बिजनेस

अब सिर्फ लॉकर नहीं, Email, Whatsapp, Instagram पर भी इनकम टैक्स विभाग रखेगा नजर? आखिर क्या है इस मैसेज की सच्चाई

सोशल मीडिया और व्हाट्सएप ग्रुप्स में इन दिनों एक मैसेज तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि 1 अप्रैल 2026 से इनकम टैक्स विभाग आम लोगों के ई-मेल, व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम और अन्य डिजिटल अकाउंट्स पर सीधी नजर रखने लगेगा। इस दावे ने टैक्सपेयर्स के मन में डर और भ्रम पैदा कर दिया है। लेकिन क्या वाकई आपकी निजी ऑनलाइन बातचीत अब आयकर विभाग पढ़ सकेगा? आइए जानते हैं क्या है सच्चाई इसकी?

Image

Income Tax

सोशल मीडिया पर इन दिनों एक मैसेज तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने आम टैक्सपेयर्स की चिंता बढ़ा दी है। इस मैसेज में दावा किया जा रहा है कि 1 अप्रैल 2026 से इनकम टैक्स विभाग को लोगों के ई-मेल, व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम और दूसरे डिजिटल प्लेटफॉर्म्स तक सीधी पहुंच मिल जाएगी। कई लोग यह सोचकर घबरा गए कि क्या अब उनकी निजी ऑनलाइन जिंदगी भी टैक्स जांच के दायरे में आ जाएगी। लेकिन हकीकत क्या है, इसे समझना बेहद जरूरी है।

दरअसल, यह पूरा मामला नए इनकम टैक्स एक्ट, 2025 से जुड़ा हुआ है, जो 1 अप्रैल 2026 से लागू होना है। वायरल मैसेज में यह दावा किया गया कि टैक्स चोरी रोकने के नाम पर विभाग को आम लोगों के डिजिटल अकाउंट्स खंगालने का खुला अधिकार मिल जाएगा। इस दावे ने इतना जोर पकड़ लिया कि सरकार की फैक्ट-चेक एजेंसी प्रेस इंफॉर्मेशन ब्यूरो (PIB) को खुद सामने आकर सफाई देनी पड़ी।

क्या है सच्चाई?

PIB की फैक्ट-चेक टीम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साफ शब्दों में कहा कि यह दावा भ्रामक और गलत है। PIB के मुताबिक, इनकम टैक्स विभाग को आम नागरिकों के ई-मेल, सोशल मीडिया या मैसेजिंग ऐप्स तक कोई सामान्य या स्वत: पहुंच नहीं दी जा रही है। यानी ऐसा नहीं है कि विभाग जब चाहे, तब किसी का इनबॉक्स खोलकर जांच शुरू कर दे।

नए कानून की जिस धारा का हवाला दिया जा रहा है, वह है धारा 247। इस धारा के तहत इनकम टैक्स विभाग को कुछ विशेष परिस्थितियों में डिजिटल डेटा तक पहुंच का अधिकार मिलता है। लेकिन यह अधिकार केवल सर्च और सर्वे ऑपरेशन्स के दौरान ही लागू होगा। मतलब साफ है अगर किसी व्यक्ति या संस्था के खिलाफ बड़े पैमाने पर टैक्स चोरी, काले धन या बेनामी संपत्ति के पुख्ता सबूत हों और विधिवत तलाशी अभियान चलाया जाए, तभी डिजिटल डेटा की जांच की जा सकती है।

यह अधिकार रोजमर्रा के ईमानदार टैक्सपेयर्स के लिए नहीं है। PIB ने यह भी स्पष्ट किया कि यह प्रावधान न तो रूटीन टैक्स असेसमेंट के लिए है और न ही सामान्य स्क्रूटनी के लिए। इसका मकसद केवल बड़े टैक्स फ्रॉड, संगठित टैक्स चोरी और काले धन के मामलों पर सख्त कार्रवाई करना है।

क्या डॉक्यूमेंट जब्त करने की शक्ति नई है?

कई लोगों को यह भी लग रहा है कि इनकम टैक्स विभाग को पहली बार ऐसा अधिकार मिलने जा रहा है, लेकिन यह पूरी तरह सच नहीं है। पुराने इनकम टैक्स एक्ट, 1961 में भी तलाशी के दौरान दस्तावेज, अकाउंट बुक्स और डिजिटल सबूत जब्त करने का अधिकार पहले से मौजूद था। नया कानून सिर्फ मौजूदा प्रावधानों को ज्यादा स्पष्ट और आधुनिक डिजिटल दौर के अनुरूप बनाता है।

यहां यह समझना भी जरूरी है कि काला धन क्या होता है। काला धन वह आय या संपत्ति होती है, जिसे टैक्स के दायरे में नहीं दिखाया गया हो। इसमें अवैध गतिविधियों से कमाया गया पैसा, जैसे तस्करी, भ्रष्टाचार, हवाला या गैरकानूनी कारोबार से जुड़ी आय भी शामिल होती है। सरकार ऐसे ही मामलों पर लगाम लगाने के लिए नियमों को सख्त बना रही है।

आम टैक्सपेयर्स के लिए राहत की बात यह है कि अगर आपकी आय सही तरीके से घोषित है, टैक्स समय पर भरा गया है और कोई गड़बड़ी नहीं है, तो आपको इस नए कानून से डरने की जरूरत नहीं है। न तो आपका ई-मेल यूं ही चेक किया जाएगा और न ही सोशल मीडिया अकाउंट्स पर नजर रखी जाएगी।

Richa Tripathi
रिचा त्रिपाठीauthor

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिचा, पर्सनल फाइनेंस, स्टॉक मार्केट, टैक्स प्लानिंग और अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। अब तक 8,000 से अधिक कंटेंट लिख चुकी रिचा की विशेषता है—जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और भरोसेमंद तरीके से पाठकों तक पहुंचाना। वह ऐसी स्टोरीज तैयार करती हैं जो न केवल जानकारीपूर्ण होती हैं, बल्कि आम पाठक की वित्तीय समझ को बेहतर बनाने में भी मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article