बिजनेस

2008 का क्रैश भांपने वाले Michael Burry की चेतावनी, AI में दूर नहीं 1987 जैसा महाक्रैश?

2008 का क्रैश भांपने वाले माइकल बरी ने बड़ी चेतावनी दी है। बरी का कहना है कि AI Stocks Rally की वजह से अमेरिका सहित कई बाजार ऑल टाइम हाई पर हैं। लेकिन, अब 1987 जैसा क्रैश दूर नहीं।

Image

माइकल बरी की बड़ी चेतावनी

AI Stocks Crash Prediction Michael Burry : अमेरिकी शेयर बाजार लगातार नए रिकॉर्ड बना रहा है। AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) की तेजी के दम पर S&P 500, Dow Jones और Nasdaq नई ऊंचाइयों पर पहुंच गए हैं। लेकिन 2008 की मंदी की सही भविष्यवाणी करने वाले मशहूर निवेशक Michael Burry अब भी बाजार को लेकर बेहद सतर्क हैं। उनका कहना है कि मौजूदा तेजी निवेशकों को भ्रमित कर सकती है और बाजार में 1987 जैसी बड़ी गिरावट देखने को मिल सकती है।

क्यों डरे हुए हैं Burry?

Michael Burry ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि उन्हें अब भी लगता है कि बाजार एक बड़े टॉप के करीब है। उनके मुताबिक, S&P 500 के लगातार नए रिकॉर्ड निवेशकों का उत्साह बढ़ा रहे हैं, जिससे और ज्यादा पैसा बाजार में आ रहा है। यही स्थिति आगे चलकर बड़ी गिरावट की वजह बन सकती है। उन्होंने कहा कि यह बिल्कुल वैसा ही माहौल बन रहा है जैसा 1987 के शेयर बाजार क्रैश से पहले देखा गया था।

AI रैली पर उठाए सवाल

Burry लंबे समय से AI सेक्टर की तेजी को लेकर सवाल उठाते रहे हैं। उनका मानना है कि AI इंफ्रास्ट्रक्चर पर हो रहा भारी निवेश ऐसे फाइनेंसिंग मॉडल पर टिका है, जो हमेशा नहीं चल सकते। उनके अनुसार, बाजार में गिरती वोलैटिलिटी (उतार-चढ़ाव) की वजह से कई बड़े फंड ज्यादा लीवरेज लेकर निवेश बढ़ा रहे हैं। इससे तेजी खुद ही तेजी को बढ़ावा दे रही है। लेकिन अगर यह चक्र टूटता है तो गिरावट भी उतनी ही तेज हो सकती है।

किन शेयरों पर लगाया दांव?

Michael Burry ने बताया कि उन्होंने कई बड़ी कंपनियों और सेमीकंडक्टर सेक्टर के खिलाफ शॉर्ट पोजिशन ली हुई है। इनमें Nvidia, Tesla, Palantir, Micron, Caterpillar, Applied Materials, iShares Semiconductor ETF (SOXX) शामिल हैं। उनका कहना है कि इन शॉर्ट पोजिशन में ज्यादातर अभी भी फायदे में हैं। हालांकि, Nvidia के खिलाफ लगाया गया दांव फिलहाल नुकसान में चल रहा है।

फिर भी जोखिम लेने को तैयार

Burry ने साफ कहा कि अगर बाजार उनकी उम्मीद के बिल्कुल विपरीत चलता है, तो वह नुकसान स्वीकार कर अपनी पोजिशन बंद कर देंगे। हालांकि, उन्हें अब भी अपने लंबे समय के अनुमान पर भरोसा है। उन्होंने निवेशकों को चेतावनी देते हुए लिखा, "Short Selling हर किसी के लिए नहीं है। मुझे शॉर्ट करना पड़ता है, लेकिन ज्यादातर लोगों को ऐसा नहीं करना चाहिए।"

क्यों चढ़ रहा है अमेरिकी बाजार?

Burry की चेतावनी के बावजूद अमेरिकी शेयर बाजार में जबरदस्त तेजी बनी हुई है। S&P 500 पहली बार जून के बाद नए रिकॉर्ड स्तर पर बंद हुआ। Dow Jones करीब 907 अंक चढ़कर 54,085.88 पर बंद हुआ। S&P 500 7,736.52 के नए रिकॉर्ड पर पहुंच गया। इसी तरह Nasdaq Composite 26,584.99 के ऑल-टाइम हाई पर बंद हुआ। LSEG के आंकड़ों के मुताबिक, S&P 500 की 80% से ज्यादा कंपनियों ने पिछली तिमाही में विश्लेषकों के अनुमान से बेहतर नतीजे दिए हैं। मजबूत कॉरपोरेट कमाई और AI सेक्टर में निवेशकों की खरीदारी बाजार को लगातार नई ऊंचाई पर पहुंचा रही है।

    Yateendra Lawaniya
    यतींद्र लवानियाauthor

    प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

    और पढ़ें
    End of Article