बिजनेस

क्या एसआईपी की तारीख भी तय करती है मुनाफा? जानिए कैसे चुनें सही SIP Date

अगर आप भी म्यूचुअल फंड में एसआईपी के जरिए निवेश करते हैं तो आपके मन में भी यही सवाल होगा कि एसआईपी के लिए महीने की कौन-सी तारीख परफेक्ट डेट होगी।

Image

कैसे चुनें सही एसआईपी डेट (Photo: iStock)

अगर आप म्यूचुअल फंड (Mutual Fund) में एसआईपी (SIP) के जरिए निवेश करते हैं, तो आपके मन में कभी न कभी यह सवाल जरूर आया होगा कि महीने की कौन-सी तारीख पर SIP करनी चाहिए, जिससे ज्यादा मुनाफा मिल सके। कई निवेशकों को लगता है कि महीने की 1, 5, 10 या 15 तारीख में से कोई एक तारीख बाजार के हिसाब से ज्यादा फायदेमंद हो सकती है। लेकिन क्या हकीकत में SIP की तारीख आपके रिटर्न को तय करती है?

डेट का रिटर्न से कोई संबंध नहीं

दरअसल, किसी खास तारीख को SIP करने से लंबे समय में रिटर्न में कोई बड़ा अंतर नहीं दिखाई देता। अलग-अलग स्टडी में 18 साल से ज्यादा की अवधि के दौरान अलग-अलग तारीखों पर SIP की परफॉर्मेंस का विश्लेषण किया गया। इसमें 31 अलग-अलग तारीखों को देखा गया और अलग-अलग इंडेक्स में निवेश के नतीजों की तुलना की गई। स्टडी का निष्कर्ष यही रहा कि किसी एक खास तारीख को चुनने से रिटर्न में कोई बड़ा मुनाफा नहीं मिलता। यानी अगर आप सोच रहे हैं कि महीने की 10 तारीख को SIP करने से 20 तारीख की तुलना में ज्यादा मुनाफा मिलेगा, तो ऐसा जरूरी नहीं है। शेयर बाजार लगातार ऊपर-नीचे होता रहता है और किसी एक तारीख को बाजार का रुख पहले से तय नहीं किया जा सकता।

सही SIP Date कैसे चुनें?

एक सही एसआईपी डेट को चुनने का सबसे आसान तरीका यही है कि आप अपनी SIP की तारीख को अपनी इनकम या कैश फ्लो के साथ जोड़कर रखें। उदाहरण के लिए अगर आपकी सैलरी हर महीने की 1 तारीख को आती है तो आप उसके कुछ दिन बाद की तारीख चुन सकते हैं। इससे बैंक खाते में पर्याप्त पैसा मौजूद रहेगा और SIP फेल होने की संभावना कम होगी।

इसी तरह, अगर किसी व्यक्ति को किराए से हर महीने एक निश्चित तारीख पर पैसा मिलता है तो वह उसके बाद SIP की तारीख रख सकता है। बिजनेस करने वाले लोग भी अपनी आमदनी के हिसाब से SIP की तारीख तय कर सकते हैं।

नियमित निवेश का नियम न भूलें

यहां आपको समझने की जरूरत है कि SIP में तारीख से ज्यादा महत्वपूर्ण नियमितता है। हर महीने तय रकम निवेश करने से निवेश की आदत बनी रहती है और बाजार में उतार-चढ़ाव के दौरान अलग-अलग कीमतों पर यूनिट खरीदने का मौका मिलता है। इसलिए SIP की “बेस्ट डेट” खोजने के बजाय ऐसी तारीख चुनें, जिस दिन आपके खाते में पैसा आसानी से उपलब्ध हो। लंबे समय तक नियमित निवेश करना और अपने वित्तीय लक्ष्य के अनुसार SIP जारी रखना ज्यादा महत्वपूर्ण है।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article