देश

कर्नाटक में कब होगा मंत्रिमंडल विस्तार? दिल्ली में हाईकमान से मिल रहे शिवकुमार; सुरजेवाला ने कही बड़ी बात

Karnataka Cabinet Expansion: कांग्रेस महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि मंत्रिमंडल में 20 पद खाली हैं और विधानसभा अध्यक्ष का पद भी खाली है। उन्होंने कहा कि शिवकुमार, सिद्दारमैया, बीके हरिप्रसाद और कई वरिष्ठ नेता दिल्ली आए हैं।

Image

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से मिले मुख्यमंत्री शिवकुमार सहित अन्य नेता (फोटो साभार: @INCKarnataka)

Photo : Twitter

Karnataka Cabinet Expansion: कर्नाटक मंत्रिमंडल का आखिर विस्तार कब होगा? यह सवाल लगभग हर कोई पूछ रहा है। मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार भी राष्ट्रीय राजधानी में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर कांग्रेस हाईकमान के साथ एक के बाद एक बैठकें कर रहे हैं। इस बीच, कांग्रेस महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला का गुरुवार को बड़ा बयान सामने आया। उन्होंने कहा कि इस संबंध में पार्टी नेतृत्व के स्तर पर शुरुआती दौर की चर्चा शुरू हो चुकी है और विधानसभा सत्र शुरू होने से पहले मंत्रिमंडल विस्तार हो जाएगा।

राहुल गांधी से मिले शिवकुमार

मुख्यमंत्री शिवकुमार, पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य सिद्दारमैया, कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बीके हरिप्रसाद ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल से मुलाकात की। हालांकि, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे मौजूद नहीं थे। बीके हरिप्रसाद के मुताबिक, मल्लिकार्जुन खरगे फिलहाल बेंगलुरु में हैं। ऐसे में चर्चा कम से कम एक दिन के लिए स्थगित कर दी गई है।

'मंत्रिमंडल विस्तार पर चर्चा शुरू'

बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में सुरजेवाला ने कहा कि मंत्रिमंडल में 20 पद खाली हैं और विधानसभा अध्यक्ष का पद भी खाली है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार जितनी हो सके उतनी खाली जगहों को भरेगी।

सुरजेवाला ने कहा, ''मुख्यमंत्री शिवकुमार, पूर्व मुख्यमंत्री सिद्दारमैया, प्रदेशाध्यक्ष बीके हरिप्रसाद और कई वरिष्ठ नेता दिल्ली आए हैं। शिवकुमार और सिद्दारमैया ने राहुल गांधी और केसी वेणुगोपाल से मुलाकात की है। बातचीत अभी शुरू हुई है। मैं आपको निश्चित तारीख नहीं बता सकता, लेकिन इतना तय है कि कर्नाटक में मंत्रिमंडल का विस्तार बहुत जल्द होगा।''

मंत्रिमंडल में 20 सीटें खाली

सुरजेवाला ने कहा, ''मंत्रिमंडल में 20 सीटें खाली हैं, जबकि विधानसभा अध्यक्ष का पद भी रिक्त है। बातचीत होने दें, बातचीत के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। पार्टी का प्रयास अधिकतम खाली सीटों को भरने का होगा और पूरी संभावना है कि विधान सभा सत्र शुरू होने से पहले मंत्रिमंडल का गठन पूरा कर लिया जाएगा। बता दें कि कर्नाटक विधानसभा का अगल सत्र जुलाई या अगस्त में आयोजित होने की संभावना है। अभी तक तारीख की घोषणा नहीं हुई है।

मंत्रिमंडल में हरिप्रसाद को भी मिलेगी जगह?

वहीं, मंत्रिमंडल में अपनी संभावित एंट्री को लेकर पूछे गए सवाल पर बीके हरिप्रसाद ने कहा कि इस संबंध में पार्टी हाईकमान ही फैसला करेगा। सनद रहे कि सिद्दारमैया के इस्तीफे के बाद मुख्यमंत्री शिवकुमार के नेतृत्व वाली सरकार में फिलहाल 14 मंत्री हैं, जिनमें उपमुख्यमंत्री जी परमेश्वर भी शामिल हैं। हाल ही में प्रियांक खरगे को गृह विभाग की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि यतींद्र सिद्दारमैया को शहरी विकास मंत्री बनाया गया है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article