बिजनेस

Gold vs Real Estate: लॉन्ग टर्म में किस निवेश पर मिलेगा ज्यादा रिटर्न?

Gold vs Real Estate: अगर आप निवेश के लिए बेहतर विकल्प तलाश रहे हैं तो ये खबर आपके काम की साबित हो सकती है। गोल्ड और रियल एस्टेट दोनों ही निवेश के लिहाज से बेहतर विकल्प हैं लेकिन लॉन्ग टर्म में आपको कौन ज्यादा फायदा देगा ये जानना जरुरी है।

Image

Gold vs Real Estate

निवेश की दुनिया में आज कई विकल्प मौजूद हैं, लेकिन गोल्ड और रियल एस्टेट दो ऐसे पारंपरिक निवेश हैं जिनकी लोकप्रियता कभी कम नहीं होती। दोनों ही लंबे समय से भरोसेमंद माने जाते हैं, लेकिन इनकी खासियत और जोखिम अलग-अलग हैं। गोल्ड ऐसा निवेश है जिसे आप किसी भी समय आसानी से खरीद या बेच सकते हैं। बाजार में उतार-चढ़ाव के दौरान यह आपके निवेश पोर्टफोलियो को स्थिरता प्रदान करता है, हालांकि इससे नियमित आय नहीं होती। दूसरी ओर, रियल एस्टेट लंबी अवधि में बेहतर रिटर्न और किराए के रूप में अतिरिक्त कमाई देता है, लेकिन इसमें नकदी में बदलने की सुविधा कम होती है और खर्चे भी ज्यादा आते हैं। आइए जानते हैं, इन दोनों निवेश विकल्पों के फायदे और सीमाएं क्या हैं। आइए जानते हैं कि किसमें निवेश करना ज्यादा समझदारी भरा फैसला हो सकता है।

गोल्ड निवेश की खासियत

गोल्ड की सबसे बड़ी ताकत उसकी लिक्विडिटी (Liquidity) है यानी जरूरत पड़ने पर इसे तुरंत बेचा जा सकता है और नकद में बदला जा सकता है। यही वजह है कि यह निवेश पोर्टफोलियो को स्थिरता देता है। आजकल सोने में निवेश के कई आधुनिक तरीके भी आ गए हैं, जैसे SGB (Sovereign Gold Bond) और Gold ETF, जिनसे सोने को फिजिकली संभालने की झंझट नहीं रहती। आप चाहें तो डीमैट अकाउंट के जरिए भी गोल्ड ETF में निवेश कर सकते हैं। इसके अलावा, गोल्ड आर्थिक अनिश्चितता के समय में नुकसान से बचाने में मदद करता है।

गोल्ड की कमी

हालांकि, गोल्ड से नियमित इनकम नहीं होती। इसका रिटर्न तभी मिलता है जब इसकी कीमत बढ़ती है। फिजिकल गोल्ड को सुरक्षित रखना पड़ता है और उसमें पॉलिश या मेकिंग चार्ज जैसे खर्चे जुड़ जाते हैं। वहीं, SGB में पैसे कुछ सालों तक लॉक रहते हैं और ETF में मामूली मैनेजमेंट फीस भी लगती है।

रियल एस्टेट की ताकत

दूसरी तरफ, रियल एस्टेट (Real Estate) में निवेश से दो तरह की कमाई होती है एक तो हर महीने किराये की इनकम, और दूसरा समय के साथ प्रॉपर्टी की वैल्यू बढ़ने का फायदा। अगर कोई व्यक्ति 8–10 साल तक प्रॉपर्टी होल्ड रखता है, तो उसे अच्छे रिटर्न मिलने की संभावना रहती है। साथ ही, होम लोन की सुविधा से घर खरीदना अब आसान हो गया है। समय के साथ किराया बढ़ने से EMI का बोझ भी काफी हद तक कम हो जाता है।

क्या हैं लिमिटेशन

हालांकि, रियल एस्टेट की सबसे बड़ी कमी है कम लिक्विडिटी यानी इसे तुरंत नकद में नहीं बदला जा सकता। प्रॉपर्टी बेचने में समय लगता है और इसकी कीमत स्थानीय बाजार के हिसाब से तय होती है। इसके अलावा, प्रॉपर्टी टैक्स, सोसायटी चार्ज, मेंटेनेंस और रिपेयर जैसे अतिरिक्त खर्चे भी शामिल होते हैं।

आप किसे चुने?

अगर आपकी प्राथमिकता जल्दी पैसा निकालने की सुविधा (लिक्विडिटी) है, तो गोल्ड बेहतर विकल्प है। वहीं, अगर आप लंबी अवधि के लिए निवेश करना चाहते हैं और एक स्थायी एसेट बनाना चाहते हैं, तो रियल एस्टेट अधिक फायदेमंद साबित हो सकता है। होम लोन की EMI शुरू में थोड़ा बोझ डाल सकती है, लेकिन कुछ सालों बाद बढ़ता किराया इस बोझ को काफी हद तक संतुलित कर देता है।

Richa Tripathi
रिचा त्रिपाठीauthor

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिचा, पर्सनल फाइनेंस, स्टॉक मार्केट, टैक्स प्लानिंग और अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। अब तक 8,000 से अधिक कंटेंट लिख चुकी रिचा की विशेषता है—जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और भरोसेमंद तरीके से पाठकों तक पहुंचाना। वह ऐसी स्टोरीज तैयार करती हैं जो न केवल जानकारीपूर्ण होती हैं, बल्कि आम पाठक की वित्तीय समझ को बेहतर बनाने में भी मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article