स्पोर्ट्स

पूर्व कप्तान असुंता लाकड़ा द्वारा हॉकी इंडिया प्रमुख भोला नाथ सिंह पर लगाए गए यौन उत्पीड़न के आरोपों की होगी जांच, IOA ने समिति का गठन किया

Asunta Lakra Case: भारतीय महिला हॉकी टीम की पूर्व कप्तान असुंता लाकड़ा द्वारा हॉकी इंडिया प्रमुख भोला नाथ सिंह पर लगाए गए यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोपों की अब जांच शुरू होगी। आईओए ने एक स्वतंत्र जांच समिति का गठन किया है जिसकी अध्यक्ष्ता रिटायर्ड हाई कोर्ट जज दीपा शर्मा करेंगी।

Image

असुंता लाकड़ा

Photo : ANI

इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन (IOA) ने हॉकी इंडिया के सेक्रेटरी भोला नाथ सिंह के खिलाफ महिला टीम की पूर्व कप्तान असुंता लाकड़ा द्वारा लगाए गए यौन उत्पीड़न के आरोपों की जांच के लिए रिटायर्ड हाई कोर्ट जज दीपा शर्मा की अध्यक्षता में चार सदस्यों वाली एक स्वतंत्र जांच समिति बनाई है। खेल मंत्रालय के निर्देश पर बनी इस समिति में पूर्व ट्रैक-एंड-फील्ड एथलीट वंदना राव, महिला हॉकी टीम की पूर्व कप्तान ममता खरब और वकील सितवत नबी सदस्य के तौर पर शामिल हैं।

आसुंता लाकड़ा, जो हॉकी इंडिया के एग्जीक्यूटिव बोर्ड की सदस्य भी हैं, ने सिंह पर उन्हें धमकाने और परेशान करने का आरोप लगाया था। यह आरोप तब लगाया गया जब उन्होंने झारखंड में स्थानीय कोच सुधीर गोला द्वारा लड़कियों के कथित यौन उत्पीड़न पर आपत्ति जताई थी। हॉकी इंडिया को समिति के मानदेय, यात्रा, रहने की व्यवस्था और अन्य खर्चों से जुड़े सभी ज़रूरी भुगतान करने का निर्देश दिया गया है।

IOA की प्रेसिडेंट पीटी उषा ने हॉकी इंडिया को लिखे पत्र में कहा, "हॉकी इंडिया से यह भी अनुरोध किया जाता है कि वह समिति को पूरा सहयोग दे और यह सुनिश्चित करे कि सभी ज़रूरी दस्तावेज़, जानकारी और अन्य आवश्यक सहायता समिति को समय पर उपलब्ध कराई जाए..." हॉकी इंडिया और लाकड़ा के बीच विवाद तब और बढ़ गया जब नेशनल फेडरेशन की एथिक्स कमेटी ने पूर्व कप्तान को 'कारण बताओ नोटिस' जारी किया और उनके खिलाफ जांच शुरू की। उन पर झारखंड की ही युवा खिलाड़ी अलबेला रानी टोप्पो को धमकाने का आरोप था।

टोप्पो ने आरोप लगाया था कि लाकड़ा ने उन्हें डराने-धमकाने की कोशिश की और बिना किसी ठोस वजह के उनका करियर खत्म करने की धमकी भी दी। इसके जवाब में, लाकड़ा ने हॉकी इंडिया की कार्रवाई को "लगातार डराने-धमकाने और बदले की भावना से की गई कार्रवाई" बताया और खेल मंत्री मनसुख मंडाविया से दखल देने और उनके खिलाफ एथिक्स कमेटी की जांच रोकने की अपील की। यह सब तब हुआ जब खेल मंत्रालय ने IOA से लाकड़ा के यौन उत्पीड़न के आरोपों की जांच के लिए एक स्वतंत्र समिति बनाने को कहा था।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article