जीवन में कई बार अचानक मेडिकल इमरजेंसी, बच्चों की पढ़ाई या बिजनेस की जरूरतों के लिए तुरंत बड़े फंड की आवश्यकता पड़ जाती है। ऐसी स्थिति में ज्यादातर लोग सीधे पर्सनल लोन (Personal Loan) के लिए अप्लाई कर देते हैं या फिर अपनी फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) को समय से पहले तोड़ (Premature Withdrawal) देते हैं। हालांकि, ये दोनों ही फैसले आर्थिक रूप से भारी नुकसान पहुंचा सकते हैं। जानकारों के मुताबिक, आपात स्थिति में फंड का इंतजाम करने का सबसे स्मार्ट तरीका 'लोन अगेंस्ट एफडी' (Loan Against FD) है, जो बेहद कम खर्च में तुरंत पैसे की कमी को पूरा कर देता है। ऐसे में आइए आपको बताते हैं लोन अगेंस्ट FD के क्या फायदे हैं?
पर्सनल लोन के फायदे
अगर आप पर्सनल लोन लेते हैं, तो बैंकों की ब्याज दरें आमतौर पर 10.5% से लेकर 24% प्रति वर्ष तक होती हैं। इसके साथ ही आपको भारी-भरकम प्रोसेसिंग फीस, फाइल चार्ज और लंबी कागजी कार्रवाई से गुजरना पड़ता है। वहीं दूसरी तरफ, यदि आप अपनी एफडी के बदले लोन लेते हैं, तो बैंक आपको आपकी FD की ब्याज दर से केवल 1% से 2% अधिक ब्याज पर लोन दे देते हैं। यानी अगर आपकी FD पर 7% का ब्याज मिल रहा है, तो लोन आपको केवल 8% या 9% की बेहद सस्ती दर पर मिल जाएगा।
FD पर लोन लेने के फायदे
एफडी पर लोन लेने का दूसरा सबसे बड़ा फायदा यह है कि आपकी एफडी सुरक्षित रहती है। अगर आप आपात स्थिति में अपनी एफडी को मैच्योरिटी से पहले तुड़वाते हैं, तो बैंक आपसे पेनल्टी (Pre-closure Penalty) वसूलता है और आपको मिलने वाले ब्याज में भी कटौती हो जाती है। लेकिन लोन लेने की स्थिति में आपकी पूरी जमा पूंजी पर तय दर से ब्याज मिलता रहता है और आपको अपनी एफडी की कुल रकम का 85% से 95% तक लोन के रूप में तुरंत मिल जाता है।
इसके अलावा, 'लोन अगेंस्ट एफडी' में आपको किसी क्रेडिट स्कोर (CIBIL Score) या इनकम प्रूफ (जैसे सैलरी स्लिप या ITR) दिखाने की जरूरत नहीं होती, क्योंकि आपकी जमा एफडी ही बैंक के पास सिक्योरिटी के रूप में जमा रहती है। इसमें बैंक आपसे कोई प्रोसेसिंग फीस भी नहीं लेते हैं और यह लोन मिनटों में आपके खाते में क्रेडिट हो जाता है। चुकाने के मामले में भी इसमें काफी लचीलापन मिलता है, जहां आप अपनी सुविधा अनुसार आसान किस्तों में रीपेमेंट कर सकते हैं।
