बिजनेस

क्या मुश्किल में Elon Musk की SpaceX? ₹5130 करोड़ का घाटा, 14% टूटे शेयर, जानें वजह

लिस्टिंग के दिन ही ट्रिलियन डॉलर क्लब में शामिल हुई SpaceX को बड़ा झटका लगा है। कंपनी के शेयरों में 14% की बड़ी गिरावट देखने को मिली है। इसकी वजह से मस्क से ट्रिलियनेयर का ताज भी छिन गया है।

Image

स्पेस एक्स के नतीजों से नाखुश हुए निवेशक

SpaceX Share Price Down : दुनिया की सबसे चर्चित कंपनियों में शामिल SpaceX ने अपनी पहली तिमाही नतीजों में उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन किया है। यहां तक कि AI कारोबार से कंपनी की कमाई एक साल में तीन गुना से ज्यादा बढ़ गई है। नए क्लाउड कंप्यूटिंग कॉन्ट्रैक्ट्स मिले और प्रबंधन ने दावा किया कि AI इंफ्रास्ट्रक्चर पर किया गया निवेश एक साल से भी कम समय में वसूल हो रहा है।

लेकिन हैरानी की बात यह है कि मजबूत नतीजों के बावजूद निवेशकों ने कंपनी के शेयरों में जमकर बिकवाली की है। प्री-मार्केट ट्रेडिंग में SpaceX का शेयर करीब 14% तक टूट गया, जिससे कंपनी का बाजार मूल्य अरबों डॉलर घट गया और Elon Musk की संपत्ति को भी बड़ा झटका लगा। इसी गिरावट के बाद दुनिया के सबसे अमीर शख्स Elon Musk से ट्रिलियनेयर का ताज भी छिन गया है। फिलहाल मस्क की नेटवर्थ करीब 770 अरब डॉलर है। वहीं, स्पेस एक्स् का मार्केट कैप करीब 1.5 ट्रिलियन डॉलर है, जो IPO के समय करीब 3 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच गया था।

AI बिजनेस ने दिखाई जबरदस्त रफ्तार

SpaceX ने बताया कि दूसरी तिमाही में उसके AI कारोबार से 2.6 अरब डॉलर का राजस्व आया, जो पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले तीन गुना से अधिक है। कंपनी ने यह भी बताया कि दूसरी तिमाही के बाद उसे 6.7 अरब डॉलर के नए क्लाउड कंप्यूटिंग कॉन्ट्रैक्ट्स मिले हैं। कंपनी का दावा है कि अगर यही रफ्तार बनी रही तो साल के अंत तक उसका वार्षिक राजस्व 100 अरब डॉलर की दर तक पहुंच सकता है।

फिर निवेशकों ने शेयर क्यों बेच दिए?

आम तौर पर इतनी मजबूत कमाई के बाद शेयरों में तेजी आती है, लेकिन इस बार बाजार की नजर कंपनी की कमाई से ज्यादा उसके खर्च पर रही।SpaceX ने केवल AI इंफ्रास्ट्रक्चर पर तिमाही के दौरान 15.8 अरब डॉलर खर्च किए। कुल पूंजीगत निवेश (Capex) 18.4 अरब डॉलर रहा। इसमें AI कंप्यूटिंग क्षमता बढ़ाने के अलावा Starship प्रोग्राम और अगली पीढ़ी के Starlink सैटेलाइट्स पर भी बड़ा निवेश शामिल है। इसके अलावा कंपनी ने नेट 54.1 करोड़ डॉलर यानी ₹5130 करोड़ का नेट प्रॉफिट रिपोर्ट किया है।

अगले दो तिमाहियों में भी नहीं घटेगा खर्च

निवेशकों के लिए एक बड़ा झटका SpaceX का गाइडेंस है। इसमें साफ कर दिया है कि फिलहाल AI पर निवेश कम करने की कोई योजना नहीं है। कंपनी के मुताबिक अगले दो तिमाहियों में भी पूंजीगत खर्च लगभग मौजूदा स्तर पर रहेगा। कंपनी साल के अंत तक 2 गीगावाट से अधिक AI कंप्यूट क्षमता तैयार करना चाहती है। अगर यह क्षमता पूरी तरह इस्तेमाल हुई, तो AI कारोबार भविष्य में कंपनी की सबसे बड़ी कमाई का स्रोत बन सकता है।

Musk के लिए क्यों अहम है यह गिरावट?

SpaceX के शेयर में आई करीब 14% की गिरावट का सीधा असर Elon Musk की संपत्ति पर पड़ा। उनकी नेटवर्थ में एक ही दिन में अरबों डॉलर की कमी आई और दुनिया के पहले ट्रिलियनेयर बनने की दौड़ को बड़ा झटका लगा। हालांकि, कई विश्लेषकों का मानना है कि अगर SpaceX आने वाली तिमाहियों में AI निवेश को मुनाफे में बदलने का अपना दावा साबित कर देती है, तो यही रणनीति कंपनी और Musk दोनों के लिए गेमचेंजर साबित हो सकती है।

Yateendra Lawaniya
यतींद्र लवानियाauthor

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

और पढ़ें
End of Article