नई दिल्ली। ब्रांड इंटेलिजेंस और डेटा इनसाइट्स कंपनी टीआरए (TRA) के अनुसार, रिलायंस जियो (Reliance Jio) भारती एयरटेल (Bharti Airtel) और वोडाफोन आइडिया (Vodafone Idea) को पछाड़कर भारत की सबसे मजबूत टेलिकॉम ब्रांड के रूप में उभरी है। पूर्व में ट्रस्ट रिसर्च एडवाइजरी, टीआरए ने अपने 'इंडियाज मोस्ट डिजायर्ड ब्रांड्स 2022' (India’s Most Desired Brands 2022) में कंपनियों की ब्रांड ताकत के अनुसार उनकी रैंकिंग की है। टेलिकॉम कैटेगरी की लिस्ट में रिलायंस जियो के बाद भारती एयरटेल, वोडाफोन आइडिया और बीएसएनएल (BSNL) का स्थान रहा।
परिधान, ऑटो और बैंकिंग में ये रही टॉप कंपनियां
परिधान कै कैटेगरी में एडिडास (Adidas) ने टॉप स्थान हासिल किया। इसके बाद नाइकी, रेमंड, एलन सोली और पीटर इंग्लैंड का स्थान रहा। ऑटो की कैटेगरी की बात करें, तो इसमें बीएमडब्ल्यू (BMW) टॉप पर रही। इसके बाद लिस्ट में टोयोटा, हुंडई और होंडा (Honda) शामिल हैं। बैंकिंग और फाइनेंशियल सर्विस की कैटेगरी में एलआईसी (LIC) शीर्ष स्थान पर रही। इसके बाद दूसरे और तीसरे स्थान पर क्रमशः भारतीय स्टेट बैंक (SBI) और आईसीआईसीआई बैंक रहे।
अन्य कैटेगरी में इन कंपनियों ने मारी बाजी
उपभोक्ता उपकरण श्रेणियों में केंट, लिवप्योर और ओकाया ने शीर्ष स्थान हासिल किया, जबकि उपभोक्ता इलेक्ट्रॉनिक्स सेगमेंट में शीर्ष तीन स्थानों पर एलजी (LG), सोनी (Sony) और सैमसंग (Samsung) का दबदबा रहा। डायवर्सिफाइड समूह की लिस्ट में आईटीसी (ITC), टाटा और रिलायंस (Reliance) टॉप तीन कंपनियां थी। हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL), इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन और अडानी एनर्जी कैटेगरी में टॉप में रहे।
लिस्ट में ये कंपनियां भी शामिल
खाद्य की कैटेगरी की बात करें, तो इसमें, अमूल (Amul) के बाद नेस्कैफे (Nescafe) शीर्ष ब्रांड था। एफएमसीजी कैटेगरी में फॉग ने शीर्ष स्थान पर कब्जा कर लिया। इसके बाद लैकमे (Lakme), निविया और कोलगेट का स्थान रहा। फास्ट मूविंग बिजली के सामानों की लिस्ट में फिलिप्स को शीर्ष ब्रांड के रूप में चुना गया। गैजेट्स में एमआई (Mi) और हेल्थकेयर में हिमालया (Himalaya), हॉस्पिटैलिटी में आईटीसी (ITC), मैन्युफैक्चरिंग में एसीसी (ACC), रिटेल में केएफसी (KFC) और टेक्नोलॉजी में डेल को चुना गया।
