बिजनेस

Stock Market Closing: 2024 के आखिरी दिन शेयर बाजार में गिरावट, पूरे साल में 8 फीसदी से अधिक चढ़े सेंसेक्स-निफ्टी

Stock Market Closing: घरेलू बाजार में वर्ष 2024 का समापन गिरावट के साथ हुआ। हालांकि इस साल सेंसेक्स कुल 5,898.75 अंक यानी 8.16 प्रतिशत उछला है जबकि निफ्टी में 1,913.4 अंक यानी 8.80 प्रतिशत की तेजी रही है।

Image

शेयर बाजार में गिरावट

Photo : iStock
KEY HIGHLIGHTS
  • शेयर बाजार में गिरावट
  • साल 2024 के आखिरी दिन फिसला
  • 2024 में 8% से अधिक चढ़े सेंसेक्स-निफ्टी

Stock Market Closing: विदेशी संस्थागत निवेशकों की तरफ से लगातार बिकवाली जारी रहने और वैश्विक बाजारों के कमजोर संकेतों के बीच घरेलू शेयर बाजार वर्ष 2024 के अंतिम कारोबारी दिन मंगलवार को गिरावट के साथ बंद हुआ। सेंसेक्स में 109 अंकों की गिरावट आई जबकि निफ्टी लगभग फ्लैट रहा। बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में 109.12 अंक यानी 0.14 प्रतिशत गिरकर 78,139.01 पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 687.34 अंक गिरकर 77,560.79 पर आ गया था। हालांकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी शुरुआती गिरावट से काफी हद तक उबरने में सफल रहा और अंत में 0.10 अंक की मामूली गिरावट के साथ 23,644.80 पर बंद हुआ।

ये भी पढ़ें -

2024 में कितना बढ़े सेंसेक्स-निफ्टी

इस तरह घरेलू बाजार में वर्ष 2024 का समापन गिरावट के साथ हुआ। हालांकि इस साल सेंसेक्स कुल 5,898.75 अंक यानी 8.16 प्रतिशत उछला है जबकि निफ्टी में 1,913.4 अंक यानी 8.80 प्रतिशत की तेजी रही है।

सेंसेक्स ने इस साल 27 सितंबर को 85,978.25 के अपने रिकॉर्ड शिखर को छुआ था। निफ्टी भी उस दिन 26,277.35 के अपने अब तक के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया था। हालांकि उसके बाद दोनों ही सूचकांकों में उतार-चढ़ाव का दौर जारी रहा।

किन शेयरों में आई कमजोरी

मंगलवार को कारोबार के दौरान सेंसेक्स के समूह में शामिल कंपनियों में से टेक महिंद्रा, जोमैटो, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, इन्फोसिस, आईसीआईसीआई बैंक, बजाज फाइनेंस, हिंदुस्तान यूनिलीवर और एचसीएल टेक्नोलॉजीज में गिरावट रही।

दूसरी तरफ कोटक महिंद्रा बैंक, आईटीसी, अल्ट्राटेक सीमेंट और टाटा मोटर्स के शेयर बढ़त के साथ बंद हुए। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 1,893.16 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की।

एशियाई और यूरोपीय बाजार कैसे रहे

एशिया के अन्य बाजारों में चीन के शंघाई कंपोजिट में गिरावट रही जबकि हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त के साथ बंद हुआ। वहीं जापान और दक्षिण कोरिया के बाजार नए साल की छुट्टियों के कारण बंद रहे। यूरोप के अधिकांश बाजार तेजी के साथ बंद हुए। अमेरिकी शेयर बाजार सोमवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे।

सोमवार को कैसा रहा था बाजार

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.46 प्रतिशत बढ़कर 74.34 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। बीएसई सेंसेक्स सोमवार को 450.94 अंक गिरकर 78,248.13 और एनएसई निफ्टी 168.50 अंक नुकसान के साथ 23,644.90 पर बंद हुआ था। (इनपुट - भाषा)

Kashid Hussain
काशिद हुसैन author

<p>काशिद हुसैन अप्रैल 2023 से Timesnowhindi.Com (टाइम्स नाउ नवभारत) के साथ काम कर रहे हैं। यहां पर वे सीनियर कॉरेस्पोंडेंट हैं। टाइम्स नाउ नवभारत की बिजनेस टीम में वह शेयर मार्केट, म्यूचुअल फंड और आर्थिक जगत से जुड़ी सभी तरह की स्टोरी और वेब स्टोरी करते हैं। रिसर्च आधारित स्टोरी के लिए नए एंगल तलाश करना और रीडर्स की रुचि के अनुसार कॉपी लिखने पर फोकस रहता है। शेयर बाजार में खास रुचि है और इससे जुड़ी रियल टाइम खबरें कम समय में लगाने में विशेषज्ञता है। मीडिया में काम करने का 8 वर्षों का अनुभव है, जिसमें गुडरिटर्न्स और शेयर मंथन वेबसाइटों के अलावा निवेश मंथन पत्रिका में भी काम किया है। दिल्ली यूनिवर्सिटी से हिंदी पत्रकारिता में ग्रेजुएशन के बाद आईआईएमसी, नई दिल्ली से रेडियो एंव टेलीविजन में पोस्ट ग्रेजुएशन की है। ग्रेजुएशन के दौरान सहारा समय और सिटी न्यूज में इंटर्नशिप के साथ-साथ अखबार और वेबसाइट के लिए लिखना शुरू कर दिया था। काशिद को किताबें पढ़ना, फिल्में देखना और क्रिकेट में रुचि है। बिजनेस के अलावा खेल जगत और इंटरनेशनल खबरों में भी रुचि है।<br></p>

और पढ़ें
End of Article