ITR filing : इनकम टैक्स रिटर्न (ITR) भरने का सीजन शुरू हो चुका है और ज्यादातर नौकरीपेशा लोगों को उनके नियोक्ता से Form 16 मिल चुका होगा। लेकिन कई ऐसे कर्मचारी भी हैं जिन्हें अभी तक Form 16 नहीं मिला है। ऐसे में घबराने की जरुरत नहीं है, क्योंकि बिना Form 16 के भी ITR दाखिल किया जा सकता है। इसके लिए आप Annual Information Statement (AIS) और Form 26AS का इस्तेमाल कर सकते हैं।
क्या होता है Form 16?
Form 16 एक ऐसा दस्तावेज है जो कंपनी या नियोक्ता अपने कर्मचारी को देती है। इसमें पूरे वित्तीय वर्ष के दौरान मिली सैलरी और उस पर कटे टैक्स (TDS) की जानकारी होती है। यह दस्तावेज ITR फाइल करने में काफी मददगार माना जाता है। Form 16 दो हिस्सों में होता है। पहला Part A, जिसमें कर्मचारी और कंपनी की बेसिक जानकारी, PAN, TAN और TDS का रिकॉर्ड होता है। दूसरा Part B, जिसमें सैलरी का पूरा ब्रेकअप, टैक्स छूट और कटौतियों का हिसाब दिया जाता है। अगर कर्मचारी की सैलरी पर TDS काटा गया है, तो नियोक्ता के लिए Form 16 देना जरूरी होता है। नियम के मुताबिक हर साल 15 जून तक यह जारी कर दिया जाना चाहिए।
Form 16 नहीं मिला तो क्या करें?
अगर आपका Form 16 अभी तक नहीं आया है, तो भी आप ITR भर सकते हैं। सबसे पहले अपने HR या कंपनी से संपर्क करें और Form 16 की मांग करें। अगर फिर भी न मिले, तो अपनी सैलरी स्लिप, बैंक स्टेटमेंट, AIS और Form 26AS की मदद से अपनी कुल आय और टैक्स की जानकारी जुटा सकते हैं। एक्सपर्ट्स का कहना है कि रिटर्न भरने से पहले यह जरूर जांच लें कि आपकी सैलरी से कटा TDS सरकार के खाते में जमा हुआ है या नहीं। इसके लिए Form 26AS और AIS सबसे अहम दस्तावेज हैं। अगर TDS कटा है लेकिन इन रिकॉर्ड में दिखाई नहीं दे रहा, तो तुरंत अपने नियोक्ता से संपर्क कर उसे ठीक करवाएं।
AIS क्या है और इसे कैसे डाउनलोड करें?
AIS यानी Annual Information Statement एक ऐसा दस्तावेज है जिसमें आपकी आय, निवेश और टैक्स से जुड़ी करीब सारी जानकारी होती है। इसमें सैलरी, बैंक ब्याज, डिविडेंड, शेयर और प्रॉपर्टी ट्रांजैक्शन, TDS, GST और विदेशी लेनदेन तक की डिटेल होती है। AIS डाउनलोड करने के लिए इनकम टैक्स ई-फाइलिंग पोर्टल पर लॉगिन करें। इसके बाद Services सेक्शन में जाकर AIS विकल्प चुनें। वहां संबंधित वित्तीय वर्ष चुनकर इसे PDF या JSON फॉर्मेट में डाउनलोड किया जा सकता है।
Form 26AS कैसे डाउनलोड करें?
Form 26AS भी टैक्स फाइलिंग के लिए बेहद जरूरी है। इसे डाउनलोड करने के लिए ई-फाइलिंग पोर्टल में लॉगिन करें। इसके बाद e-File सेक्शन में जाकर Income Tax Returns पर क्लिक करें और View Form 26AS चुनें। इसके बाद आप TRACES पोर्टल पर पहुंच जाएंगे, जहां शर्तें स्वीकार करने के बाद संबंधित असेसमेंट ईयर चुनकर इसे डाउनलोड किया जा सकता है। FY 2025-26 के लिए AY 2026-27 चुनना होगा।
AIS का पासवर्ड क्या होता है?
AIS की PDF फाइल पासवर्ड से सुरक्षित होती है। इसे खोलने के लिए आपका PAN (छोटे अक्षरों में) और जन्मतिथि DDMMYYYY फॉर्मेट में लिखनी होती है। उदाहरण के लिए PAN अगर abcd1234e है और जन्मतिथि 1 जनवरी 2001 है, तो पासवर्ड होगा abcd1234e01012001।
ITR भरने से पहले क्या जांचें?
ITR भरने से पहले AIS और Form 26AS में दी गई जानकारी को अपनी सैलरी स्लिप, बैंक स्टेटमेंट और निवेश रिकॉर्ड से मिलान जरूर करें। अगर कोई गलती, डुप्लिकेट एंट्री या गलत जानकारी मिले, तो AIS पोर्टल पर फीडबैक देकर उसे ठीक कराया जा सकता है। एक्सपर्ट्स का मानना है कि अब टैक्स विभाग AIS डेटा के आधार पर जांच और नोटिस भेज रहा है। इसलिए सही जानकारी के साथ ITR फाइल करना बेहद जरूरी है।
