FPI Investment: घरेलू और वैश्विक बाजारों के पॉजिटिव रुख के बीच विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (FPI) ने 14 जून को समाप्त सप्ताह में भारतीय शेयर बाजारों में 11,730 करोड़ रुपये (1.4 अरब डॉलर) का शुद्ध निवेश किया है। डिपॉजिटरी के आंकड़ों से यह जानकारी मिली है। इससे पिछले यानी तीन से सात जून के सप्ताह के दौरान एफपीआई ने शेयरों से शुद्ध रूप से 14,794 करोड़ रुपये (1.77 अरब डॉलर) निकाले थे। ताजा निवेश के बाद इस महीने अब तक एफपीआई की शेयरों से शुद्ध निकासी (बिकवाली) 3,064 करोड़ रुपये रही है।
ये भी पढ़ें -
आर्थिक वृद्धि जारी रहने की उम्मीद
जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के चीफ इंवेस्टमेंट ऑफिसर वीके विजय कुमार ने कहा है कि जून के पहले हफ्ते में उतार-चढ़ाव के बाद बाजार में स्थिरता लौटी है। मॉर्निंगस्टार इन्वेस्टमेंट रिसर्च इंडिया के एसोसिएट डायरेक्टर-मैनेजर रिसर्च हिमांशु श्रीवास्तव ने कहा है कि इस बार की सरकार सहयोगी दलों पर निर्भर है, लेकिन लगातार तीसरी बार राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के सत्ता में आने से नीतिगत सुधारों और आर्थिक वृद्धि के जारी रहने की उम्मीद बनी है।
ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद
विजय कुमार ने कहा कि इसके अलावा वैश्विक मोर्चे पर अमेरिका में उम्मीद से कम मुद्रास्फीति के आंकड़ों ने भी इस साल दर कटौती की उम्मीद बढ़ा दी है। इससे पहले मई में एफपीआई ने चुनावी नतीजों से पहले शेयरों से 25,586 करोड़ रुपये निकाले थे।
वहीं मॉरीशस के साथ भारत की टैक्स संधि में बदलाव और अमेरिका में बॉन्ड प्रतिफल में लगातार वृद्धि की चिंताओं के कारण अप्रैल में उन्होंने 8,700 करोड़ रुपये से अधिक की निकासी की थी।
मार्च में किया था निवेश
वहीं एफपीआई ने मार्च में शेयरों में 35,098 करोड़ रुपये और फरवरी में 1,539 करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश किया था, जबकि जनवरी में उन्होंने 25,743 करोड़ रुपये निकाले थे। इस महीने 14 जून तक एफपीआई ने डेट या बॉन्ड बाजार में 5,700 करोड़ रुपये डाले हैं।
कुल मिलाकर इस साल अब तक एफपीआई शेयरों से शुद्ध रूप से 26,428 करोड़ रुपये निकाले चुके हैं। इस दौरान उन्होंने बॉन्ड बाजार में 59,373 करोड़ रुपये डाले हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। बिज़नेस (Business News) अपडेट और आज का सोने का भाव (Gold Rate Today), आज की चांदी का रेट (Silver Rate Today) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
