त्योहारी सीजन चल रहा है। अभी हर कोई अपनी पसंद के अनुसार जरूरी सामानों की खरीदारी कर रहा है। इसके चलते बहुत सारे लोगों का बजट बिगड़ रहा है। ऐसे में लोग पैसे की जरूरत को पूरा करने के लिए लोन ले रहे हैं। आम लोगों के लिए सबसे आसान पर्सनल लोन होता है क्योंकि बैंक आसानी से और काफी कम समय में यह लोन दे देते हैं। हालांकि, ब्याज ज्यादा वसूलते हैं। पैसे की तुरंत जरूरत पर एक दूसरा विकल्प भी है, जिसे काफी कम लोग आजमाते हैं। वह है पीपीएफ जमा के एवज में लोन का विकल्प। अगर आपने पीपीएफ में निवेश शुरू किया है तो इस विकल्प को चुन सकते हैं। आइए इन दोनों लोन विकल्प के बारे में जानते हैं।
PPF जमा पर लोन लेना सस्ता
पीपीएफ लोन आपको अपने खाते की कुल राशि का 25 प्रतिशत लोन के रूप में लेने की अनुमति देता है। इसकी ब्याज दर भी आमतौर पर पीपीएफ की 7.1 प्रतिशत की दर से केवल 1-2 प्रतिशत अधिक होती है। आप तीन साल के भीतर लोन चुकाते हैं, और आप एक साल में एक ही लोन ले सकते हैं। चूंकि यह पीपीएफ खाते में जमा राशि के पर लोन मिलता है, इसलिए जोखिम कम होता है, और अगर किश्तें समय पर चुकाई जाती हैं तो खाते पर ब्याज भी मिलता है।
पर्सनल लोन पर मोटा ब्याज
बैंक आसानी से पर्सनल लोन देते हैं। नौकरीपेशा वर्ग के लिए पर्सनल लोन लेना काफी आसान होता है। सैलरी के आधार पर बैंक लाखों रुपये का लोन दे देते हैं। बैंक एक साल से पांच साल तक के लिए पर्सनल लोन देते हैं। हालांकि, ब्याज मोटा वसूलते हैं। पर्सनल लोन पर ब्याज 10 प्रतिशत से शुरू होकर 24 प्रतिशत तक होती है। एनबीएफसी इससे अधिक भी ब्याज वसूलते हैं।
कौन सा लोन का बेहतर विकल्प?
पर्सनल लोन आसानी से मिलते हैं। आज के समय में बहुत सारे बैंक ऑनलाइन लोन देने का विकल्प दे रहे हैं। पर्सनल साल में एक से ज्यादा बार भी लिए जा सकते हैं। अगर आप सुरक्षित और कम ब्याज में लोन चाहते हैं, और आपका PPF खाता पुराना है, तो PPF लोन सबसे बेहतर है। अगर तत्काल जरूरत है और आपके पास PPF खाता नहीं है, तो Personal Loan ही सही विकल्प है। PPF लोन और Personal Loan दोनों के अपने फायदे हैं। जरूरत, समय और ब्याज दर को समझकर ही निर्णय लें। अगर लंबी अवधि का प्लान है और आपका PPF खाता पुराना है, तो PPF लोन सबसे बेहतर। अगर तत्काल पैसा चाहिए, तो Personal Loan मददगार रहेगा।
