Maruti Suzuki Q1 Result: देश की सबसे बड़ी वाहन निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया (Maruti Suzuki) ने चालू वित्त वर्ष 2023-23 की पहली तिमाही यानी अप्रैल-जून के वित्तीय नतीजे पेश कर दिए हैं। साल दर साल आधार पर अप्रैल-जून तिमाही में कंपनी का मुनाफा दोगुने से अधिक रहा। पिछले वित्त वर्ष की अप्रैल-जून तिमाही में रहे 1,036 करोड़ रु के मुकाबले इस साल समान तिमाही में मारुति ने 2,525 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया।
इनकम में भी शानदार बढ़ोतरी
मारुति सुजुकी की इनकम चालू वित्त वर्ष की अप्रैल-जून तिमाही में 32,338 करोड़ रुपये रही जो एक साल पहले इसी तिमाही में 26,512 करोड़ रुपये रही थी। यानी साल दर साल आधार पर मारुति की इनकम में करीब 22 फीसदी की बढ़ोतरी हुई।
कितनी रही सेल्स
मारुति ने तिमाही के दौरान 498,030 यूनिट्स बेचीं, जो कि एक साल पहले की समान तिमाही की तुलना में 6.4 फीसदी अधिक थी। घरेलू बाजार में इसकी बिक्री साल दर साल 9 फीसदी बढ़ कर 4,34,812 यूनिट्स हो गई, जबकि एक्सपोर्ट साल दर साल आधार पर 9 फीसदी घट कर 63,218 यूनिट्स रह गया।
3.5 लाख कारों के ऑर्डर बाकी
मारुति ने कहा कि तिमाही में इलेक्ट्रॉनिक इक्विपमेंट की कमी के कारण 28,000 से अधिक वाहनों का उत्पादन नहीं हो सका। तिमाही के आखिर में ग्राहकों के लगभग 3,55,000 वाहनों के बकाया ऑर्डर थे और कंपनी इन ऑर्डरों को तेजी से पूरा करने का प्रयास कर रही है।
