बिजनेस

Digital Gold, गोल्ड बॉन्ड और Gold ETF में क्या है अंतर? निवेश से पहले जानें आपको कहां लगाना चाहिए पैसा?

हाल ही में सेबी ने डिजिटल गोल्ड में निवेश करने वालों को बड़ा झटका दिया है। मार्केट रेगुलेटर ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि डिजिटल गोल्ड या ई-गोल्ड पूरी तरह अनरेगुलेटेड हैं और इनमें निवेश करना जोखिम भरा हो सकता है। यानी अगर कोई कंपनी डिफॉल्ट करती है या प्लेटफॉर्म बंद हो जाता है, तो निवेशकों को कोई सुरक्षा नहीं मिलेगी।

Image

Gold Rate

हाल ही में मार्केट रेगुलेटर सेबी ने डिजिटल गोल्ड को लेकर निवेशकों को बड़ी चेतावनी दी है। सेबी ने कहा कि डिजिटल गोल्ड धोखा है, सेबी ने ऐसे निवेशकों को सख्त चेतावनी दी है कि डिजिटल गोल्ड या ई-गोल्ड जैसे प्रोडक्ट किसी भी सरकारी या सेबी रेगुलेशन के तहत नहीं आते। इसका मतलब ये है कि अगर किसी कंपनी ने निवेशकों का पैसा लौटाने से इनकार कर दिया या प्लेटफॉर्म बंद हो गया, तो निवेशकों को कोई सुरक्षा नहीं मिलेगी। सेबी की चेतावनी के बाद से ही निवेशकों के मन में कई तरह के सवाल उठ रहे हैं कि क्या डिजिटल गोल्ड और Gold ETF एक ही हैं? तो आइए आपको बताते हैं कि दोनों में क्या अंतर है?

दरअसल, आजकल लोग डिजिटल गोल्ड और गोल्ड ETF में जमकर निवेश बढ़ा रहे हैं ऐसे में इनके बीच में अंतर जानना बहुत ही जरुरी हो गया है। आज के समय में सोना सिर्फ गहनों या सिक्कों के रूप में नहीं, बल्कि निवेश के डिजिटल और फाइनेंशियल विकल्पों के रूप में भी तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। तीनों ही विकल्पों से आप सोने की कीमतों में होने वाले बदलाव का फायदा उठा सकते हैं, लेकिन इनके काम करने का तरीका, रिटर्न और जोखिम अलग-अलग होते हैं।

क्या है डिजिटल गोल्ड?

डिजिटल सोना एक ऐसा निवेश विकल्प है जिसे आप पूरी तरह ऑनलाइन खरीद सकते हैं। इसमें आपको फिजिकल सोना रखने या उसकी सुरक्षा की चिंता करने की जरूरत नहीं होती, क्योंकि खरीदा गया सोना आपके नाम पर सुरक्षित और इंश्योर्ड वॉल्ट में रखा जाता है। बस आपके पास इंटरनेट और मोबाइल बैंकिंग की सुविधा होनी चाहिए, जिससे आप कभी भी और कहीं से भी आसानी से निवेश कर सकते हैं। इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें कोई न्यूनतम निवेश सीमा नहीं होती आप चाहें तो ₹100 से भी कम रकम से शुरुआत कर सकते हैं।

₹1 से भी निवेश शुरू कर सकते हैं। जैसे ही आप पैसा लगाते हैं, उतनी मात्रा का सोना आपके नाम पर एक सेफ वॉल्ट में रखा जाता है। बाद में आप चाहें तो इसे बेच सकते हैं या फिजिकल गोल्ड के रूप में मंगवा सकते हैं। हालांकि, यह तरीका सेबी (SEBI) के नियमन के तहत नहीं आता, इसलिए इसमें जोखिम भी ज्यादा है। अगर कंपनी या प्लेटफॉर्म डिफॉल्ट करता है, तो निवेशक को नुकसान हो सकता है।

गोल्ड ETF क्या है?

वहीं गोल्ड ETF (एक्सचेंज ट्रेडेड फंड) एक रेगुलेटेड और सुरक्षित विकल्प है। यह सीधे सोने की कीमत को ट्रैक करता है और शेयर की तरह स्टॉक एक्सचेंज पर ट्रेड होता है। इसमें निवेश करने के लिए डीमैट अकाउंट की जरूरत होती है। इसका फायदा यह है कि इसमें फिजिकल गोल्ड की स्टोरेज की झंझट नहीं होती और रीयल टाइम में खरीद-बिक्री की जा सकती है। हालांकि, इसमें ब्रोकरेज चार्ज देना पड़ता है और मार्केट की समझ जरूरी होती है।

गोल्ड बॉन्ड क्या है?

तीसरा विकल्प है सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड (SGB), जो भारत सरकार और आरबीआई द्वारा जारी किए जाते हैं। इसमें फिजिकल सोना नहीं मिलता, बल्कि आपको एक प्रमाणपत्र (certificate) दिया जाता है। इस पर हर साल 2.5% ब्याज भी मिलता है और सोने की कीमत बढ़ने पर पूंजीगत लाभ भी होता है। इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह पूरी तरह सुरक्षित और टैक्स बेनिफिट वाला निवेश है। हालांकि, इसका लॉक-इन पीरियड लंबा होता है कम से कम 5 साल तक निवेश निकालना आसान नहीं होता।

Richa Tripathi
रिचा त्रिपाठीauthor

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिचा, पर्सनल फाइनेंस, स्टॉक मार्केट, टैक्स प्लानिंग और अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। अब तक 8,000 से अधिक कंटेंट लिख चुकी रिचा की विशेषता है—जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और भरोसेमंद तरीके से पाठकों तक पहुंचाना। वह ऐसी स्टोरीज तैयार करती हैं जो न केवल जानकारीपूर्ण होती हैं, बल्कि आम पाठक की वित्तीय समझ को बेहतर बनाने में भी मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article