PM Modi UAE Visit May 2026 : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की UAE यात्रा भले ही छोटी रही, लेकिन इसके नतीजे बड़े और दूरगामी दिख रहे हैं। इस दौरे में ऊर्जा सुरक्षा से लेकर रक्षा सहयोग, समुद्री ढांचे, कौशल विकास और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तक कई अहम फैसले सामने आए। खास बात यह रही कि यूएई ने भारत में 500 करोड़ डॉलर के निवेश का भी ऐलान किया, जिससे विकास, रोजगार और रणनीतिक साझेदारी को नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है।
ऊर्जा सुरक्षा पर बड़ा दांव
इस दौरे का सबसे अहम पक्ष ऊर्जा से जुड़ा रहा। भारत और यूएई के बीच स्ट्रैटेजिक पेट्रोलियम रिजर्व को लेकर सहयोग मजबूत करने पर सहमति बनी। इससे भारत की ऊर्जा सुरक्षा को और मजबूती मिलेगी। साथ ही एलएनजी और एलपीजी की सप्लाई को लेकर सहयोग के नए रास्ते खुले हैं। इसका सीधा फायदा लंबे समय तक स्थिर आपूर्ति, बेहतर भंडारण और महंगाई के दबाव को नियंत्रित करने में दिख सकता है। ऊर्जा के मोर्चे पर यह साझेदारी भारत की रणनीतिक क्षमता को और बढ़ाती है।
रक्षा सहयोग से बदलेगा रणनीतिक समीकरण
दौरे में भारत और यूएई के बीच स्ट्रैटेजिक डिफेंस पार्टनरशिप के फ्रेमवर्क पर भी सहमति बनी। यह सिर्फ कागजी समझौता नहीं, बल्कि आने वाले समय में रक्षा उद्योग, तकनीक साझा करने और सुरक्षा सहयोग को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। इससे दोनों देशों के बीच औद्योगिक सहयोग बढ़ेगा और क्षेत्रीय सुरक्षा ढांचे को भी नया आधार मिलेगा। भारत के लिए यह साझेदारी आत्मनिर्भर रक्षा विनिर्माण की दिशा में उपयोगी साबित हो सकती है।
समुद्री ढांचा और शिप रिपेयर पर नया अवसर
वडीनार में शिप रिपेयर क्लस्टर स्थापित करने की व्यवस्था भारत के समुद्री बुनियादी ढांचे के लिए अहम मानी जा रही है। इससे पोर्ट इकोसिस्टम मजबूत होगा, समुद्री सेवाओं में निवेश आएगा और मेक इन इंडिया को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही शिप रिपेयर और शिपबिल्डिंग से जुड़े कौशल विकास को भी बल मिलेगा। यह फैसला भारत को समुद्री पेशेवरों के लिए एक बड़े केंद्र के रूप में उभार सकता है।
AI और सुपरकंप्यूटिंग में सहयोग का रास्ता खुला
दौरे का तकनीकी पहलू भी खास रहा। सी-डैक और यूएई की जी-42 के बीच 8 एक्साफ्लॉप सुपरकंप्यूट क्लस्टर की योजना भारत की एआई क्षमताओं को एक नई ऊंचाई दे सकती है। इससे एआई मिशन इंडिया को गति मिलेगी और उच्च स्तरीय कंप्यूटिंग इंफ्रास्ट्रक्चर के निर्माण में मदद मिलेगी। यह सहयोग तकनीक, डेटा और डिजिटल पावर के क्षेत्र में भारत की स्थिति मजबूत कर सकता है।
500 करोड़ डॉलर निवेश
यूएई की तरफ से भारत में 500 करोड़ डॉलर निवेश का ऐलान इस दौरे का सबसे चर्चित नतीजा है। यह निवेश बुनियादी ढांचे, बैंकिंग और वित्तीय सेवाओं को गति दे सकता है। इसका असर बाजार, रोजगार और विकास की रफ्तार पर दिखने की संभावना है। कुल मिलाकर, यह दौरा भारत-यूएई संबंधों को सिर्फ कूटनीतिक नहीं, बल्कि आर्थिक और रणनीतिक साझेदारी की अगली मंजिल तक ले जाता दिख रहा है।
ये सात समझौते हुए
- भारत-यूएई स्ट्रैटेजिक डिफेंस पार्टनरशिप फ्रेमवर्क समझौता
- ISPRL और ADNOC के बीच स्ट्रैटेजिक पेट्रोलियम रिजर्व सहयोग समझौता
- एलपीजी (Liquefied Petroleum Gas) सप्लाई पर रणनीतिक सहयोग समझौता
- वडीनार में शिप रिपेयर क्लस्टर स्थापित करने की व्यवस्था
- शिप रिपेयर सेक्टर में स्किल डेवलपमेंट सहयोग समझौता
- सी-डैक और G42 के बीच 8 एक्साफ्लॉप सुपरकंप्यूट क्लस्टर स्थापित करने का समझौता
- भारत में 5 अरब डॉलर निवेश की प्रतिबद्धता, जिसमें इंफ्रास्ट्रक्चर, RBL Bank और Samman Capital में निवेश शामिल
