Samastipur Crime News: बिहार के जमुई में हुई घटना की गूंज अभी शांत भी नहीं हुई थी कि समस्तीपुर जिला अचानक सुर्खियों में आ गया है। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से लड़कियों के साथ दुर्व्यवहार, छेड़खानी और हाथापाई के वीडियो सोशल मीडिया पर लगातार सामने आ रहे हैं। इन घटनाओं के वायरल होने के बाद स्थानीय प्रशासन और राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया है।
मामले की शुरुआत कर्पूरी ग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर गांव (Samastipur Police) से हुई, जहां एक युवती के साथ बदसलूकी का वीडियो इंटरनेट पर तेजी से फैल गया। पुलिस अभी इस मामले की पड़ताल कर ही रही थी कि मुसरीघरारी इलाके से भी एक और वीडियो सामने आ गया। इस वीडियो में बाइक सवार एक युवक और युवती को 8 से 10 युवकों की भीड़ ने घेर रखा था।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें: पीएम मोदी से लेकर राहुल-खरगे तक, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की जयंती पर देश के दिग्गजों ने ऐसे किया याद
पूछताछ के नाम पर की हाथापाई और धक्का-मुक्की
वे उनसे पूछताछ के नाम पर हाथापाई और धक्का-मुक्की करते दिखे। जब इस वीडियो की जांच की गई, तो पता चला कि यह घटना लगभग एक-डेढ़ साल पुरानी है और जमुआरी नदी के पास की है। हालांकि, मुसरीघरारी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वीडियो में दिख रहे युवकों की पहचान की और एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डालने की दी धमकी
अभी यह मामला शांत भी नहीं हुआ था कि विभूतिपुर थाना क्षेत्र के कल्याणपुर समर्था का एक और नया वीडियो चर्चा में आ गया। इस वीडियो में भी 8-10 युवकों का समूह एक युवती के साथ बदतमीजी करता, उसे थप्पड़ मारता और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डालने की धमकी देता नजर आ रहा है।
लगातार सामने आ रही इन घटनाओं पर समस्तीपुर के पुलिस अधीक्षक (SP) अरविंद प्रताप सिंह ने स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने बताया कि पुलिस सभी वायरल वीडियो की गहनता से जांच कर रही है और यह भी देखा जा रहा है कि कहीं अन्य जिलों के पुराने वीडियो को भ्रामक तरीके से तो प्रसारित नहीं किया जा रहा। पुलिस आरोपियों की पहचान में जुटी है और सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया है। अब देखना होगा कि मनचलों पर नकेल कसने के लिए पुलिस आगे क्या कड़े कदम उठाती है।
