बिजनेस

Bank Nifty ने छुआ नया शिखर, युद्ध पूर्व स्तर पर Sensex-Nifty, 4 वजहों से बाजार गुलजार

शेयर बाजार के लिए नवंबर का महीना अब तक शानदार साबित हुआ है। महज 12 दिन में निफ्टी-सेंसेक्स युद्ध पूर्व स्तर पर पहुंच गए हैं। वहीं, इस दौरान बैंक निफ्टी करीब 800 अंक उछलकर ऑल टाइम हाई पर पहुंच गया।

Image

शेयर बाजार में लगातार तेजी जारी

Closing Bell Nifty Sensex Today : भारतीय शेयर बाजार में मंगलवार, 17 नवंबर को तेजी का सिलसिला जारी रहा। मिडिल ईस्ट युद्ध के कारण आई भारी गिरावट से उबरते हुए बाजार अब युद्ध-पूर्व स्तरों पर वापसी करता दिखाई दे रहा है।

Sensex 427 अंक उछलकर 82,532 पर बंद हुआ, जबकि Nifty 96 अंक चढ़कर 25,387 के स्तर पर पहुंच गया। खास बात यह रही कि निफ्टी फरवरी 2026 के बाद पहली बार 25,350 के ऊपर बंद हुआ। वहीं, बैंकिंग शेयरों में जबरदस्त खरीदारी के दम पर Bank Nifty ने कारोबार के दौरान 62,442.20 का नया रिकॉर्ड स्तर छू लिया। आखिर बाजार में इतनी तेजी क्यों है?

कच्चे तेल में गिरावट से मिली राहत

अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड का भाव 92 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आ गया। मिडिल ईस्ट में तनाव के बावजूद तेल की सप्लाई सामान्य होने की उम्मीदों ने कीमतों पर दबाव बनाया है। भारत जैसे बड़े तेल आयातक देश के लिए सस्ता कच्चा तेल महंगाई और आयात बिल के लिहाज से राहत देता है। Goldman Sachs ने भी 2027 में वैश्विक तेल बाजार में करीब 20 लाख बैरल प्रतिदिन के सरप्लस का अनुमान जताया है।

FII की लगातार 11वें दिन खरीदारी

विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) की खरीदारी बाजार को लगातार मजबूती दे रही है। सोमवार को विदेशी निवेशकों ने 4,604 करोड़ रुपये के शेयरों की नेट खरीदारी की। यह लगातार 11वां कारोबारी सत्र था, जब FII नेट बायर्स रहे। इससे बाजार में विदेशी पूंजी की वापसी का भरोसा मजबूत हुआ है।

रुपये में मजबूती जारी

विदेशी निवेशकों की खरीदारी और कमोडिटी की कीमतों में नरमी से रुपये को भी सहारा मिला। डॉलर के मुकाबले रुपया करीब सात महीने के मजबूत स्तर 93.58 के आसपास पहुंच गया। रुपये की मजबूती से आयात बिल और महंगाई के मोर्चे पर राहत की उम्मीद बढ़ी है।

बैंकिंग शेयरों में जोरदार खरीदारी

बैंकिंग सेक्टर में मजबूत फंडामेंटल, आकर्षक वैल्यूएशन और ब्रोकरेज की सकारात्मक राय से खरीदारी बढ़ी। PSU बैंकों में विशेष तेजी रही। Bank Nifty का नया रिकॉर्ड स्तर छूना इसी मजबूती को दिखाता है।

निफ्टी में इन शेयरों का रहा जलवा

Nifty के शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी 3.24% की तेजी Adani Enterprises में रही। इसके बाद Eicher Motors 3.02%, Max Healthcare 2.08%, Asian Paints 2.03%, Axis Bank 1.99%, Mahindra & Mahindra 1.80%, Reliance Industries 1.66%, SBI 1.66%, Jio Financial Services 1.31% और Adani Ports में 1.27% की बढ़त दर्ज की गई।

Yateendra Lawaniya
यतींद्र लवानियाauthor

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

और पढ़ें
End of Article