बिजनेस

त्योहारों पर Gold खरीदने की कर रहे हैं तैयारी? Hallmark और Making Charges का भी रखें ध्यान

सोना खरीदने की योजना बना रहे हैं तो सावधानी के साथ की गई खरीदारी आपको बेहतर डील दिला सकती है। सोना एक बड़ी वित्तीय खरीद भी है, इसलिए बिल, हॉलमार्क और सभी चार्ज की जांच किए बिना पेमेंट न करें।

Image

गोल्ड खरीदने की कर रहे तैयारी इन चार्जेस का भी रखें ख्याल (Photo: iStock)

फेस्टिव सीजन में सोना (Gold) खरीदना भारतीय परिवारों के लिए एक खास परंपरा रही है। धनतेरस, दिवाली और शादी-ब्याह के सीजन में लोग ज्वेलरी खरीदते हैं। लेकिन सोने की कीमत के अलावा, कुछ ऐसे चार्ज भी होते हैं, जो आपके कुल बिल को काफी बढ़ा सकते हैं। इसलिए ज्वेलरी खरीदने से पहले सिर्फ सोने का भाव देखना काफी नहीं है।हॉलमार्क, शुद्धता और मेकिंग चार्ज की जानकारी रखना भी जरूरी है।

हॉलमार्क करें चेक

सबसे पहले ज्वेलरी पर हॉलमार्क जरूर चेक करें। हॉलमार्क से सोने की शुद्धता की पहचान होती है। आमतौर पर 22 कैरेट ज्वेलरी पर 916 लिखा होता है, जिसका मतलब है कि इसमें 91.6 फीसदी शुद्ध सोना है। इसी तरह 18 कैरेट सोने पर 750 और 14 कैरेट पर 585 अंक दर्ज हो सकते हैं। ज्वेलरी खरीदते समय BIS का हॉलमार्क और यूनिक आइडेंटिफिकेशन नंबर यानी HUID भी देखना चाहिए। इससे ग्राहक को सोने की शुद्धता को लेकर अधिक भरोसा मिलता है।

मेकिंग चार्ज पर भी दें ध्यान

इसके बाद मेकिंग चार्ज पर ध्यान दें। मेकिंग चार्ज वह रकम है, जो ज्वेलरी बनाने की कारीगरी और डिजाइन के लिए ली जाती है। यह अलग-अलग ज्वेलर्स और डिजाइन के हिसाब से बदल सकता है। भारी डिजाइन, ज्यादा बारीक काम या विशेष कारीगरी वाली ज्वेलरी पर मेकिंग चार्ज अधिक हो सकता है। कई बार इसे प्रति ग्राम और कई बार सोने की कीमत के प्रतिशत के रूप में लिया जाता है। इसलिए खरीदारी से पहले पूछें कि मेकिंग चार्ज कितने रुपये प्रति ग्राम या कितने प्रतिशत है।

जीएसटी और दूसरे शुल्क भी समझें

सिर्फ मेकिंग चार्ज ही नहीं, ज्वेलरी के बिल में GST और अन्य लागू शुल्क भी शामिल हो सकते हैं। इसलिए अंतिम भुगतान से पहले पूरा ब्रेकअप मांगना बेहतर है। इसमें सोने का वजन, प्रति ग्राम कीमत, शुद्धता, मेकिंग चार्ज और टैक्स अलग-अलग देख लें।

कीमत और चार्ज की करें तुलना

फेस्टिव सीजन में कई ज्वेलर्स डिस्काउंट या कम मेकिंग चार्ज का ऑफर देते हैं। ऐसे ऑफर को देखकर तुरंत खरीदारी करने के बजाय कम से कम दो-तीन दुकानों पर कीमत और चार्ज की तुलना करें। साथ ही पत्थर लगी ज्वेलरी में पत्थरों का वजन और उनकी कीमत भी अलग से पूछें, ताकि आपको वास्तविक सोने की मात्रा का पता रहे।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article