बिजनेस

क्रिप्टो से कमाई का पूरा खेल, सही तरीका जान लिया तो बदल सकती है किस्मत

नए निवेशकों के लिए सबसे अहम नियम है अपनी पूंजी की सुरक्षा। शुरुआत में ज्यादा मुनाफे के लालच में बड़ी रकम लगाना नुकसानदायक हो सकता है। क्रिप्टो बाजार में कीमतों में तेज उतार-चढ़ाव आम बात है, इसलिए शुरुआत हमेशा छोटी रकम से करें। ऐसे में आइए आपको शुरुआत से बताते हैं कि आप कैसे क्रिप्टो से कमाई कर सकते हैं?

Image

Crypto currency

बीते तीन वर्षों से भारत क्रिप्टो अपनाने के मामले में दुनिया के अग्रणी देशों में शामिल है। यह साफ दिखाता है कि भारतीय निवेशकों में वर्चुअल डिजिटल एसेट्स को लेकर रुचि लगातार बढ़ रही है। हालांकि, इस बढ़ती दिलचस्पी के बावजूद बड़ी संख्या में लोग यह नहीं जानते कि क्रिप्टो में निवेश की सही शुरुआत कैसे की जाए। चेनालिसिस की रिपोर्ट के मुताबिक, क्रिप्टो निवेश पहली बार करने वालों के लिए मौके बहुत बड़े हैं, लेकिन जोखिम और जटिलताएं भी उतनी ही हैं। बिना किसी स्पष्ट योजना और अनुशासन के इस बाजार में कदम रखना समझदारी नहीं है। अगर आपका उद्देश्य सट्टेबाजी से आगे बढ़कर सोच-समझकर निवेश करना है, तो नीचे दिए गए बिंदु आपको एक जिम्मेदार और सुरक्षित शुरुआत करने में मदद करेंगे।

खुद से रिसर्च करना क्यों जरूरी है

किसी भी निवेश से पहले उस एसेट को समझना बेहद जरूरी होता है, और क्रिप्टो इसमें कोई अपवाद नहीं है। क्रिप्टो की दुनिया सिर्फ बिटकॉइन तक सीमित नहीं है, इसमें टोकन, एनएफटी, ब्लॉकचेन टेक्नोलॉजी और कई सेक्टर शामिल हैं। सही जानकारी होने से आप भावनाओं में बहने के बजाय समझदारी से फैसले ले पाते हैं। इसके लिए अलग-अलग प्रोजेक्ट्स के व्हाइटपेपर पढ़ें, भरोसेमंद न्यूज प्लेटफॉर्म्स और ब्लॉग्स फॉलो करें और अफवाहों से दूरी बनाकर रखें।

छोटी रकम से करें शुरुआत

नए निवेशकों के लिए सबसे अहम नियम है अपनी पूंजी की सुरक्षा। शुरुआत में ज्यादा मुनाफे के लालच में बड़ी रकम लगाना नुकसानदायक हो सकता है। क्रिप्टो बाजार में कीमतों में तेज उतार-चढ़ाव आम बात है, इसलिए शुरुआत हमेशा छोटी रकम से करें।

थोड़ा-थोड़ा निवेश करने से आप बाजार की चाल समझ पाते हैं और बिना तनाव के अनुभव हासिल कर सकते हैं। शुरुआती दौर में आपका लक्ष्य सीखना होना चाहिए, न कि तुरंत अमीर बनना।

डाइवर्सीफाइड क्रिप्टो पोर्टफोलियो बनाएं

कॉइनडीसीएक्स के , सह-संस्थापक, सुमित गुप्ता के मुताबिक कभी भी सारा पैसा एक ही एसेट में निवेश न करें। यह नियम क्रिप्टो में और भी ज्यादा जरूरी हो जाता है। शुरुआत में बिटकॉइन और इथेरियम जैसे स्थापित और ज्यादा लिक्विड कॉइन्स में निवेश करना समझदारी है। इसके बाद, अपनी जोखिम क्षमता के अनुसार DeFi, गेमिंग या AI आधारित टोकन्स में थोड़ा हिस्सा लगाया जा सकता है। इससे अगर कोई एक निवेश कमजोर प्रदर्शन करता है, तो पूरा पोर्टफोलियो प्रभावित नहीं होता।

नए निवेशकों के लिए सही एक्सचेंज चुनना सबसे पहला और अहम कदम होता है। भारत में निवेश करने से पहले यह जरूर जांचें कि एक्सचेंज FIU-IND में रजिस्टर्ड है या नहीं। इससे यह सुनिश्चित होता है कि प्लेटफॉर्म भारतीय नियमों का पालन करता है।

इसके अलावा, एक्सचेंज की सुरक्षा व्यवस्था, लिक्विडिटी, फीस स्ट्रक्चर और कस्टमर सपोर्ट भी जांचना जरूरी है। हमेशा आधिकारिक ऐप स्टोर से ही ऐप डाउनलोड करें।

क्रिप्टो निवेश में सुरक्षा बेहद जरूरी है। मजबूत पासवर्ड, टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन और संदिग्ध लिंक्स से दूरी आपको बड़े नुकसान से बचा सकती है। सोशल मीडिया पर आने वाले गारंटीड रिटर्न वाले मैसेज और फर्जी प्रोफाइल्स से सावधान रहें। कोई भी असली प्लेटफॉर्म या एक्सपर्ट आपको डायरेक्ट मैसेज में निवेश सलाह नहीं देता।

टैक्स और नियमों की पूरी जानकारी रखें

भारत में क्रिप्टो पर टैक्स के नियम अलग हैं। क्रिप्टो से होने वाले मुनाफे पर 30 प्रतिशत टैक्स और हर ट्रांजेक्शन पर 1 प्रतिशत TDS लागू होता है। नुकसान को सेट-ऑफ करने की अनुमति नहीं है।

इसी वजह से हमेशा ऐसे एक्सचेंज का चुनाव करें जो टैक्स कटौती और रिपोर्टिंग में पारदर्शिता रखता हो। टैक्स से बचने के चक्कर में गैर-रजिस्टर्ड प्लेटफॉर्म्स का इस्तेमाल भविष्य में बड़ी परेशानी खड़ी कर सकता है।

क्रिप्टो बाजार छोटी अवधि में काफी अस्थिर हो सकता है। इसलिए रोजाना कीमत देखने के बजाय लंबे समय के रुझानों और टेक्नोलॉजी के विकास पर ध्यान दें। अपने पोर्टफोलियो को समय-समय पर ट्रैक करें और धैर्य बनाए रखें। सफल क्रिप्टो निवेश का राज जल्दबाजी नहीं, बल्कि अनुशासन और निरंतरता है।

Richa Tripathi
रिचा त्रिपाठीauthor

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिचा, पर्सनल फाइनेंस, स्टॉक मार्केट, टैक्स प्लानिंग और अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। अब तक 8,000 से अधिक कंटेंट लिख चुकी रिचा की विशेषता है—जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और भरोसेमंद तरीके से पाठकों तक पहुंचाना। वह ऐसी स्टोरीज तैयार करती हैं जो न केवल जानकारीपूर्ण होती हैं, बल्कि आम पाठक की वित्तीय समझ को बेहतर बनाने में भी मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article