शहर

Gurugram News: महिला बाइकर को टक्कर मार फरार हुए कार सवार, देखें खौफनाक Video

Gurugram News: NCR के प्रमुख शहर गुरुग्राम की गोल्फ कोर्स रोड पर एक महिला बाइक सवार को कार ने जोरदार टक्कर मार दी और तेजी से भाग गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है

Gurugram News: दिल्ली से सटे हरियाणा के गुरुग्राम शहर में गोल्फ कोर्स रोड पर एक हिट एंड रन का मामला सामने आया है। यहां एक महिला बाइक सवार ने आरोप लगाया है कि रविवार को कार सवार कुछ लोगों ने पहले उसका पीछा किया और फिर उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि महिला बाइक से उछलकर सड़क पर जा गिरी, जबकि उसकी Aprilia RS 457 बाइक कई मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई। महिला ने घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए पूरे मामले की जानकारी दी है।

महिला बाइक सवार ने खुद का नाम सिया बताया है और वह सोशल मीडिया पर rebelwheels_sia_ नाम से पेज चलाती हैं। उनके मुताबिक, बाइक पर लगे एक्शन कैमरे में कथित घटना रिकॉर्ड हो गई। उन्होंने वीडियो शेयर करते हुए आरोप लगाया कि कार में सवार लोग टक्कर से पहले से ही उनका पीछा कर रहे थे और उनके साथ आक्रामक तरीके से व्यवहार कर रहे थे।

कार सवारों पर पीछा करने का आरोप

सिया के दावे के मुताबिक, वह गोल्फ कोर्स रोड पर बाइक से जा रही थीं, तभी एक कार सवार ने उनका पीछा करना शुरू किया। महिला का आरोप है कि कार सवारों का व्यवहार शुरू से ही आक्रामक था। इसके बाद कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

हादसे के दौरान बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर गईं। वहीं, उनकी Aprilia RS 457 बाइक टक्कर के बाद कई मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई। घटना के वीडियो में पूरा हादसा रिकॉर्ड हुआ है।

दोस्त ने कार को रोकने की कोशिश की

महिला के अनुसार, हादसे के बाद उनके एक दोस्त ने कार का पीछा किया और उसे रोकने की कोशिश की। बताया गया कि कार आगे एक ट्रैफिक सिग्नल पर रुकी, जहां दोस्त ने कार ड्राइवर से बातचीत की। सिया का आरोप है कि उनके दोस्त ने ड्राइवर से हादसे के बारे में सवाल किया और बताया कि उसकी कार की वजह से बाइक को टक्कर लगी है। हालांकि, महिला के मुताबिक कार ड्राइवर ने हादसे की जिम्मेदारी लेने से इनकार कर दिया और कुछ देर बाद वहां से कार लेकर चला गया।

सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता

घटना के बाद महिला बाइक सवार ने गुरुग्राम की सड़कों पर अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। उनका कहना है कि सड़क पर इस तरह पीछा किए जाने और टक्कर के बाद इस तरह मौके से भाग जाने की घटना गंभीर है।

फिलहाल, सोशल मीडिया पर सामने आए महिला के दावों और वीडियो के आधार पर घटना चर्चा में है। मामले में पुलिस की ओर से आधिकारिक कार्रवाई या आरोपों की पुष्टि संबंधी जानकारी सामने आने के बाद ही तस्वीर पूरी तरह साफ हो पाएगी। ऐसे मामलों में वीडियो फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य सबूत घटना की जांच में अहम भूमिका निभा सकते हैं।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article