ITR Status : इनकम टैक्स रिटर्न (Income Tax Return) स्टेटस एक ऑनलाइन सुविधा है, जो इनकम टैक्स विभाग के ई-फाइलिंग पोर्टल पर उपलब्ध होती है। इसकी मदद से टैक्सपेयर यह जान सकते हैं कि उनका भरा हुआ इनकम टैक्स रिटर्न किस स्थिति में है। जैसे कि वह फाइल हुआ है, वेरिफाई हुआ है, प्रोसेस हो रहा है या रिफंड जारी हो चुका है। यह सुविधा सभी टैक्सपेयर्स के लिए उपलब्ध है, जिनका रिटर्न पैन (PAN) के आधार पर फाइल किया गया होता है। इसके अलावा अधिकृत प्रतिनिधि या टैक्स फाइलिंग एजेंट भी इसका उपयोग कर सकते हैं।
ITR स्टेटस चेक करने की सुविधा क्यों जरूरी है?
रिटर्न फाइल करने के बाद केवल फाइल करना ही पर्याप्त नहीं होता। उसे वेरिफाई करना और प्रोसेस होना भी जरूरी है। कई बार रिफंड अटक जाता है या वेरिफिकेशन पेंडिंग रह जाता है। आईटीआर स्टेटस चेक करने से टैक्सपेयर को यह जानकारी मिलती है कि कहीं कोई कार्रवाई बाकी तो नहीं है। इससे रिफंड मिलने में देरी से भी बचा जा सकता है और समय पर जरूरी कदम उठाए जा सकते हैं।
ITR स्टेटस दो तरीकों से देखा जा सकता है:-
- प्री-लॉगिन मोड: इसमें बिना लॉगिन किए भी स्टेटस देखा जा सकता है। इसके लिए केवल एक्नॉलेजमेंट नंबर और मोबाइल नंबर की जरूरत होती है।
- पोस्ट-लॉगिन मोड: इसमें आयकर पोर्टल पर लॉगिन करने के बाद सभी फाइल किए गए रिटर्न की पूरी जानकारी देखी जा सकती है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:- इनकम टैक्स विभाग की सख्ती: ‘स्वैप्ड प्रावधान’ वाले 20 हजार ITR की हो रही जांच, जानिए क्या है पूरा मामला
ITR स्टेटस चेक करने के लिए क्या जरूरी है?
प्री-लॉगिन के लिए फाइल किया हुआ ITR और वैध एक्नॉलेजमेंट नंबर, रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर, जिस पर OTP आएगा। पोस्ट-लॉगिन के लिए आयकर ई-फाइलिंग पोर्टल पर रजिस्टर्ड यूजर आईडी और पासवर्ड, पहले से फाइल किया गया कम से कम एक आईटीआर।
बिना लॉगिन किए ITR स्टेटस कैसे चेक करें?
- अगर आप लॉगिन नहीं करना चाहते, तो यह आसान तरीका अपनाएं।
- आयकर विभाग के ई-फाइलिंग पोर्टल पर जाएं।
- होमपेज पर “Income Tax Return (ITR) Status” विकल्प चुनें।
- अपना एक्नॉलेजमेंट नंबर और मोबाइल नंबर दर्ज करें।
- “Continue” पर क्लिक करें।
- मोबाइल पर आए 6 अंकों का OTP डालें।
- OTP वेरिफाई करते ही आपका ITR स्टेटस स्क्रीन पर दिख जाएगा।
लॉगिन करके ITR स्टेटस कैसे देखें?
- आयकर ई-फाइलिंग पोर्टल पर लॉगिन करें।
- “e-File” सेक्शन में जाएं।
- “Income Tax Returns” और फिर “View Filed Returns” पर क्लिक करें।
- यहां आपके सभी फाइल किए गए रिटर्न की लिस्ट दिख जाएगी।
- किसी भी रिटर्न पर क्लिक करके पूरी डिटेल देखी जा सकती है।
डाउनलोड होने वाले जरूरी डॉक्यूमेंट्स
लॉगिन करने के बाद आप कई जरूरी दस्तावेज डाउनलोड कर सकते हैं। ITR-V एक्नॉलेजमेंट, JSON फाइल (ऑफलाइन यूटिलिटी से फाइल किए गए रिटर्न के लिए), पूरा ITR फॉर्म PDF में, इनकम टैक्स विभाग द्वारा जारी इंटिमेशन ऑर्डर, इसके अलावा “View Details” विकल्प से रिटर्न की पूरी प्रक्रिया देखी जा सकती है, जैसे वेरिफिकेशन हुआ या नहीं और कोई पेंडिंग काम तो नहीं है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:- बिना Form 16 भी भर सकते हैं ITR, जानिए AIS और Form 26AS से कैसे करें इनकम टैक्स फाइल
पोर्टल के अन्य उपयोगी फीचर्स
आयकर पोर्टल में कई अतिरिक्त सुविधाएं भी दी गई हैं।, आप Assessment Year के अनुसार रिटर्न फिल्टर कर सकते हैं, फाइल किए गए सभी रिटर्न को Excel फाइल में एक्सपोर्ट कर सकते हैं, पुराने रिटर्न का पूरा रिकॉर्ड एक जगह सुरक्षित रख सकते हैं, ये सुविधाएं टैक्स रिकॉर्ड को व्यवस्थित रखने में मदद करती हैं।
PAN से जुड़ा जरूरी अलर्ट
स्टेटस चेक करते समय कई बार यह अलर्ट भी दिख सकता है कि आपका PAN आधार से लिंक न होने के कारण इनऑपरेटिव हो गया है। ऐसी स्थिति में रिफंड जारी नहीं किया जाता। पोर्टल पर Link Now का विकल्प दिया जाता है, जिससे आप PAN और Aadhaar को लिंक कर सकते हैं। इसके लिए निर्धारित शुल्क भी लग सकता है।
ITR फाइल करने के बाद उसका स्टेटस समय-समय पर चेक करना बेहद जरूरी है। इससे न केवल रिफंड की स्थिति का पता चलता है, बल्कि किसी भी गलती या पेंडिंग प्रक्रिया को समय रहते पूरा किया जा सकता है। सही जानकारी और नियमित जांच से टैक्स प्रक्रिया आसान और तेज हो जाती है।
