बिजनेस

Credit Card का बिल समय पर भरने के बाद भी क्यों गिरता है सिबिल स्कोर?

क्या आप अपने क्रेडिट कार्ड का बिल हमेशा समय पर भरते हैं, फिर भी आपका सिबिल (CIBIL) स्कोर कम होता जा रहा है? इसके पीछे की सबसे बड़ी वजह क्रेडिट यूटिलाइजेशन रेश्यो हो सकती है।

Image

Credit Card Tips (Photo: iStock)

क्या आप जानते हैं क्रेडिट ब्यूरो जैसे CIBIL आपके खर्च करने के पैटर्न पर बारीकी से नजर रखते हैं। अगर आपके क्रेडिट कार्ड उपयोग (Utilisation) में अचानक बढ़ोतरी होती है, तो यह वित्तीय दबाव (Financial Stress) का संकेत माना जा सकता है और इससे आपका क्रेडिट स्कोर गिर सकता है। अगर आप भी क्रेडिट कार्ड (Credit Card) का इस्तेमाल करते हैं तो क्रेडिट यूटिलाइजेशन रेश्यो को लेकर ये जानकारी आपके लिए बेहद काम की साबित होगी।

क्रेडिट यूटिलाइजेशन रेश्यो क्या है

क्रेडिट यूटिलाइजेशन रेश्यो (Credit Utilisation Ratio) एक फाइनेंशियल मेट्रिक (Financial Metric) है, जो यह बताता है कि आप अपनी कुल उपलब्ध क्रेडिट लिमिट में से कितना क्रेडिट इस्तेमाल कर रहे हैं। इसे एक उदाहरण से समझ सकते हैं।

Credit Utilisation Ratio

Credit Card Tips (Photo: iStock)

मान लीजिए आपकी कुल क्रेडिट लिमिट 2 लाख रुपये है और आप हर महीने औसतन 80,000 रुपये खर्च करते हैं। ऐसे में आप अपनी क्रेडिट लिमिट का 40% इस्तेमाल कर रहे हैं, इसलिए आपका क्रेडिट यूटिलाइजेशन रेशियो 40% होगा। यह एक अहम फैक्टर है, जिसे क्रेडिट ब्यूरो जैसे CIBIL आपके क्रेडिट स्कोर की गणना करने के लिए इस्तेमाल करते हैं।

क्रेडिट यूटिलाइजेशन रेश्यो कितना होना चाहिए

आमतौर पर यह सलाह दी जाती है कि आपका क्रेडिट यूटिलाइजेशन रेशियो 30% से कम होना चाहिए। इसका मतलब है कि अगर आपकी कुल क्रेडिट लिमिट 2 लाख रुपये है तो आपको 60,000 रुपये से ज्यादा खर्च नहीं करना चाहिए। अगर आप बार-बार अपनी पूरी क्रेडिट लिमिट (Max Out) का इस्तेमाल करते हैं, तो भले ही आप हर महीने पूरा बिल चुका दें, फिर भी क्रेडिट ब्यूरो जैसे CIBIL आपको जोखिम भरा (Risky) ग्राहक मान सकते हैं।

उदाहरण के लिए, अगर आप 2 लाख रुपये की लिमिट में से हर महीने 1,80,000 रुपये खर्च करते हैं, तो आपका क्रेडिट यूटिलाइजेशन 90% हो जाएगा और इसे बहुत ज्यादा माना जाता है। भले ही आप समय पर पूरा भुगतान कर दें, लेकिन लगातार इतना ज्यादा इस्तेमाल करने से आपका क्रेडिट स्कोर धीरे-धीरे कम हो सकता है।

अच्छी क्रेडिट हिस्ट्री कैसे बनेगी

अगर आप अपना क्रेडिट यूटिलाइजेशन रेशियो कम बनाए रखते हैं, तो समय के साथ यह एक अच्छी क्रेडिट हिस्ट्री बनाने में मदद करता है और आपका स्कोर बेहतर होता है। इसलिए जरूरी है कि आप हर महीने अपने क्रेडिट कार्ड स्टेटमेंट को ध्यान से मॉनिटर करें। आप अपनी कुल लिमिट के 25% तक पहुंचने पर अलर्ट सेट कर सकते हैं, ताकि खर्च नियंत्रण में रहे।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article