IREDA Results: सार्वजनिक क्षेत्र की भारतीय अक्षय ऊर्जा विकास एजेंसी (इरेडा) का शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष की जून तिमाही में 30 फीसदी से अधिक बढ़कर 383.69 करोड़ रुपये रहा। कंपनी ने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि एक साल पहले की समान तिमाही में उसे 294.58 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था।
इरेडा की परिचालन आय अप्रैल-जून तिमाही में बढ़कर 1,501.71 करोड़ रुपये रही जो एक साल पहले इसी तिमाही में 1,143.50 करोड़ रुपये थी। हरित वित्त पोषण से जुड़ी देश की प्रमुख गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी (एनबीएफसी) इरेडा ने कहा कि तिमाही खत्म होने के केवल 12 दिनों के भीतर ऑडिट वित्तीय परिणाम को प्रकाशित कर उसने उद्योग के लिए नया मानक स्थापित किया है।
कंपनी की गैर-निष्पादित परिसंपत्ति वित्त वर्ष 2024-25 की पहली तिमाही में घटकर 0.95 फीसदी रही। एक साल पहले की इसी तिमाही में यह 1.61 फीसदी थी।
कंपनी की शुद्ध संपत्ति 30 जून, 2024 को समाप्त तिमाही में 44.83 फीसदी बढ़कर 9,110.19 करोड़ रुपये रही जो एक साल पहले इसी तिमाही में 6,290.40 करोड़ रुपये थी।
IREDA Share Price Today - मल्टीबैगर रिटर्न देने वाला Stock!
IREDA का शेयर 12 जुलाई के कारोबार में 0.37 फीसदी के तेजी के साथ बंद हुआ। शेयर ने जबरदस्त तेजी के साथ 304.60 रुपये का नया हाई लेवल बनाया। शेयर में पिछले दिनों से शानदार बढ़त देखने को मिली है। बीएसई पर IREDA के शेयर का 52 हफ्तों का निचला स्तर 49.99 रुपये है। PSU कंपनी IREDA का मार्केट कैप 76,507.22 करोड़ रुपये है।
IREDA Share Price History
IREDA के शेयर में पिछले 1 महीने में 57.73 फीसदी की बढ़त देखी गई हैं, वहीं पिछले 6 महीने में शेयरों ने 133 फीसदी की जबरदस्त बढ़त दर्ज की है। पिछले 1 साल में IREDA के शेयरों में लगभग 373 फीसदी की बढ़त दर्ज हुई है और YTD आधार पर कंपनी के शेयर ने 171 फीसदी का मल्टीबैगर रिटर्न दिया है।
डिस्क्लेमर : इक्विटी मार्केट में जोखिम होता है, इसलिए निवेश अपने जोखिम पर करें। निवेश करने से पहले एक्सपर्ट की राय जरूर लें। यहां पर दी गई सलाह ईटी नाउ स्वदेश की रिपोर्ट के आधार पर है और शेयर पर राय ईटी नाउ स्वदेश को मार्केट एक्सपर्ट द्वारा दी गई जानकारी पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत डॉट कॉम निवेश पर अपनी कोई सलाह नहीं दे रहा है।
