SpaceX IPO Investment Guide for Indian Investors: दुनिया के सबसे अमीर और चर्चित कारोबारी एलन मस्क (Elon Musk) इतिहास रचने जा रहे हैं। मस्क की एयरोस्पेस और सैटेलाइट कम्युनिकेशन्स कंपनी SpaceX IPO आ चुका है। कंपनी जल्द ही अमेरिकी बाजार में लिस्ट होने जा रही है। SpaceX IPO के जरिये करीब 75 अरब डॉलर जुटा रही है। वहीं, IPO के हिसाब कंपनी का अनुमानित वैल्यूएशन $1.75 ट्रिलियन (करीब ₹145 लाख करोड़ रुपये) आंकी गई है। यह इतिहास का सबसे बड़े IPO है, जो SpaceX को रातों रात दुनिया की सबसे मूल्यवान लिस्टेड कंपनियों की कतार में खड़ा कर देगा। अमेरिकी बाजारों में यह शेयर 12 जून 2026 को 'SPCX' टिकर सिंबल के तहत लिस्ट होने जा रहा है।
क्या भारत से किया जा सकता है निवेश?
SpaceX IPO के साथ ही कंपनी के वैल्यूएशन और ग्रोथ को लेकर भी खूब चर्चा है। कई दिग्गज निवेशकों और एनालिस्टों का मानना है कि स्पेसएक्स लिस्टिंग के बाद भी तेजी से बढ़ेगी और इसका वैल्यूएशन 30 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच सकता है। इस लिहाज से यह एक मल्टीबैगर रिटर्न देने वाला स्टॉक बन सकता है। ऐसे में हर कोई जानना चाहता है कि भारत में बैठे-बैठे एलन मस्क की इस कंपनी के शेयर कैसे खरीदे जा सकते हैं। आइए जानते हैं वो आसान रास्ता जिसके जरिए आप इस बड़े मौके का फायदा उठा सकते हैं।
नैस्डैक-100 (Nasdaq-100) बनेगा निवेश का जरिया
भारतीय निवेशकों के लिए SpaceX में पैसे लगाने का सबसे सुरक्षित और अप्रत्यक्ष (Indirect) रास्ता Nasdaq-100 इंडेक्स से होकर गुजरता है। नैस्डैक-100 में फिलहाल एपल (Apple), माइक्रोसॉफ्ट (Microsoft), एनवीडिया (Nvidia), अमेजन (Amazon) और मेटा (Meta) जैसी दुनिया की सबसे बड़ी टेक और ग्रोथ-ओरिएंटेड कंपनियां शामिल हैं। लिस्टिंग के बाद स्पेसएक्स को जल्द ही नैस्डैक-100 इंडेक्स में शामिल किया जा सकता है।
इंडेक्स के नियमों के मुताबिक जैसे ही स्पेसएक्स इस बेंचमार्क इंडेक्स का हिस्सा बनेगी, इस इंडेक्स को ट्रैक करने वाले सभी पैसिव फंड्स और ईटीएफ (ETF) के लिए स्पेसएक्स के शेयर खरीदना कानूनी रूप से अनिवार्य हो जाएगा। इसका मतलब है कि अगर आप नैस्डैक-100 को ट्रैक करने वाले भारतीय फंड्स में निवेश करते हैं, तो आपको मस्क की कंपनी में ऑटोमैटिक हिस्सेदारी मिल जाएगी।
ये हैं भारत के वो 5 म्यूचुअल फंड्स, जो बनाएंगे स्पेसएक्स में हिस्सेदार
भारत में5 ऐसी म्यूचुअल फंड स्कीम्स हैं, जो नैस्डैक-100 टोटल रिटर्न इंडेक्स (Nasdaq-100 TRI) को हूबहू ट्रैक करती हैं। इनमें से तीन फंड्स तो ₹1,000 करोड़ से ज्यादा का एसेट संभाल रहे हैं। आइए देखते हैं इनका पूरा रिपोर्ट कार्ड:
1. Motilal Oswal Nasdaq 100 Fund of Fund
लॉन्च: नवंबर 2018 (इस कैटेगरी का सबसे पुराना और भरोसेमंद फंड)
AUM (कुल संपत्ति): ₹12,814 करोड़
सालाना रिटर्न (CAGR): शुरुआत से अब तक 28.96% का दमदार रिटर्न।
2. ICICI Prudential NASDAQ 100 Index Fund
लॉन्च: 18 अक्टूबर 2021
AUM (कुल संपत्ति): ₹3,254 करोड़
सालाना रिटर्न (CAGR): शुरुआत से अब तक 20.71% का रिटर्न।
3. Navi Nasdaq100 US Specific Equity Passive Fund of Fund
लॉन्च: मार्च 2022
AUM (कुल संपत्ति): ₹1,179 करोड़
सालाना रिटर्न (CAGR): शुरुआत से अब तक 24.20% का रिटर्न।
4. Invesco India – Invesco EQQQ Nasdaq-100 ETF Fund of Fund
लॉन्च: 21 अप्रैल 2022
AUM (कुल संपत्ति): ₹445 करोड़
सालाना रिटर्न (CAGR): शुरुआत से अब तक 26.27% का रिटर्न।
5. Axis Nasdaq 100 US Specific Equity Passive Fund of Fund
लॉन्च: 1 नवंबर 2022
AUM (कुल संपत्ति): ₹208 करोड़
सालाना रिटर्न (CAGR): शुरुआत से अब तक सबसे ज्यादा 35.03% का रिटर्न।
कैसा रहा है नैस्डैक-100 इंडेक्स का प्रदर्शन?
अगर आप अमेरिकी बाजार की ताकत को समझना चाहते हैं, तो नैस्डैक-100 के आंकड़े गवाह हैं। 9 जून 2026 तक के आंकड़ों के हिसाब से देखें, तो इस इंडेक्स ने पिछले एक साल में 35.16% से ज्यादा का रिटर्न दिया है। वहीं, साल 2026 (YTD) का रिटर्न 16% से ज्यादा है। जबकि, पिछले 3 साल का रिटर्न 26.60% (CAGR) रहा है। जबकि, पिछले 5 साल का रिटर्न 16.31% (CAGR) रहा है।
क्या है रेगुलेटरी पेच?
SpaceX में निवेश करने की सोच रहे भारतीय रिटेल निवेशकों के लिए एक अहम तकनीकी बात जानना जरूरी है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) और सेबी (SEBI) की तरफ से विदेशी निवेश की सीमा (Overseas Investment Limits) खत्म होने के कारण फिलहाल ज्यादातर भारतीय म्यूचुअल फंड स्कीम्स में नया एकमुश्त (Lumpsum) निवेश या नई एसआईपी (SIP) अस्थायी रूप से बंद हैं या सीमित की गई हैं।
सीधे कर सकते हैं निवेश
SpaceX IPO या स्टॉक में आप सीधा निवेश करना चाहते हैं, तो RBI की एलआरएस (LRS - Liberalised Remittance Scheme) के तहत अंतरराष्ट्रीय ब्रोकिंग एप्स जैसे INDmoney, Vested या Groww के जरिये सीधे अमेरिकी शेयर बाजार में खाता खोलकर लिस्टिंग के दिन (12 जून) या उसके बाद स्पेसएक्स (SPCX) के शेयर सीधे खरीद सकते हैं।
डिस्क्लेमर: TimesNow Navbharat किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है। यहां पर केवल जानकारी दी गई है। निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें।
