टेक एंड गैजेट्स

Flipkart Amazon Sale: त्योहारों में ऑनलाइन शॉपिंग करते समय इन 4 साइबर फ्रॉड से बचें, एक छोटी सी गलती से होगा बड़ा नुकसान

ई-कॉमर्स वेबसाइट्स पर भारी डिस्काउंट और ऑफर्स देखकर लोग जल्दी-जल्दी खरीदारी करने लगते हैं। इसी मौके का फायदा साइबर ठग भी उठाते हैं। वे फर्जी ऑफर, नकली वेबसाइट और दूसरे तरीकों से लोगों को अपने जाल में फंसा सकते हैं।

Image

फेस्टिव सीजन में ऑनलाइन खरीदारी कते समय बेहद सावधानी बरतने की जरूरत है।

फेस्टिव सीजन में इस समय अमेजन, फ्लिपकार्ट, मिंत्रा, जैसे लगभग सभी ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म में साल की सबसे बड़ी सेल चल रही है। अगर आप स्मार्टफोन, स्मार्ट टीवी, एसी, गीजर, या फिर कोई और सामान खरीदना चाहते हैं तो आपके पास अभी खरीदारी का अच्छा मौका है। हालांकि सिर्फ बड़ा डिस्काउंट देखकर अगर आप शॉपिंग करने जाते हैं तो आपको बड़ा नुकसान हो सकता है। दरअसल फेस्टिव सीजन में साइबर क्रिमिनल्स भी जमकर एक्टिव होते हैं और फेक ऑफर्स दिखाकर लोगों को ठगी का शिकार बना सकते हैं।

ई-कॉमर्स वेबसाइट्स पर भारी डिस्काउंट और ऑफर्स देखकर लोग जल्दी-जल्दी खरीदारी करने लगते हैं। इसी मौके का फायदा साइबर ठग भी उठाते हैं। वे फर्जी ऑफर, नकली वेबसाइट और दूसरे तरीकों से लोगों को अपने जाल में फंसा सकते हैं। ऐसे में ऑनलाइन शॉपिंग करते समय थोड़ी सावधानी आपको बड़े आर्थिक नुकसान से बचा सकती है।

फर्जी डिस्काउंट ऑफर से रहें सावधान

त्योहारों के दौरान WhatsApp, SMS और सोशल मीडिया पर ऐसे मैसेज आ सकते हैं, जिनमें बहुत ज्यादा डिस्काउंट या महंगे सामान पर भारी छूट का दावा किया जाता है। मैसेज में दिए लिंक पर क्लिक करते ही आपको फर्जी वेबसाइट पर ले जाया जा सकता है, जहां आपकी बैंकिंग या कार्ड की जानकारी चोरी हो सकती है। इसलिए किसी भी ऑफर पर भरोसा करने से पहले उसे संबंधित कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट या ऐप पर जरूर चेक करें।

नकली वेबसाइट से न करें खरीदारी

साइबर ठग कई बार असली शॉपिंग वेबसाइट जैसी दिखने वाली नकली वेबसाइट बना देते हैं। नाम, लोगो और डिजाइन देखकर वेबसाइट असली लग सकती है, लेकिन पेमेंट करते ही पैसा फंस सकता है या आपकी निजी जानकारी ठगों के पास पहुंच सकती है। इसलिए वेबसाइट का URL ध्यान से देखें और कोशिश करें कि खरीदारी हमेशा भरोसेमंद और आधिकारिक ऐप या वेबसाइट से ही करें।

फर्जी कस्टमर केयर के चक्कर में न पड़ें

ऑनलाइन ऑर्डर में परेशानी होने पर लोग अक्सर इंटरनेट पर कस्टमर केयर नंबर खोजते हैं। ठग फर्जी कस्टमर केयर नंबर के जरिए लोगों से संपर्क कर सकते हैं और समस्या ठीक करने के नाम पर OTP, कार्ड डिटेल या UPI से पेमेंट करने को कह सकते हैं। याद रखें, OTP, UPI PIN या कार्ड का CVV किसी के साथ शेयर नहीं करना चाहिए।

पेमेंट लिंक और QR कोड से रहें सावधान

कई बार ठग रिफंड या ऑफर का पैसा देने के नाम पर QR कोड स्कैन करने या किसी लिंक से पेमेंट करने को कहते हैं। ध्यान रखें कि पैसे प्राप्त करने के लिए UPI PIN डालने की जरूरत नहीं होती। अगर कोई व्यक्ति रिफंड या कैशबैक के नाम पर UPI PIN डालने या पेमेंट करने को कह रहा है, तो यह फ्रॉड का संकेत हो सकता है।

छोटी सी सावधानी से बच सकता है बड़ा नुकसान

त्योहारों में ऑफर्स देखकर जल्दबाजी में कोई भी लिंक खोलने या पेमेंट करने से बचें। वेबसाइट का पता जांचें, अनजान लिंक पर क्लिक न करें और अपनी बैंकिंग जानकारी किसी के साथ शेयर न करें। अगर आपको ऑनलाइन फ्रॉड का शक हो या पैसे का नुकसान हो जाए, तो तुरंत 1930 साइबर क्राइम हेल्पलाइन पर शिकायत करें।
Gaurav Tiwari
गौरव तिवारीauthor

गौरव तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट को कवर करते हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 9 वर्षों के अनुभव के साथ, गौरव तकनीकी दुनिया की तेजी से बदलती जानकारियो को सरल और समझने योग्य भाषा में पेश करने के लिए जाने जाते हैं। वह गैजेट रिव्यू, टेलिकॉम अपडेट्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर क्राइम, टिप्स एंड ट्रिक्स, ई-कॉमर्स और ऑटोमोबाइल सेक्टर की महत्वपूर्ण खबरों पर लगातार काम करते हैं। गौरव अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। उनकी स्टोरीज न सिर्फ टेक-सेवी पाठकों के लिए उपयोगी होती हैं, बल्कि आम यूजर्स को भी नई तकनीक समझने और अपनाने में मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article