IT कंपनी HCL Tech ने चालू वित्त वर्ष 2026-27 की जुलाई-सितंबर तिमाही का रिजल्ट आज पेश किया है। कंपनी का एकीकृत शुद्ध लाभ 21.18 प्रतिशत बढ़कर 5,132 करोड़ रुपये रहा है। नोएडा मुख्यालय वाली कंपनी ने वित्त वर्ष 2025-26 की समान तिमाही में 4,235 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था। कंपनी ने दमदार नतीजे के बाद अपने शेयर होल्डर के लिए 12 रुपये प्रति शेयर डिविडेंड का भी ऐलान किया है। कंपनी ने डिविडेंड पाने के हकदार शेयरधारकों की पहचान करने के लिए शुक्रवार, 16 अक्टूबर को रिकॉर्ड डेट तय किया है। कंपनी की अर्निंग्स फाइलिंग के अनुसार, पेमेंट सोमवार, 26 अक्टूबर को किया जाएगा।
परिचालन आय में भी बढ़ोतरी
कंपनी ने सोमवार को शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि समीक्षाधीन तिमाही में उसकी परिचालन आय 11.5 प्रतिशत बढ़कर 35,620 करोड़ रुपये हो गई, जो एक साल पहले इसी अवधि में 31,942 करोड़ रुपये थी। तिमाही आधार पर कंपनी का शुद्ध लाभ 11 प्रतिशत और परिचालन आय तीन प्रतिशत बढ़ी। कंपनी की आईटी और व्यावसायिक सेवाओं से आय एक साल पहले के 23,693 करोड़ रुपये से बढ़कर 26,938 करोड़ रुपये हो गई। वहीं, इंजीनियरिंग और अनुसंधान एवं विकास (आरएंडडी) सेवाओं से आय 5,423 करोड़ रुपये से बढ़कर 5,973 करोड़ रुपये रही। हालांकि, एचसीएल सॉफ्टवेयर से आय एक साल पहले के 2,826 करोड़ रुपये से घटकर 2,709 करोड़ रुपये रह गई।
कंपनी ने क्या दिया गाइडेंस?
कंपनी ने वित्त वर्ष 2027 के लिए EBIT मार्जिन का अनुमान 17.5-18.5% पर बरकरार रखा है। कंपनी ने स्थिर मुद्रा (Constant Currency) आधार पर कुल राजस्व में 2.5-4% की वृद्धि और सर्विसेज कारोबार में 3-4% की वृद्धि का अनुमान दिया है।
आईटी एवं बिजनेस सर्विसेज तथा इंजीनियरिंग एवं रिसर्च एंड डेवलपमेंट (R&D) को शामिल करने वाले सर्विसेज कारोबार में स्थिर मुद्रा आधार पर पिछली तिमाही की तुलना में 3% और एक साल पहले की तुलना में 4% की वृद्धि हुई। आईटी एवं बिजनेस सर्विसेज कारोबार में तिमाही आधार पर 2.7% और सालाना आधार पर 4.4% की वृद्धि दर्ज की गई। वहीं, इंजीनियरिंग एवं R&D कारोबार में तिमाही आधार पर 4.1% और सालाना आधार पर 2% की वृद्धि हुई।
AI से कमाई बढ़ी
HCLTech का एडवांस्ड आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से होने वाला राजस्व 21.9 करोड़ डॉलर रहा। इसमें तिमाही आधार पर 28.4% और सालाना आधार पर 78% की वृद्धि हुई। कंपनी ऐसे समय में AI आधारित बदलाव, ऑटोमेशन और प्लेटफॉर्म आधारित सेवाओं को विकास के प्रमुख क्षेत्रों के रूप में पेश कर रही है, जब आईटी सर्विसेज उद्योग को गैर-जरूरी खर्चों में सुस्ती और ऑटोमेशन के कारण कीमतों पर दबाव का सामना करना पड़ रहा है।
कंपनी की चेयरपर्सन रोशनी नादर मल्होत्रा ने कहा कि एडवांस्ड AI से होने वाले राजस्व में तेज वृद्धि कंपनी की कारोबारी रणनीति की सफलता को साबित करती है। उन्होंने कहा कि AI के विभिन्न क्षेत्रों में कंपनी की साझेदारियां और निवेश उसे उद्यमों तथा सरकारों के लिए एक भरोसेमंद टेक्नोलॉजी पार्टनर बनाते हैं।
