Imran Khan Video: दिल्ली की तरह अब मुंबई में भी छात्र सड़कों पर उतर आए हैं। NEET पेपर लीक मामले को लेकर छात्रों का गुस्सा अब खुलकर सामने आ रहा है। मुंबई में कई बॉलीवुड सितारे भी इस प्रदर्शन में शामिल हो रहे हैं। आज 'धुरंधर' एक्ट्रेस आयशा खान को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इस बीच बॉलीवुड एक्टर और आमिर खान के भांजे इमरान खान (Imran Khan) भी छात्रों के समर्थन में उतर आए हैं। उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर धड़ल्ले से वायरल हो रहा है। (Times Now Navbharat पर ये भी पढ़ें-24 तारीख को इस समय आएगा Ramayana का ट्रेलर)
विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए इमरान खान
मुंबई के शिवाजी पार्क में NEET पेपर लीक के विरोध में बड़ी संख्या में छात्र और लोग एकजुट हुए। दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र आंदोलन की तरह मुंबई में भी युवाओं ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में बॉलीवुड एक्टर और आमिर खान के भांजे इमरान खान भी शामिल हुए। एक प्रदर्शनकारी ने इमरान खान का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया। वीडियो में इमरान खान शांतिपूर्वक प्रदर्शन में शामिल होते नजर आए। इस दौरान कई फैंस ने उन्हें पहचान लिया, जिसके बाद उन्होंने उनके साथ तस्वीरें और सेल्फी भी खिंचवाईं।
इमरान खान ने कही थी ये बात
हाल ही में इमरान खान ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई पर भी प्रतिक्रिया दी थी। इंस्टाग्राम पोस्ट में उन्होंने लिखा, 'आज मेरा दिल टूट गया। छात्रों पर आंसू गैस छोड़े जाने और लाठीचार्ज की तस्वीरें देखकर बहुत दुख हुआ।' उन्होंने कहा कि जिन छात्रों ने मेहनत से पढ़ाई की, उन्हें सिस्टम ने निराश किया। इमरान ने लिखा कि जिन्होंने अपनी बात रखने की कोशिश की, उनकी आवाज दबा दी गई। उन्होंने कहा कि जो लोग अपने हक के लिए खड़े हुए, उन्हें ही निशाना बनाया गया। इमरान खान ने भी कहा कि छात्रों से हर बात में जवाबदेही की उम्मीद की जाती है, लेकिन सत्ता में बैठे लोगों से वही सवाल नहीं पूछे जाते।
