Delhi News: दिल्ली के जंतर-मंतर मामले में पुलिस ने सौरव दास, आशुतोष रांका और अजिंक्य शिंदे को गिरफ्तार किया है। CJP की लीगल हेड रत्ना सिंह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर यह जानकारी दी। उनके मुताबिक, तीनों को संसद मार्ग पुलिस स्टेशन में रखा गया है और सुबह उन्हें एससीएम (SCM) कोर्ट में पेश किया जाएगा। वहीं, दिल्ली पुलिस का कहना है कि तीनों को प्रिवेंटिव अरेस्ट किया गया है।
रात 3 बजे निजी वैन से थाने लाए गए
रत्ना सिंह ने अपनी पोस्ट में दावा किया कि तीनों को रात करीब 3 बजे एक निजी वैन से संसद मार्ग पुलिस स्टेशन लाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि देर रात तक तीनों को अपने वकीलों से मिलने की भी अनुमति नहीं दी गई।
किन आरोपों में हुई गिरफ्तारी?
रत्ना सिंह के अनुसार, तीनों के खिलाफ अतिक्रमण या अनधिकृत प्रवेश (Trespass), बॉन्ड की शर्तों के उल्लंघन और सरकारी अधिकारी के कर्तव्य में बाधा डालने समेत अन्य आरोप लगाए गए हैं। उन्होंने आशंका जताई कि सुबह अदालत में पेशी के बाद तीनों को न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल भेजा जा सकता है। रत्ना सिंह ने अपनी पोस्ट में पुलिस की कार्रवाई को गैरकानूनी बताते हुए दावा किया कि इन परिस्थितियों के बावजूद तीनों का हौसला पूरी तरह बुलंद है।
