बिजनेस

Share Market Today: लगातार 8वें दिन गिरा शेयर बजार, सेंसेक्स 199 तो निफ्टी 102 अंक गिरा

बीएसई सेंसेक्स 199.76 अंक या 0.26 प्रतिशत गिरकर 75,939.21 पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 699.33 अंक या 0.91 प्रतिशत गिरकर 75,439.64 पर आ गया था। एनएसई निफ्टी 102.15 अंक यानी 0.44 प्रतिशत गिरकर 22,929.25 पर बंद हुआ। एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग बढ़कर बंद हुए, जापान के निक्की में गिरावट हुई।

Image

लगातार 8वें दिन गिरा शेयर बजार

Photo : iStock

Share Market Today: विदेशी संस्थागत निवेशकों की पूंजी निकासी जारी रहने के चलते प्रमुख शेयर सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी में शुक्रवार को लगातार 8वें दिन गिरावट जारी रही। बाजार में कारोबार की शुरुआत सकारात्मक रुख के साथ हुई, लेकिन जल्द ही शुरुआती बढ़त खत्म हो गई। कारोबार के अंत में बीएसई सेंसेक्स 199.76 अंक या 0.26 प्रतिशत गिरकर 75,939.21 पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 699.33 अंक या 0.91 प्रतिशत गिरकर 75,439.64 पर आ गया था। एनएसई निफ्टी 102.15 अंक यानी 0.44 प्रतिशत गिरकर 22,929.25 पर बंद हुआ। आठ कारोबारी सत्रों में बीएसई सेंसेक्स 2,644.6 अंक यानी 3.36 प्रतिशत और निफ्टी 810 अंक यानी 3.41 प्रतिशत टूट चुका है।

सेंसेक्स के स्टॉक्स का हाल

सेंसेक्स के शेयरों में अदाणी पोर्ट्स में चार प्रतिशत से अधिक की गिरावट आई। इसके अलावा अल्ट्राटेक सीमेंट, सन फार्मा, इंडसइंड बैंक, एनटीपीसी और टाटा स्टील भी नुकसान में रहे। दूसरी ओर नेस्ले, आईसीआईसीआई बैंक, इंफोसिस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज और एचसीएल टेक लाभ में रहे। कंपनियों की कमजोर आय के कारण निवेशकों के बीच जोखिम से बचने की भावना हावी होती जा रही है।

क्यों हो रही है गिरावट

जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ''कमजोर तिमाही नतीजों, रुपये में गिरावट और शुल्क जैसे बाहरी कारकों से निकट भविष्य में बाजार धारणा कमजोर रहने का अनुमान है। एफआईआई की निकासी जारी रहने से गिरावट बढ़ सकती है।'' उन्होंने कहा कि जब तक शुल्क पर स्पष्टता नहीं आ जाती है, और कंपनियों की आय में सुधार नहीं होता है, तब तक अस्थिरता बनी रहने का अनुमान है। एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग बढ़कर बंद हुए, जापान के निक्की में गिरावट हुई। यूरोपीय बाजारों में मिलाजुला रुख रहा। अमेरिकी बाजार बृहस्पतिवार को बढ़त के साथ बंद हुए।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बृहस्पतिवार को 2,789.91 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.55 प्रतिशत बढ़कर 75.43 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

pawan mishra
Pawan Mishra author

पवन कुमार मिश्रा Timesnowhindi.com के साथ फरवरी 2024 से बतौर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में जुड़े हैं। जन्म दिल्ली में हुआ और शिक्षा भी यहीं से पूरी की है। कारों से खास प्रेम है और ऑटोमोबाइल जगत से संबंधित हर छोटी-बड़ी अपडेट पर अपनी नजर रखते हैं और लोगों को गाड़ियों से संबंधित आवश्यक जानकारी प्रदान करते हैं। इसके साथ ही लोगों की आम समस्याओं और समस्याओं के समाधान के बारे में यूटिलिटी सेक्शन में भी लिखते हैं। संगीत में काफी रूचि है और व्यस्त न होने पर गाने गुनगुनाते या सुनते हुए नजर आते हैं। घूमने का भी काफी शौक है और प्रकृति से काफी लगाव भी। रामजस कॉलेज से हिंदी साहित्य में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है और इससे पहले बिजनेसवर्ल्ड हिंदी में बतौर सब-एडिटर भी काम कर चुके हैं। पिछले 3.5 सालों से मीडिया इंडस्ट्री में मौजूद हैं।

और पढ़ें
End of Article