स्पोर्ट्स

China Open Badminton:दूसरे दौर में पहुंचे पीवी सिंधू और लक्ष्य सेन, आयुष शेट्टी ने किया 11वें नंबर के खिलाड़ी हराकर उलटफेर

चाइना ओपन में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार शुरुआत की है। भारत की पीवी सिंधू, लक्ष्य सेन और आयुष शेट्टी ने दूसरे राउंड में प्रवेश कर लिया है। आयुष शेट्टी ने 11वें नंबर के खिलाड़ी को हराकर उलटफेर कर दिया।

Image

पीवी सिंधू (फाइल फोटो)

चांगझोउ: आयुष शेट्टी ने बड़ा उलटफेर करते हुए दुनिया के 11वें नंबर के खिलाड़ी अल्वी फरहान को हरा दिया जबकि दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु ने हमवतन उन्नति हुड्डा की कड़ी चुनौती से पार पाकर बुधवार को यहां चाइना ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के दूसरे दौर में प्रवेश किया। भारत के नंबर एक पुरुष एकल खिलाड़ी लक्ष्य सेन ने भी अगले दौर में जगह बनाई। उन्होंने जापान के दुनिया के 19वें नंबर के खिलाड़ी यूशी तनाका को 53 मिनट तक चले कड़े मुकाबले में 22-20, 15-21, 21-14 से हराया। विश्व रैंकिंग में 14वें स्थान पर मौजूद भारतीय खिलाड़ी लक्ष्य सेन प्री-क्वार्टर फाइनल में कनाडा के आठवीं वरीयता प्राप्त विक्टर लाई का सामना करेंगे। लाई विश्व रैंकिंग में आठवें स्थान पर हैं।

जापान ओपन जीतकर दो साल के खिताबी सूखे को खत्म करने वाली सिंधू को 18 वर्षीय उन्नति के खिलाफ कड़ी मेहनत करनी पड़ी। उन्होंने 56 मिनट तक चले महिला एकल मुकाबले में उन्नति को 21-14, 9-21, 21-10 से शिकस्त दी। उन्नति ने पहले गेम में सिंधू को कड़ी टक्कर दी और स्कोर 7-7 तक बराबरी पर रखा। इसके बाद सिंधू ने लय हासिल करते हुए पांच अंक जीतकर 12-8 की बढ़त बना ली और पहला गेम 21-14 से अपने नाम किया।

दूसरे गेम में उन्नति ने शानदार वापसी की। 2-2 की बराबरी के बाद उन्होंने 6-3 की बढ़त बनाई और फिर लगातार छह अंक जीतकर स्कोर 12-4 कर दिया। सिंधू इस दौरान लय हासिल नहीं कर सकीं और उन्नति ने दूसरा गेम एकतरफा अंदाज में 21-9 से जीतकर मुकाबले को निर्णायक गेम में पहुंचा दिया।

सिंधू ने हालांकि तीसरे गेम में अपने अनुभव का इस्तेमाल करते हुए जोरदार वापसी की। उन्होंने स्कोर 6-3 से 10-5 तथा फिर 15-8 तक पहुंचाया। अंत में सिंधू ने तीसरा गेम 21-10 से जीतकर अगले दौर में प्रवेश किया। प्री क्वार्टर फाइनल में सिंधू का सामना चौथी वरीयता प्राप्त घरेलू खिलाड़ी चेन यूफेई से होगा। सिंधू ने पिछले सप्ताह जापान ओपन के सेमीफाइनल में चेन को सीधे गेमों में हराया था। हालांकि दोनों खिलाड़ियों के बीच मुकाबलों में चेन को 8-7 की मामूली बढ़त हासिल है।

शेट्टी ने इंडोनेशिया के पूर्व विश्व जूनियर चैंपियन अल्वी फरहान को 17-21, 21-5, 21-17 से हराकर पुरुष एकल के पहले दौर के सबसे बड़े उलटफेरों में से एक को अंजाम दिया। 57 मिनट तक चले मुकाबले में शेट्टी पहला गेम हार गए थे, लेकिन उन्होंने शानदार वापसी करते हुए दूसरा गेम पूरी तरह अपने नियंत्रण में रखा। निर्णायक गेम में उन्होंने धैर्य बनाए रखा और यादगार जीत दर्ज की। अब उनका सामना आयरलैंड के नहाट एनगुएन से होगा।

पुरुष युगल में हरिहरन अम्साकरुणन और एम आर अर्जुन की जोड़ी को चीन के लियांग वेई केंग और वांग चांग के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। भारतीय जोड़ी 30 मिनट से भी कम समय में 16-21, 7-21 से मुकाबला हार गई। मिश्रित युगल में रोहन कपूर और रुत्विका शिवानी को शीर्ष वरीयता प्राप्त चीन के फेंग यान झे और हुआंग डोंग पिंग की जोड़ी से 9-21, 16-21 से हार मिली। वहीं ध्रुव कपिला और तनीषा क्रास्टो को पांचवीं वरीय चीनी जोड़ी गुओ शिन वा और चेन फांग हुई के खिलाफ 41 मिनट तक चले मुकाबले में 18-21, 18-21 से पराजय मिली।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article