आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन है। वह 76 वर्ष के हो गए हैं। यह सिर्फ उनका जन्मदिन मनाने का अवसर नहीं है, बल्कि प्रधानमंत्री के तौर पर उनके 12 वर्षों के कार्यकाल को देखने का भी मौका है। मई 2014 में जब नरेंद्र मोदी ने पहली बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी, तब उनके सामने तेज विकास, निर्णायक शासन और वैश्विक मंच पर भारत की भूमिका को मजबूत करने जैसी बड़ी चुनौतियां थीं। 12 साल बाद उनके कार्यकाल को मोटे तौर पर दो तस्वीरों में देखा जा सकता है एक तरफ विकास और जनकल्याण से जुड़ी योजनाओं और नीतियों का विस्तार, तो दूसरी तरफ देश की अर्थव्यवस्था, बुनियादी ढांचे और वैश्विक स्तर पर भारत की भूमिका को लेकर किए गए प्रयास।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने पिछले वर्षों में अलग-अलग वर्गों के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं शुरू की हैं। इनका उद्देश्य लोगों को आवास, स्वास्थ्य, बैंकिंग, गैस, बिजली, बीमा, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा जैसी सुविधाओं से जोड़ना है। इनमें कुछ योजनाएं गरीब और ग्रामीण परिवारों पर केंद्रित हैं, तो कुछ किसानों, महिलाओं, छोटे कारोबारियों और असंगठित क्षेत्र के लोगों के लिए हैं।
प्रधानमंत्री आवास योजना से लेकर पीएम सूर्य घर योजना तक, सरकार की कई योजनाओं में सीधे आर्थिक सहायता, सब्सिडी, बीमा कवर या दूसरी सुविधाएं दी जाती हैं। उदाहरण के लिए, पीएम सूर्य घर योजना के तहत घरों में रूफटॉप सोलर लगाने के लिए केंद्रीय वित्तीय सहायता का प्रावधान है। जुलाई 2026 तक 48 लाख से ज्यादा घरों को इस योजना के तहत लाभ मिलने की जानकारी सरकार ने दी थी।
इसी तरह प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत पात्र गरीब परिवारों की महिलाओं को LPG कनेक्शन उपलब्ध कराने का प्रावधान है। सरकार के अनुसार मई 2026 तक 10.57 करोड़ से अधिक LPG कनेक्शन दिए जा चुके थे। तो आइए आपको मोदी सरकार की 10 बड़ी योजनाओं के बारे में बताते हैं जो आम आदमी को रोज फायदा दिला रही हैं.
आम लोगों से जुड़ी प्रमुख योजनाएं
- प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY): पात्र परिवारों को पक्का घर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चलाई जाने वाली योजना है। इसके ग्रामीण और शहरी, दोनों हिस्से हैं। ग्रामीण क्षेत्र में घर निर्माण के लिए पात्र लाभार्थियों को सरकारी सहायता दी जाती है।
- पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना: घर की छत पर रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाने को बढ़ावा देने वाली योजना है। पात्र घरेलू उपभोक्ताओं को सोलर सिस्टम लगाने के लिए केंद्रीय वित्तीय सहायता मिलती है।
- प्रधानमंत्री जन-धन योजना (PMJDY): ऐसे लोगों को बैंकिंग सिस्टम से जोड़ने पर जोर देती है, जिनके पास पहले बैंक खाता नहीं था। इसके जरिए बैंक खाता, जमा और अन्य वित्तीय सेवाओं तक पहुंच आसान हुई।
- प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (PMUY): पात्र गरीब परिवारों की वयस्क महिलाओं को LPG कनेक्शन उपलब्ध कराने के लिए शुरू की गई योजना है। इसका उद्देश्य पारंपरिक ईंधन पर निर्भरता कम करना है।
- प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-KISAN): पात्र किसान परिवारों को आर्थिक सहायता देने वाली योजना है। इसके तहत पात्र किसानों को सालाना ₹6,000 की सहायता तीन बराबर किस्तों में दी जाती है।
- प्रधानमंत्री मुद्रा योजना (PMMY): छोटे कारोबार और स्वरोजगार के लिए ऋण उपलब्ध कराने की व्यवस्था है। इसका उद्देश्य छोटे उद्यमियों को अपना कारोबार शुरू करने या बढ़ाने के लिए वित्तीय मदद तक पहुंच देना है।
- आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (AB-PMJAY): पात्र परिवारों को अस्पताल में भर्ती होने पर इलाज के लिए स्वास्थ्य कवर उपलब्ध कराने वाली प्रमुख सरकारी स्वास्थ्य योजना है।
- प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY): बैंक खाताधारकों के लिए कम प्रीमियम में जीवन बीमा कवर उपलब्ध कराने वाली योजना है। पात्रता और शर्तों के अनुसार बीमा लाभ मिलता है।
- प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (PMSBY): दुर्घटना की स्थिति में बीमा सुरक्षा देने वाली कम प्रीमियम वाली योजना है। इसमें दुर्घटना से मृत्यु या दिव्यांगता की स्थिति में निर्धारित बीमा लाभ मिलता है।
- अटल पेंशन योजना (APY): मुख्य रूप से असंगठित क्षेत्र के लोगों को रिटायरमेंट के बाद नियमित पेंशन की योजना से जोड़ने के उद्देश्य से शुरू की गई है। पेंशन की राशि चुने गए विकल्प और नियमों पर निर्भर करती है।
