CBSE Private Candidate Form 2027: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने कक्षा 10वीं और 12वीं की 2027 बोर्ड परीक्षा में प्राइवेट कैंडिडेट के तौर पर शामिल होने वाले छात्रों के लिए परीक्षा फॉर्म जारी कर दिया है। बोर्ड की ओर से दोनों कक्षाओं के लिए नोटिस 7 अक्टूबर 2026 को जारी किया गया था और ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 8 अक्टूबर 2026 से शुरू हो गई है। योग्य उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।
कौन कर सकता है आवेदन?
CBSE के मुताबिक 2026 की परीक्षा में Essential Repeat घोषित किए गए उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा 2026 में कंपार्टमेंट में रखे गए और निर्धारित पिछले वर्षों में फेल या Essential Repeat घोषित उम्मीदवार भी निर्धारित शर्तों के अनुसार आवेदन कर सकते हैं। वहीं, 2026 में बोर्ड परीक्षा पास कर चुके वे उम्मीदवार जो एक या अधिक विषयों में अपने प्रदर्शन में सुधार करना चाहते हैं, वे भी पात्रता शर्तों के अनुसार प्राइवेट कैंडिडेट के रूप में आवेदन कर सकते हैं।
23 अक्टूबर है लास्ट डेट
प्राइवेट कैंडिडेट के लिए आवेदन की बिना लेट फीस अंतिम तारीख 23 अक्टूबर 2026 है। इसके बाद उम्मीदवार 24 अक्टूबर से 30 अक्टूबर 2026 तक लेट फीस के साथ फॉर्म जमा कर सकेंगे। CBSE के अनुसार 2027 की प्राइवेट परीक्षाएं फरवरी, मार्च और अप्रैल 2027 के दौरान आयोजित की जाएंगी। ध्यान रखें, 23 अक्टूबर के बाद आवेदन करने पर 2,000 रुपये की लेट फीस लगेगी। इसलिए योग्य उम्मीदवार समय रहते अपना फॉर्म भर दें।
कितनी है फीस?
CBSE ने अतिरिक्त विषय के लिए 320 रुपये प्रति विषय प्रति उम्मीदवार फीस निर्धारित की है। निर्धारित अवधि के बाद आवेदन करने पर सामान्य फीस के अलावा 2,000 रुपये लेट फीस देनी होगी। फीस का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से किया जा सकता है।
इन दस्तावेजों की पड़ सकती है जरूरत
आवेदन करते समय पिछली CBSE परीक्षा की मार्कशीट और परीक्षा संबंधी जानकारी तैयार रखें। उम्मीदवार को हाल की रंगीन फोटो भी अपलोड करनी होगी। दिव्यांगता से संबंधित छूट या सुविधा का दावा करने वाले अभ्यर्थियों को निर्धारित मेडिकल या दिव्यांगता प्रमाणपत्र भी अपलोड करना होगा। CBSE ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि फॉर्म में दर्ज जानकारी और चुने गए विषयों को सबमिट करने से पहले अच्छी तरह जांच लें।
कैसे करें आवेदन?
उम्मीदवार सबसे पहले CBSE की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। यहां प्राइवेट कैंडिडेट के लिए दिए गए “व्यक्तिगत परीक्षार्थी” लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद कक्षा 10 या 12 और अपनी कैटेगरी चुनकर जरूरी जानकारी भरें। उम्मीदवारों को विषय और परीक्षा शहर का चयन भी करना होगा। इसके बाद फोटो अपलोड कर फीस जमा करें और फॉर्म सबमिट करने के बाद उसकी कॉपी डाउनलोड करके सुरक्षित रख लें।
