा रहा, जबकि अनावश्यक तेजी का पीछा करने से निवेशकों ने दूरी बनाए रखी।
रुपये में कमजोरी का असर
रुपये में लगातार कमजोरी ने भी बाजार भावना को प्रभावित किया। गुरुवार को रुपया अपने रिकॉर्ड निचले स्तरों के करीब पहुंच गया, जिससे विदेशी निवेश और मार्केट सेंटीमेंट पर दबाव बना रहा।
घरेलू शेयर बाजार आज एक नया रिकॉर्ड बनाने की ओर बढ़ रहा है। बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 323 अंक चढ़कर 85,933 के स्तर पर पहुंच गया है, जो अपने अब तक के सर्वाधिक स्तर से बस थोड़ी दूरी पर है। वहीं, निफ्टी ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए और ऑल टाइम हाई पर पहुंच गया, एनएसई का निफ्टी अपने ऑल टाइम हाई से 81 अंक की बढ़त के साथ 26,286 पर कारोबार कर रहा है।
पिछले साल सितंबर में निफ्टी 50 का रिकॉर्ड हाई 26,277.35 अंक और सेंसेक्स का रिकॉर्ड हाई 85,978.25 अंक था। आज निफ्टी ने इसे पार करते हुए नया इतिहास बनाया और 26,295.55 के स्तर को छू लिया। हालांकि सेंसेक्स अब तक अपने पुराने रिकॉर्ड को नहीं छू पाया है, लेकिन वह भी बिल्कुल करीब है और 300 अंकों की बढ़त के साथ 85,912.94 पर ट्रेड कर रहा है। बीएसई के टॉप 30 शेयरों में से 19 शेयर बढ़त में हैं, जबकि 11 गिरावट में कारोबार कर रहे हैं। बजाज फाइनेंस और बजाज फिनसर्व आज के टॉप गेनर हैं, वहीं जोमैटो और कोटक महिंद्रा बैंक लूजर लिस्ट में शामिल हैं। सेक्टर्स की बात करें तो PSU बैंक, कंज्यूमर और ऑयल एंड गैस को छोड़कर लगभग सभी सेक्टर्स में बढ़िया तेजी देखने को मिल रही है।
मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी दमदार तेजी दिख रही है। गनेश हाउसिंग और पटेल इंजीनियरिंग के शेयर 10% से ज्यादा उछल चुके हैं। टाटा टेली (महाराष्ट्र) और Gillette India में 5% तक की तेजी है, जबकि तेजस नेटवर्क में 4% से ज्यादा उछाल दिखाई दे रहा है। इसके अलावा, स्वॉन कॉर्पोरेशन में 2% और टाटा पावर, बजाज फाइनेंस और श्रीराम फाइनेंस में करीब 1.5% की बढ़त देखने को मिल रही है। कुल मिलाकर बाजार में आज जोरदार पॉजिटिव सेंटीमेंट बना हुआ है।
ये भी पढ़ें: कमाल की है पोस्ट ऑफिस ये की ये स्कीम, जानें 5 साल में कैसे तैयार होगा ₹21 लाख का फंड
(Disclaimer: यह लेख केवल सूचना देने के उद्देश्य से प्रस्तुत किया गया है और इसे किसी प्रकार की निवेश सलाह के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल अपने पाठकों/दर्शकों को सलाह देता है कि किसी भी वित्तीय निर्णय से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से परामर्श जरूर करें।)