मुंबई: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की शीर्ष क्रम की बल्लेबाज पूनम राउत ने गुरुवार को तत्काल प्रभाव से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास लेने की घोषणा की। सैंतीस वर्षीय पूनम ने 2009 से 2021 के बीच भारत के लिए चार टेस्ट, 73 वनडे और 35 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले। पूनम ने अपने इंस्टाग्राम पेज पर एक पोस्ट में कहा,'काफी सोच-विचार और आत्ममंथन के बाद मैंने खेल के सभी प्रारूपों से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहने का फैसला किया है।'
उन्होंने कहा, 'भारत का प्रतिनिधित्व करना मेरे जीवन का सबसे बड़ा सम्मान रहा है। क्रिकेट मेरे लिए सिर्फ एक खेल नहीं रहा, बल्कि इसने मेरे व्यक्तित्व को निखारा, मुझे मुश्किल परिस्थितियों में डटे रहना सिखाया और ऐसी यादें दीं, जिन्हें मैं हमेशा संजोकर रखूंगी। मैंने जब भी भारतीय जर्सी पहनी, हर बार इसे अपार गर्व और कृतज्ञता के साथ पहना।'
भारतीय जर्सी पहनना था मेरा सपना
पूनम ने कहा, 'भारतीय जर्सी पहनना मेरा सपना था जो हकीकत में बदला। मुझे जो भरोसा और समर्थन मिला, मैं हमेशा उसके लिए आभारी रहूंगी।' पूनम ने अपने करियर को संवारने में घरेलू टीम के योगदान को भी याद किया। उन्होंने कहा, 'अपने शुरुआती वर्षों में मुझ पर भरोसा जताने के लिए मैं मुंबई क्रिकेट संघ की दिल से आभारी हूं। वहां मिले मौकों और मार्गदर्शन ने मेरे क्रिकेट करियर की नींव रखी।'
ऐसा रहा पूनम राउत का करियर
पूनम राउत भारतीय महिला टीम का तीनों फॉर्मेट में प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने करियर में खेले चार टेस्ट मैचों में 264 रन, 73 वनडे मैचों में 2299 रन और 35 T20 मैचों में 719 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 19 अर्धशतक और चार शतक जड़े, जिसमें 2014 में मैसूर में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट मैच में खेली 130 रन की पारी भी शामिल है जो उनके अंतरराष्ट्रीय करियर का सर्वोच्च स्कोर रहा।
(भाषा इनपुट के साथ)
