SEBI Action Against Vijay Mallya: मार्केट रेगुलेटर सेबी (SEBI) ने भगोड़े विजय माल्या को तीन साल की अवधि के लिए किसी भी लिस्टेड फर्म से जुड़ने और भारतीय शेयर बाजार में कारोबार करने से बैन कर दिया है। इससे पहले, सेबी ने यूबी ग्रुप के चेयरमैन और यूनाइटेड स्पिरिट्स लिमिटेड (यूएसएल) के प्रमोटर, कारोबारी विजय माल्या द्वारा भारतीय बाजारों में कथित फंड रूटिंग की खुद संज्ञान लेते हुए जांच शुरू की थी। सेबी ने शुक्रवार को कहा कि माल्या की "म्यूचुअल फंड यूनिट्स सहित सिक्योरिटीज की मौजूदा होल्डिंग फ्रीज रहेगी।
ये भी पढ़ें -
क्या है पूरा मामला
सेबी की जांच में पाया गया कि विजय माल्या ने अपने ग्रुप की कंपनियों, हर्बर्टसन लिमिटेड और यूएसएल के शेयरों में कारोबार करने के लिए फॉरेन इंस्टीट्यूशनल इंवेस्टर्स (एफआईआई) मैटरहॉर्न वेंचर्स को सब-अकाउंट के रूप में इस्तेमाल किया।
यूबीएस एजी, लंदन और फिर भारतीय बाजारों के साथ कई बेनेफिशियरी अकाउंट के जरिए पैसा भेजा गया। सेबी ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि विदेशी संस्थाओं का उपयोग करके इस रूट ने माल्या के निवेश को छिपा दिया।
कब की है ये जांच
मैटरहॉर्न वेंचर्स को हर्बर्टसन के शेयरहोल्डिंग पैटर्न में नॉन-प्रमोटर पब्लिक शेयरहोल्डर के रूप में दिखाया गया था, जबकि उसके पास 9.98% शेयर थे, जो वास्तव में प्रमोटर शेयर थे।
यह जांच माल्या के यूबीएस एजी, लंदन बैंक खातों में 1 जनवरी, 2006 और 31 मार्च, 2008 के बीच हुए लेन-देन की है, ताकि यह देखा जा सके कि सेबी के मानदंडों या विनियमों का कोई उल्लंघन तो नहीं हुआ।
सरकार कर रही वापस भारत लाने की कोशिश
विजय माल्या के पास यूनाइटेड ब्रुअरीज में 8.1% हिस्सेदारी है। 68 वर्षीय माल्या ब्रिटेन में है और सरकार माल्या को प्रत्यर्पित करने की कोशिश कर रही है। माल्या जो 2019 तक फोर्स इंडिया एफ1 टीम का सह-मालिक भी था, ने सभी आरोपों से इनकार किया है।
एक्सचेंज डेटा के अनुसार, माल्या के पास बीयर बनाने वाली कंपनी यूनाइटेड ब्रुअरीज में 8.1% हिस्सेदारी है और वह कंपनी का चेयरमैन है। स्मरनॉफ वोदका बनाने वाली कंपनी यूनाइटेड स्पिरिट्स में माल्या की 0.01% हिस्सेदारी है।
