बिजनेस

Dollar Vs Rupee: कच्चे तेल में उछाल से रुपया धड़ाम, अब 1 डॉलर की कीमत इतनी हुई

अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल का भाव 95 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंच गया है। इससे आज शेयर बाजार में बड़ी गिरावट रही। इसका असर रुपये पर भी हुआ। रुपया टूट गया।

Image

डॉलर बनाम रुपया

कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल और बढ़ती वैश्विक अनिश्चितता के दबाव में रुपया बुधवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 34 पैसे टूटकर 96.59 (अस्थायी) पर रहा। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि वैश्विक बाजारों में जोखिम से बचने की धारणा और घरेलू शेयर बाजार में कमजोर रुख ने भी निवेशकों की भावना को प्रभावित किया। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 96.36 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान यह 96.25 से 96.57 प्रति डॉलर के दायरे में रहा। अंत में यह 96.59 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर आ गया जो पिछले बंद भाव से 34 पैसे की गिरावट है। रुपया मंगलवार को 11 पैसे की बढ़त के साथ 96.25 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

रुपये टूटने पर एक्सपर्ट ने क्या कहा?

एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ शोध विश्लेषक दिलीप परमार ने कहा कि मंगलवार की थोड़ समय की तेजी के बाद कच्चे तेल की कीमतों में उछाल और बढ़ती भू-राजनीतिक अनिश्चितता के कारण भारतीय रुपये पर फिर दबाव बन गया है। उन्होंने कहा कि अमेरिकी शुल्क संबंधी बयानबाजी को लेकर फिर बढ़ी चिंताओं ने भी बाजार धारणा को कमजोर किया है। डॉलर के मुकाबले रुपये का हाजिर भाव 96.10 से 97 के बीच रह सकता है।

मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा कि अमेरिका के ईरान पर हमला किए जाने और उसके जवाब में ईरान द्वारा कुवैत, बहरीन और जॉर्डन में अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाए जाने के बाद कच्चे तेल की कीमतें बढ़ीं। इसके अलावा, हूती विद्रोहियों ने बाब-अल-मंदेब जलडमरूमध्य से सऊदी अरब का तेल ले जाने वाले जहाजों को निशाना बनाने की भी धमकी दी है।

उन्होंने कहा कि कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल से भी रुपये पर दबाव पड़ा। हालांकि, दोनों देशों के बीच कूटनीतिक वार्ता रुपये में बड़ी गिरावट को रोक सकती है। साथ ही, केंद्रीय बैंक का संभावित हस्तक्षेप भी निचले स्तर पर रुपये को सहारा दे सकता है। चौधरी ने कहा कि डॉलर के मुकाबले रुपये का हाजिर भाव 96.25 से 96.85 के दायरे में रह सकता है।

डॉलर इंडेक्स में मामूली गिरावट

इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.07 प्रतिशत की गिरावट के साथ 101.10 पर रहा। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 4.30 प्रतिशत की बढ़त के साथ 94.92 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि लाल सागर और होर्मुज जलडमरूमध्य से सुरक्षित आपूर्ति की चिंताओं के कारण कच्चे तेल की कीमतें ऊंचे स्तर पर बनी हुई हैं।

घरेलू शेयर बाजार में बीएसई सेंसेक्स 715.06 अंक टूटकर 76,755.05 अंक पर जबकि एनएसई निफ्टी 191.45 अंक की गिरावट के साथ 23,996.25 अंक पर बंद हुआ। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) मंगलवार को शुद्ध लिवाल रहे और उन्होंने 1,650.16 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे।

Alok Kumar
आलोक कुमार author

आलोक कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एसोसिएट एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव रखने वाले आलोक ने अपने पत्रकारिता करियर में कई प्रमुख कॉर्पोरेट इवेंट्स और चर्चित स्टोरीज कवर की हैं। वह बिजनेस, बैंकिंग, शेयर मार्केट और पर्सनल फाइनेंस पर गहरी समझ रखते हैं और जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और पाठक-केंद्रित तरीके से प्रस्तुत करने में माहिर हैं। अब तक आलोक ने लगभग 18,000 स्टोरीज लिखी हैं। उनकी लेखन शैली भरोसेमंद, विश्लेषणात्मक और व्यावहारिक जानकारी देने वाली होती है।

और पढ़ें
End of Article