Investment for Beginners: आज के समय में निवेश केवल अमीर लोगों तक सीमित नहीं रह गया है। अब कोई भी व्यक्ति कम पैसे से भी निवेश की शुरुआत कर सकता है। सही जानकारी और योजना के साथ छोटी रकम से किया गया निवेश भी भविष्य में बड़ा फंड बना सकता है। भारत में निवेश से जुड़े नियमों और बाजार की निगरानी Securities and Exchange Board of India यानी सेबी द्वारा की जाती है, जबकि शेयरों की खरीद-बिक्री National Stock Exchange of India और Bombay Stock Exchange जैसे प्लेटफॉर्म पर होती है। इस आर्टिकल में यही बताने जा रहे हैं कि आप कम पैसे से निवेश कैसे शुरू कर सकते हैं -
आय और खर्च का आकलन
सबसे पहले निवेश शुरू करने के लिए जरूरी है कि आप अपनी आय और खर्च का सही आकलन करें। हर महीने अपनी कमाई में से थोड़ी-सी राशि अलग रखें। भले ही यह राशि 500 या 1000 रुपए ही क्यों न हो, लेकिन नियमित निवेश करने से समय के साथ अच्छा रिटर्न मिल सकता है।
एसआईपी से करें शुरुआत
कम पैसे से निवेश शुरू करने का सबसे आसान तरीका म्यूचुअल फंड की एसआईपी (SIP) है। इसमें आप हर महीने छोटी-छोटी रकम निवेश कर सकते हैं। बाजार क्रैश हो रहा है ऐसे में यह SIP शुरू करने का बेस्ट टाइम हो सकता है। कई म्यूचुअल फंड कंपनियां 500 रुपए से भी एसआईपी शुरू करने की सुविधा देती हैं। यह तरीका खासकर उन लोगों के लिए अच्छा है जो निवेश में नए हैं और जोखिम कम रखना चाहते हैं।
शेयर बाजार भी है विकल्प
इसके अलावा आप शेयर बाजार में भी छोटी रकम से निवेश शुरू कर सकते हैं। इसके लिए आपको एक डिमैट और ट्रेडिंग अकाउंट की जरूरत होती है। आजकल कई ऑनलाइन प्लेटफॉर्म कम फीस में यह सुविधा देते हैं, जिससे छोटे निवेशक भी आसानी से बाजार में प्रवेश कर सकते हैं।
जल्दबाजी में न लें फैसला
कम पैसे से निवेश करते समय एक महत्वपूर्ण बात है कि जल्दबाजी में फैसले न लें। किसी भी निवेश विकल्प के बारे में अच्छी तरह जानकारी लें और फिर ही पैसा लगाएं। केवल दूसरों की सलाह या अफवाहों के आधार पर निवेश करना नुकसानदायक हो सकता है। आपको यहां समझने की जरूरत है कि नियमित निवेश के साथ-साथ धैर्य रखना भी जरूरी है। निवेश का असली फायदा लंबी अवधि में मिलता है। अगर आप लगातार छोटे-छोटे निवेश करते रहेंगे तो कुछ सालों में यह एक बड़ी राशि में बदल सकता है।
निवेश का उद्देश्य भी समझें
यह भी जानें कि निवेश का उद्देश्य केवल पैसा बढ़ाना ही नहीं बल्कि भविष्य को सुरक्षित बनाना भी है। इसलिए कम पैसे से भी निवेश शुरू करना एक समझदारी भरा कदम हो सकता है, जो आपको आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में मदद करता है।
