बिजनेस

Dollar Vs Rupee: लगातार चौथे दिन टूटा रुपया, अब 1 डॉलर की कीमत इतनी हुई

अमेरिकी डॉलर के सामने भारतीय रुपया टूटकर फिर 96 के पार निकल गया है। ईरान युद्ध फिर शुरू होने से यह गिरावट आई है।

Image

डॉलर बनाम रुपया

अमेरिकी डॉलर के सामने रुपये में गिरावट थमने का नाम नहीं ले रही है। बुधवार को रुपये में लगातार चौथे दिन गिरावट रही। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव, कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और डॉलर के मजबूत होने के कारण रुपया कमजोर हुआ। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की बिकवाली से भी रुपये पर दबाव बना रहा। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 96.28 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान यह 96.22 के उच्च स्तर और 96.37 के निचले स्तर के बीच घूमता रहा। अंत में यह पिछले बंद भाव की तुलना में आठ पैसे की गिरावट के साथ 96.33 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ।

ईरान संकट के कारण दबाब बढ़ा

रुपया बुधवार को नौ पैसे टूटकर 96.25 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, पश्चिम एशिया में अमेरिका और ईरान के बीच हमलों के कारण कच्चे तेल की कीमतें ऊंचे स्तर पर बनी हुई हैं। होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर बढ़ते खतरे ने ईरान युद्ध समाप्त करने के अंतरिम समझौते पर अनिश्चितता पैदा कर दी है, जिससे क्षेत्र में व्यापक संघर्ष की आशंका बढ़ गई है। मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा कि अमेरिका-ईरान के बीच तनाव और कच्चे तेल की ऊंची कीमतों के कारण रुपये में कमजोरी का रुख बना रह सकता है। हालांकि, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के इस बयान से कि ईरान, अमेरिका के साथ समझौता करना चाहता है, वैश्विक बाजार धारणा में कुछ सुधार हो सकता है। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) का हस्तक्षेप भी निचले स्तर पर रुपये को समर्थन दे सकता है।

इन आंकड़ों पर ट्रेडर की नजर

उन्होंने कहा कि कारोबारियों की नजर अमेरिका के खुदरा बिक्री और साप्ताहिक बेरोजगारी दावों के आंकड़ों पर रहेगी। डॉलर के मुकाबले रुपये की विनिमय दर 96.10 से 96.60 के दायरे में रह सकती है।

इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.02 प्रतिशत की बढ़त के साथ 100.50 पर रहा। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 0.39 प्रतिशत की गिरावट के साथ 84.62 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।

घरेलू शेयर बाजार बृहस्पतिवार को स्थिर रुख के साथ बंद हुआ। बीएसई सेंसेक्स 1.44 अंक की मामूली बढ़त के साथ 77,186.87 अंक पर रहा, जबकि निफ्टी 5.75 अंक फिसलकर 24,072.75 अंक पर आ गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने बुधवार को 735.83 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की।

Alok Kumar
आलोक कुमार author

आलोक कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एसोसिएट एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव रखने वाले आलोक ने अपने पत्रकारिता करियर में कई प्रमुख कॉर्पोरेट इवेंट्स और चर्चित स्टोरीज कवर की हैं। वह बिजनेस, बैंकिंग, शेयर मार्केट और पर्सनल फाइनेंस पर गहरी समझ रखते हैं और जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और पाठक-केंद्रित तरीके से प्रस्तुत करने में माहिर हैं। अब तक आलोक ने लगभग 18,000 स्टोरीज लिखी हैं। उनकी लेखन शैली भरोसेमंद, विश्लेषणात्मक और व्यावहारिक जानकारी देने वाली होती है।

और पढ़ें
End of Article