बिजनेस

सोमवार से शेयर बाजार की कैसी रहेगी चाल? कौन-कौन फैक्टर डालेंगे असर, जानें सबकुछ

भारतीय शेयर बाजार निवेशकों के लिए पिछला हफ्ता काफी शानदार रहा। बाजार में खरीदारी लौटने से निवेशकों की जमकर कमाई हुई। अब निवशकों की नजर सोमवार से शुरू होने वाले सप्ताह पर है।

Image

शेयर बाजार

पिछले हफ्ते शेयर बाजार में शानदार तेजी रही। बीएसई सेंसेक्स 2,857.46 अंक या 3.53 प्रतिशत उछला, और निफ्टी में 868.25 अंक या 3.49 प्रतिशत की तेजी आई। अब निवेशकों की नजर सोमवार से शुरू होने वाले नए सप्ताह पर है। मार्केट एक्सपर्ट के अनुसार, अगले सप्ताह शेयर बाजार में निवेशकों की धारणा महंगाई के आंकड़ों, विदेशी निवेशकों की गतिविधियों और वैश्विक रुझानों से तय होगी।

इसके अलावा, भू-राजनीतिक घटनाक्रम और तीसरी तिमाही के नतीजे भी सप्ताह के दौरान बाजार को प्रभावित करेंगे।

12 फरवरी को आएंगे खुदरा महंगाई के आंकड़े

रेलिगेयर ब्रोकिंग लिमिटेड के शोध विभाग के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अजीत मिश्रा ने कहा कि इस सप्ताह कई महत्वपूर्ण घरेलू और वैश्विक कारक मौजूद हैं। भारत में, निवेशक 12 फरवरी को आने वाले खुदरा मुद्रास्फीति के आंकड़ों और 13 फरवरी को आने वाले विदेशी मुद्रा भंडार के आंकड़ों पर बारीकी से नजर रखेंगे। उन्होंने आगे कहा कि तिमाही नतीजे भी आ रहे हैं, जिसमें टाइटन कंपनी और महिंद्रा एंड महिंद्रा जैसी प्रमुख कंपनियों के परिणाम इस सप्ताह आने हैं। वैश्विक स्तर पर, प्रतिभागी अमेरिकी आंकड़ों और हालिया गिरावट के बाद नैस्डैक कंपोजिट के प्रदर्शन पर नजर रखेंगे।

कंपनियों की रिजल्ट पर भी रहेगी नजर

मिश्रा ने कहा कि भू-राजनीतिक घटनाक्रम और जिंस बाजारों पर उनके प्रभाव पर भी करीब से नजर रखी जाएगी। अशोक लेलैंड, ओएनजीसी, बजाज इलेक्ट्रिकल्स और आयशर मोटर्स के नतीजे भी इस सप्ताह आएंगे। भारत और अमेरिका ने शनिवार को घोषणा की कि वे एक अंतरिम व्यापार समझौते के ढांचे पर सहमत हो गए हैं, जिसके तहत दोनों पक्ष द्विपक्षीय व्यापार को बढ़ावा देने के लिए कई वस्तुओं पर आयात शुल्क कम करेंगे। ऑनलाइन कारोबारी मंच एनरिच मनी के सीईओ पोनमुडी आर ने कहा कि आम बजट 2026-27 और आरबीआई के मौद्रिक नीति निर्णयों के प्रभाव के बाद भारतीय इक्विटी बाजार अब एक सुदृढ़ीकरण चरण में प्रवेश कर गए हैं। अब निवेशकों का ध्यान पूंजीगत व्यय के निष्पादन और वास्तविक खर्च की गति पर केंद्रित हो गया है।

Alok Kumr
आलोक कुमार author

आलोक कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एसोसिएट एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव रखने वाले आलोक ने अपने पत्रकारिता करियर में कई प्रमुख कॉर्पोरेट इवेंट्स और चर्चित स्टोरीज कवर की हैं। वह बिजनेस, बैंकिंग, शेयर मार्केट और पर्सनल फाइनेंस पर गहरी समझ रखते हैं और जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और पाठक-केंद्रित तरीके से प्रस्तुत करने में माहिर हैं। अब तक आलोक ने लगभग 18,000 स्टोरीज लिखी हैं। उनकी लेखन शैली भरोसेमंद, विश्लेषणात्मक और व्यावहारिक जानकारी देने वाली होती है।

और पढ़ें
End of Article