Amazon India AI Investment Plan : भारत के डिजिटल इकोसिस्टम पर दुनिया की सबसे बड़ी टेक कंपनियों का भरोसा लगातार बढ़ रहा है। इसी कड़ी में Amazon ने भारत के लिए अब तक की सबसे बड़ी निवेश योजनाओं में से एक का ऐलान किया है। कंपनी के CEO एंडी जैसी ने कहा है कि Amazon वर्ष 2030 तक भारत में अतिरिक्त 48 अरब डॉलर (करीब ₹4 लाख करोड़) का निवेश करेगा। इस निवेश का बड़ा हिस्सा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), क्लाउड कंप्यूटिंग, डेटा सेंटर, ई-कॉमर्स इंफ्रास्ट्रक्चर और क्विक कॉमर्स के विस्तार पर खर्च किया जाएगा। जस्सी ने गुरुवार 25 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की, जिसके बाद उन्होंने अमेजन के भारत में निवेश की योजनाओं का ऐलान किया।
अमेजन का कुल निवेश 90 अरब डॉलर पार
इस नए निवेश के बाद पिछले दो दशकों में भारत के लिए Amazon की कुल निवेश प्रतिबद्धता करीब 90 अरब डॉलर तक पहुंच जाएगी। एंडी जैसी ने कहा कि भारत दुनिया के सबसे तेजी से बढ़ते डिजिटल बाजारों में शामिल है और कंपनी यहां लंबी अवधि के लिए बड़े पैमाने पर निवेश जारी रखेगी।
कंपनी के मुताबिक, 48 अरब डॉलर के निवेश में से 21 अरब डॉलर Amazon Web Services (AWS) के जरिए क्लाउड और AI इंफ्रास्ट्रक्चर पर खर्च किए जाएंगे। इसके तहत मुंबई और हैदराबाद में डेटा सेंटर क्षमता बढ़ाई जाएगी, ताकि भारतीय कंपनियों और सरकारी संस्थानों को बेहतर क्लाउड और AI सेवाएं मिल सकें। बाकी निवेश ई-कॉमर्स नेटवर्क, लॉजिस्टिक्स, वेयरहाउस, लास्ट-माइल डिलीवरी और क्विक कॉमर्स कारोबार को मजबूत करने में लगाया जाएगा।
AI पर अमेजन का बड़ा दांव
AI के क्षेत्र में भी Amazon भारत पर बड़ा दांव लगा रहा है। कंपनी ने सरकार के सहयोग से भारतीय स्टार्टअप्स के लिए 8,500 GPU उपलब्ध कराए हैं, ताकि वे बड़े AI मॉडल विकसित कर सकें। इसके अलावा Amazon अब तक देश में 1 करोड़ लोगों को क्लाउड कंप्यूटिंग और AI से जुड़ी ट्रेनिंग दे चुका है। कंपनी भारत में AI और क्विक कॉमर्स से जुड़ी टेक कंपनियों के अधिग्रहण की संभावनाओं पर भी नजर बनाए हुए है।
30 लाख लोगों को दिया रोजगार
Amazon ने भारत में अपने कारोबार के प्रभाव के भी आंकड़े भी साझा किए हैं। इन आंकड़ों के मुताबिक कंपनी के प्लेटफॉर्म पर 17 लाख से अधिक सेलिंग पार्टनर्स सक्रिय हैं, जबकि 1.2 करोड़ छोटे और मध्यम कारोबारों को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ने में मदद मिली है। Amazon का दावा है कि उसके कारोबार से देश में 30 लाख प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार सृजित हुए हैं। इसके अलावा भारतीय विक्रेताओं ने Amazon के जरिए अब तक 20 अरब डॉलर से अधिक का सामान वैश्विक बाजारों में निर्यात किया है।
क्विक कॉमर्स तेजी से बढ़ा
एंडी जैसी ने कहा कि भारत में क्विक कॉमर्स तेजी से बढ़ रहा है और Amazon भी इस क्षेत्र में आक्रामक विस्तार कर रहा है। कंपनी के अनुसार, उसकी क्विक कॉमर्स सेवा पर हर तिमाही बिकने वाले उत्पादों की संख्या दोगुनी हो रही है। आने वाले समय में इसे 300 से अधिक शहरों तक पहुंचाने की योजना है। वहीं, इस सेवा का उपयोग करने वाले Prime सदस्य पहले की तुलना में तीन गुना अधिक खरीदारी कर रहे हैं।
TIMES NOW Navbharat पर यह भी पढ़ें : AI की 'चोरी' कर रहा चीन! Anthropic ने चीनी टेक दिग्गज अलीबाबा पर लगाए गंभीर आरोप
